बिजनेस

Zomato Share And Q4 Result: जोमैटो को 175 करोड़ का मुनाफा, शेयर ने बनाया रिकॉर्ड फिर गिरावट के साथ बंद

Zomato Share And Q4 Result: जोमैटो के शेयर सोमवार को नतीजे से पहले 207.30 रुपये की रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गए। लेकिन फिर टूटकर यह 186.90 रुपये तक आ गया था। और बाजार बंद होने पर 2.31 फीसदी की गिरावट के साथ 196.65 रुपये पर बंद हुए।

Image

ZOMATO SHARE AND RESULTS

Zomato Share And Q4 Result:ऑनलाइन ऑर्डर लेकर खाना पहुंचाने वाली कंपनी जोमैटो लिमिटेड ने बीते वित्त वर्ष (2023-24) की चौथी तिमाही में 175 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया है। कंपनी के लिए अच्छी खबर यह है कि न केवल उसने चौथी तिमाही में मुनाफा कमाया है, बल्कि पूरे वित्त वर्ष में उसे 351 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ है। वहीं अगर 2022-23 से तुलना की जाय तो उस अवधि में कंपनी को 971 करोड़ का शुद्ध नुकसान हुआ था। जबकि इसी अवधि के दौरान चौथी तिमाही में कंपनी को 188 करोड़ का शुद्ध नुकसान हुआ था। कंपनी के नतीजे से पहले जोमैटो के शेयर रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गए थे। हालांकि नतीजों के ऐलान के बाद शेयर में गिरावट आई और वह सोमवार को 2.31 फीसदी की गिरावट के साथ 196.65 रुपये पर बंद हुए।

कंपनी का कैसा रहा प्रदर्शन

बीते वित्त वर्ष की मार्च में समाप्त चौथी तिमाही 175 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ कमाया है। इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी को 188 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध घाटा हुआ था। समीक्षाधीन अवधि में कंपनी की एकीकृत परिचालन आय 3,562 करोड़ रुपये रही। इससे एक साल पहले की इसी अवधि में यह आंकड़ा 2,056 करोड़ रुपये था।

मार्च, 2024 को समाप्त तिमाही में कंपनी का कुल खर्च 3,636 करोड़ रुपये रहा, जो इससे पिछले साल की इसी अवधि में 2,431 करोड़ रुपये था।पूरे वित्त वर्ष 2023-24 में जोमैटो का एकीकृत शुद्ध लाभ 351 करोड़ रुपये रहा, जबकि इससे पिछले वित्त वर्ष में कंपनी को 971 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध घाटा हुआ था। वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी की एकीकृत परिचालन आय 12,114 करोड़ रुपये रही।

शेयर ने कैसा किया परफॉर्म

जोमैटो के शेयर सोमवार को नतीजे से पहले 207.30 रुपये की रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गए। लेकिन फिर टूटकर यह 186.90 रुपये तक आ गया था। और बाजार बंद होने पर 2.31 फीसदी की गिरावट के साथ 196.65 रुपये पर बंद हुए। जोमैटो ने पिछले एक महीने में 4.43 फीसदी का रिटर्न दिया है। जबकि छह महीने में 63.53 फीसदी का रिटर्न दिया है। वहीं एक साल में 208.71 फीसदी का रिटर्न दिया है।

Prashant Srivastav
प्रशांत श्रीवास्तवauthor

करीब 17 साल से पत्रकारिता जगत से जुड़ा हुआ हूं। और इस दौरान मीडिया की सभी विधाओं यानी टेलीविजन, प्रिंट, मैगजीन, डिजिटल और बिजनेस पत्रकारिता में काम करने का मौका मिला। इस समय Timesnowhindi.com में टीम लीड के रुप में बिजनेस, ऑटो, यूटीलिटी, टेक सेक्शन में अपना योगदान दे रहा हूं। करियर का पहला ब्रेक हैदराबाद स्थित मीडिया संस्थान ईटीवी से टेलीविजन के जरिए हुआ। यहां पर टेलीविजन पत्रकारिता की बारीकियों को समझने का मौका मिला। और उसके बाद अगला पड़ाव दिल्ली स्थित दैनिक भास्कर समूह का बिजनेस भास्कर रहा। यहां से बिजनेस पत्रकारिता में कदम रखा। और यह सफर वित्त मंत्रालय की रिपोर्टिंग से लेकर बैंकिंग, इंश्योरेंस, ऑटो, एफएमसीजी, एमएमएमई, टेलीकॉम सेक्टर की ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर कॉरपोरेट जगत की खबरें और इकोनॉमी से जुड़ी खबरों से गुजरते हुए अमर उजाला, मनी भास्कर वेबसाइट से होकर आउटलुक मैगजीन पहुंचा। यहां पर पॉलिटिकल खबरों को करने का मौका मिला। आउटलुक में रहते हुए भाजपा और कांग्रेस पार्टी को भी कवर किया। इस दौरान दिल्ली दंगों पर ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर सीएए आंदोलन, किसान आंदोलन और कृषि जगत, वाइल्ड लाइफ से जुड़ी ग्राउंड रिपोर्ट भी करने का मौका मिला। करियर के इस सफर में 2014 लोक सभा चुनाव, 2019 लोक सभा चुनाव, इसके अलावा उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव, राजस्थान विधान सभा, मध्य प्रदेश विधान सभा चुनाव की ग्राउंड रिपोर्ट भी की। पिछले 16 साल से केंद्रीय बजट की बारीकियों को समझकर उसे आम भाषा में लोगों तक पहुंचाने का भी प्रयास किया है। 17 साल के करियर में करीब 10 साल डिजिटल मीडिया का अनुभव रहा है। पिछले 3 साल से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। पत्रकारिता का ककहरा माखन लाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से सीखा है।

और पढ़ें
End of Article