बिजनेस

SBI की इस पैरेंट कंपनी में मिलेगा पैसा लगाने का मौका, बोर्ड से IPO लाने की मिली मंजूरी, जनें कब तक?

एसबीआई के चेयरमैन चल्ला श्रीनिवासुलु शेट्टी ने कहा कि SBIFML के वर्षों से निरंतर मजबूत प्रदर्शन और बाजार नेतृत्व को देखते हुए, यह IPO लाने का सही समय है। आईपीओ आम शेयरधारकों के लिए अवसर पैदा करेगा, बाजार में भागीदारी को व्यापक बनाएगा और निवेशकों के एक व्यापक समूह के लिए उत्पादों के बारे में जागरूकता बढ़ाएगा।

एसबीआई

एसबीआई

IPO News in Hindi: भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने गुरुवार को कहा कि उसने अपनी पैरेंट कंपनी एसबीआई फंड मैनेजमेंट लि. में आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO ) के माध्यम से लगभग छह प्रतिशत हिस्सेदारी के विनिवेश को मंजूरी दे दी है। एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट लि. (SBIFML) एसबीआई कार्ड्स और एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के बाद सूचीबद्ध होने वाली एसबीआई की तीसरी अनुषंगी कंपनी होगी। स्टॉक मार्केट के जानकारों का कहना है कि यह आईपीओ अगले साल की शुरुआत में आ सकता है। यानी जनवरी या फरवरी में यह आईपीओ खुल सकता है।

3.20 करोड़ शेयर बेचने की मंजूरी

देश के सबसे बड़े बैंक एसबीआई ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने आईपीओ के माध्यम से 3,20,60,000 इक्विटी शेयरों की बिक्री को मंजूरी दी है, जो (SBIFML) की कुल इक्विटी पूंजी के 6.3007 प्रतिशत के बराबर है। यह मंजूरी नियामकीय अनुमोदन पर निर्भर है। SBIFMLकी अन्य प्रवर्तक, अमुंडी इंडिया होल्डिंग, 1,88,30,000 इक्विटी शेयरों का विनिवेश करेगी। यह एसबीआईएफएमएल की कुल इक्विटी पूंजी के 3.7006 प्रतिशत के बराबर है। इसमें कुल मिलाकर 10.0013 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी, जिसमें 5,08,90,000 शेयर सूचीबद्ध होंगे।

1987 में कंपनी की हुई थी स्थापना

SBIFML के दोनों प्रवर्तकों ने संयुक्त रूप से आईपीओ लाने की प्रक्रिया शुरू की है, जिसके 2026 में पूरा होने की संभावना है।

एसबीआई म्यूचुअल फंड की स्थापना 1987 में एसबीआई के प्रायोजक के रूप में हुई थी और यह देश का पहला गैर-यूटीआई म्यूचुअल फंड था। एसबीआई फंड मैनेजमेंट लिमिटेड को 1992 में एसबीआई की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी के रूप में शामिल किया गया था, जो विभिन्न परिसंपत्ति वर्गों में निवेश समाधान प्रदान करने के लिए एसबीआई म्यूचुअल फंड के निवेश प्रबंधक के रूप में कार्य करती है।

वर्तमान में, एसबीआई और अमुंडी इंडिया होल्डिंग्स के पास SBIFML में क्रमशः 61.91 प्रतिशत और 36.36 प्रतिशत हिस्सेदारी है।

देश की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी

SBIFML देश की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी है जिसकी बाजार हिस्सेदारी 15.55 प्रतिशत है। 30 सितंबर, 2025 तक एसबीआई म्यूचुअल फंड की विभिन्न योजनाओं के तहत 11.99 लाख करोड़ रुपये की तिमाही औसत प्रबंधन अधीन परिसंपत्ति (वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही के लिए क्यूएएयूएम) और वैकल्पिक कोषों के तहत 16.32 लाख करोड़ रुपये की प्रबंधन अधीन परिसंपत्ति का प्रबंधन करती है।

लेटेस्ट न्यूज

आलोक कुमार
आलोक कुमार Author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभ... और देखें

End of Article