ATM Interchange Fee: भारत के एटीएम ऑपरेटरों ने कैश निकासी पर ग्राहकों द्वारा भुगतान किए जाने वाले इंटरचेंज शुल्क (Interchange Fee) में वृद्धि के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) और भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (NPCI) से संपर्क किया है। ईटी की रिपोर्ट के मुताबिक एटीएम इंडस्ट्री कॉन्फेडरेशन या CATMI चाहता है कि इस फीस को बढ़ाकर अधिकतम 23 रुपए प्रति लेनदेन किया जाए ताकि बिजनेस के लिए अधिक फंडिंग कमिटमेंट सुनिश्चित हो सके।
इंटरचेंज फीस 23 रुपये करने की मांग
एटीएम निर्माता एजीएस ट्रांजैक्ट टेक्नोलॉजीज के एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर स्टेनली जॉनसन ने कहा कि दो साल पहले इंटरचेंज दर में वृद्धि की गई थी। हम आरबीआई से संपर्क कर रहे हैं और ऐसा लगता है कि वे इसका समर्थन कर रहे हैं। हमने (CATMI) फी को बढ़ाकर 21 रुपए करने का अनुरोध किया है, जबकि कुछ अन्य एटीएम निर्माताओं ने इसे बढ़ाकर 23 रुपये करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पिछली बार इसे बढ़ाने में कई साल लग गए थे, लेकिन मुझे लगता है कि सभी लोग एकमत हैं और फीस वृद्धि होने में बस समय की बात है। इकॉनोमिक्स टाइम्स के मुताबिक RBI ने इस पर कोई जवाब नहीं दिया।
क्या है एटीएम इंटरचेंज फी
2021 में ATM ट्रांजैक्शन पर इंटरचेंज फी 15 रुपये से बढ़ाकर 17 रुपये कर दिया गया था। ATM इंटरचेंज वह फीस है जो कार्ड जारी करने वाले बैंक द्वारा उस बैंक को दिया जाता है जहां कार्ड का इस्तेमाल कैश निकालने के लिए किया जाता है। इसके अलावा ग्राहक से ली जाने वाली फी की सीमा को 20 रुपये से बढ़ाकर 21 रुपये प्रति ट्रांजैक्शन कर दिया गया।
NPCI तय करता है इंटरचेंज फी
ईटी के मुताबिक एक अन्य ATM निर्माता ने कहा कि इंटरचेंज रेट बढ़ाने के लिए हर जगह जोरदार पैरवी की गई है। NPCI के जरिए एक ज्ञापन भेजा गया है और बैंक भी रेट बढ़ाने के लिए सहमत हो गए हैं। इंटरचेंज फीस में वृद्धि NPCI द्वारा लिया गया निर्णय है क्योंकि रेट उनके द्वारा तय की जाती है।
कहां कितने फ्री ट्रांजैक्शन
फिलहाल, छह मेट्रो शहरों बेंगलुरु, चेन्नई, हैदराबाद, कोलकाता, मुंबई और नई दिल्ली के लिए बैंक अपने बचत बैंक खाताधारकों को एक महीने में कम से कम 5 फ्री ट्रांजैक्शन की सुविधा देते हैं, जबकि किसी अन्य बैंक के ATM पर तीन ट्रांजैक्शन फ्री हैं।
