Petrol-Diesel Rate Today, 16 December 2022: केंद्र सरकार ने ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMC) को एक बड़ी राहत दी है। सरकार ने शुक्रवार को कच्चे तेल (Crude Oil) पर विंडफॉल टैक्स (Windfall Tax) को पहले के 4,900 रुपये प्रति टन से कम करके 1,700 रुपये प्रति टन कर दिया है। ये बदलाव आज यानी 16 दिसंबर 2022 से लागू हो गए हैं। अब देखना ये है कि क्या इससे देश में बिक रहे पेट्रोल और डीजल की कीमत पर कुछ असर पड़ा है या नहीं। आइए जानते हैं इसके बारे में।
देश में कितना है पेट्रोल-डीजल का दाम?
भारत में कई महीनों से पेट्रोल और डीजल की कीमत स्थिर है। आज भी ईंधन के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है। दिल्ली में एक लीटर पेट्रोल 96.72 रुपये प्रति लीटर पर बिक रहा है। वहीं डीजल की कीमत 89.62 रुपये प्रति लीटर है। मुंबई में पेट्रोल का दाम 106.31 रुपये और डीजल का दाम 94.27 रुपये प्रति लीटर है। कोलकाता की बात करें, तो यहां पेट्रोल और डीजल क्रमश: 106.03 रुपये और 92.76 रुपये प्रति लीटर है। चेन्नई में एक लीटर पेट्रोल के लिए लोग 102.63 रुपये और डीजल के लिए लोग 94.24 रुपये चुका रहे हैं।
कब- कब बदलता है अप्रत्याशित टैक्स
मालूम हो कि अप्रत्याशित कर या स्पेशल अतिरिक्त एक्साइज ड्यूटी (SAED) को हर पखवाड़े संशोधित किया जाता है। इससे पहले 1 दिसंबर को स्पेशल एक्साइज ड्यूटी को 10,200 रुपये प्रति टन से घटाकर 4,900 रुपये प्रति टन कर दिया गया था। उसी दिन डीजल के निर्यात पर SAED को कम करके 6.5 रुपये प्रति लीटर किया गया था। वहीं 16 नवंबर को घरेलू स्तर पर उत्पादित कच्चे तेल पर अतिरिक्त लेवी बढ़ा दी गई थी और डीजल के निर्यात पर दर कम कर दी गई।
उल्लेखनीय है कि कच्चे तेल के निर्यात पर विंडफॉल टैक्स या एसएईडी को भारत में 1 जुलाई को पेश किया गया था ताकि वैश्विक बाजार में रिफाइंड कच्चे तेल की बिक्री से उद्योग को हो रहे बड़े लाभ पर शुल्क लगाया जा सके।
