डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद से भारत और अमेरिका के रिश्ते खराब हुए हैं। ट्रंप ने भारत पर भारी टैरिफ लगाने से लेकर पाकिस्तान की तारीफ में कसीदे गंढ़ने तक कई ऐसे काम किए जो भारत को पसंद नहीं आया। लेकिन अब एक बार फिर हालात सुधरते हुए दिखाई दे रहे हैं। जी7 शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जिस गर्मजोशी से मुलाकात की और दुनिया को अपनी बॉन्डिंग दिखाई है, उससे लगा रहा है कि रिश्ते पर जमी बर्फ जल्द पिघल जाएगी और इसका फायदा दोनों देशों को होगा। इस बीच एक अचछी खबर भी आ गई है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने अधिकारियों को एक संतुलित, दोनों देशों के लिए लाभकारी एवं व्यावसायिक रूप से महत्वपूर्ण ट्रेड डील को जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया है। विदेश मंत्रालय (एमईए) ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
अगले सप्ताह अमेरिकी प्रतिनिधि मंडल भारत आएगा
जी7 शिखर सम्मेलन के लिए यहां पहुंचे दोनों नेताओं ने बैठक की। इसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच तनावपूर्ण हुए संबंधों को फिर से मजबूत करना था। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर अगले सप्ताह भारत की यात्रा करेंगे ताकि प्रस्तावित व्यापार समझौते पर बातचीत को आगे बढ़ाया जा सके। बैठक में दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने तथा सभी क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। विदेश मंत्रालय के अनुसार, नेताओं ने अंतरिम द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर वार्ता में हुई महत्वपूर्ण प्रगति पर संतोष व्यक्त किया और अपने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे जल्द से जल्द एक संतुलित, दोनों पक्षों के लिए लाभकारी एवं व्यावसायिक रूप से महत्वपूर्ण समझौता तैयार करें।
कई दौर की बातचीत हो चुकी है अबतक
दोनों पक्ष पहले ही इस प्रस्तावित व्यापार समझौते पर कई दौर की बातचीत कर चुके हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि फरवरी 2024 में वॉशिंगटन डीसी में ट्रंप के साथ हुई पिछली मुलाकात में संबंधों में नई ऊर्जा आई थी। उन्होंने ट्रंप की पश्चिम एशिया में शांति स्थापित करने के प्रयासों की भी सराहना की। विदेश मंत्रालय के अनुसार, मोदी ने होर्मुज जलडमरूमध्य सहित नौवहन की स्वतंत्रता और बिना बाधा व्यापार के महत्व पर जोर दिया। साथ ही नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता को रेखांकित किया।
नाविकों की मौत को लेकर भारत में आक्रोश
यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई में तीन भारतीय नाविकों की मौत को लेकर भारत में नाराजगी देखी जा रही है। दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका कॉम्पैक्ट’ (सैन्य साझेदारी, तेज व्यापार और प्रौद्योगिकी के लिए अवसरों को बढ़ावा देना) के तहत हुई महत्वपूर्ण प्रगति की समीक्षा की, जो फरवरी 2025 में वॉशिंगटन डीसी में हुई पिछली बैठक के बाद शुरू हुआ था।
उन्होंने रक्षा, रणनीतिक तकनीक, ऊर्जा और व्यापार क्षेत्रों में हुई प्रगति का स्वागत किया। कॉम्पैक्ट का उद्देश्य सहयोग के प्रमुख क्षेत्रों में व्यापक बदलाव लाना है। हाल के महीनों में दोनों देशों ने संबंधों को सुधारने की कोशिशें तेज कर दी हैं और प्रस्तावित व्यापार समझौते को जल्द अंतिम रूप देने की दिशा में काम बढ़ाया है।
