JK Paper, West Coast Paper समेत अधिकांश पेपर स्टॉक्स में आज शानदार तेजी रही। जेके पेपर 16.58% बढ़कर 406.50 रुपये, तमिलनाडु न्यूजप्रिंट एंड पेपर्स 9.09%% बढ़कर 167.50 रुपये और वेस्ट कोस्ट पेपर मिल्स 12.43% बढ़कर 543.80 रुपये पर बंद हुआ। वहीं, आंध्र पेपर 8.64% बढ़कर 80.37 रुपये पर, Pudumjee Paper 7.51% चढत्रकर 142.50 रुपये पर बंद हुआ। आखिर, पेपर स्टॉक्स में इतनी बड़ी तेजी की क्या वजह है? अगर आप इस सवाल का जवाब ढूंढ रहे हैं तो हम आपको बता रहे हैं।
सरकार के फैसले का असर
दरअसल, आज केंद्र सरकार ने नए फाइबर सामाग्री से बने ‘मल्टी-लेयर पेपर बोर्ड’ के आयात पर 31 मार्च, 2026 तक के लिए 67,220 रुपये प्रति टन का न्यूनतम आयात मूल्य लगाया है। एक अधिसूचना में यह जानकारी दी गई है। इस उत्पाद का उपयोग औषधि, दैनिक उपयोग के उत्पादों, खाद्य एवं पेय पदार्थों, इलेक्ट्रॉनिक्स, महंगे सौंदर्य प्रसाधनों, शराब, पुस्तक कवर और प्रकाशन की पैकेजिंग में किया जाता है। विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) ने अधिसूचना में कहा कि नये फाइबर सामाग्री से तैयार मल्टी-लेयर पेपर बोर्ड के आयात पर 31 मार्च, 2026 तक लागत, बीमा और माल ढुलाई (सीआईएफ) मूल्य पर 67,220 रुपये प्रति टन का एमआईपी (न्यूनतम आयात मूल्य) लागू किया गया है। इस एमआईपी से कम मूल्य पर आयात की अनुमति नहीं होगी।
डंपिंग को रोकने में मदद मिलेगी
इस मूल्य निर्धारण से इंडोनेशिया जैसे देशों से उत्पाद की डंपिंग को रोकने में मदद मिलेगी। वाणिज्य मंत्रालय की इकाई व्यापार उपचार महानिदेशालय (डीजीटीआर) ने जुलाई में घरेलू कंपनियों की शिकायत के बाद इंडोनेशिया से इन पेपर बोर्ड के आयात की डंपिंग रोधी जांच शुरू की थी। भारतीय कागज विनिर्माता संघ ने घरेलू उद्योग की ओर से निदेशालय के समक्ष डंपिंग रोधी जांच शुरू करने के लिए आवेदन किया था। सरकार के इस फैसले से आज पेपर कंपनियों के स्टॉक्स में जबरदस्त उछाल है।
