बिजनेस

Bank Holiday Today: आज शुक्रवार 27 नवंबर 2026 एक राज्य में बंद रहेंगे बैंक? जानें कहां और क्यों?

Bank Holiday Today: आज 27 नवंबर को एक राज्य में एसबीआई व केनरा समेत सभी बैंक बंद हैं। चौथे शनिवार और रविवार के चलते अब लगातार तीन दिन बैंक बंद रहेंगे।

Image

जानिए आज कहां बैंक बंद हैं

Photo : iStock

Bank Holiday Today : अगर आप आज यानी शुक्रवार, 27 नवंबर को बैंकिंग से जुड़े किसी जरूरी काम के लिए घर से बाहर निकलने की सोच रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के आधिकारिक छुट्टियों के कैलेंडर के अनुसार, आज कर्नाटक में सभी सरकारी और प्राइवेट बैंक बंद रहेंगे। कनकदास जयंती के अवसर पर कर्नाटक में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), केनरा बैंक, एचडीएफसी बैंक (HDFC) और आईसीआईसीआई बैंक समेत सभी बैंकों की शाखाओं में कामकाज नहीं होगा। हालांकि, देश के अन्य हिस्सों में बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे।

कर्नाटक में लगातार तीन दिन बंद रहेंगे बैंक

कर्नाटक के बैंक ग्राहकों को अगले तीन दिनों तक शाखाओं में जाकर काम निपटाने का मौका नहीं मिलेगा। आज 27 नवंबर को कनकदास जयंती की स्थानीय छुट्टी के बाद, कल 28 नवंबर को महीने का चौथा शनिवार है और 29 नवंबर को रविवार का साप्ताहिक अवकाश है। आरबीआई के नियमों के मुताबिक, देश भर के सभी अनुसूचित और गैर-अनुसूचित बैंक महीने के दूसरे और चौथे शनिवार तथा हर रविवार को बंद रहते हैं। ऐसे में 28 और 29 नवंबर को पूरे देश में बैंकों की छुट्टी रहेगी, जिससे कर्नाटक के ग्राहकों को लगातार तीन दिनों के लंबे वीकेंड का सामना करना पड़ेगा।

कैसे तय होती हैं बैंकों की छुट्टियां?

भारत में बैंकों की छुट्टियां राष्ट्रीय अवकाश, राजपत्रित छुट्टियों, साप्ताहिक अवकाश और राज्यों के स्थानीय त्योहारों के आधार पर तय की जाती हैं। भारतीय रिजर्व बैंक हर साल जनवरी में अपनी आधिकारिक बैंक हॉलिडे लिस्ट जारी करता है। पूरे नवंबर महीने की बात करें तो साप्ताहिक छुट्टियों और विभिन्न राज्यों के क्षेत्रीय त्योहारों को मिलाकर कुल 16 दिन बैंक बंद रहे हैं। इनमें 1, 8, 15, 22 और 29 नवंबर के रविवार तथा 14 और 28 नवंबर के शनिवार शामिल हैं। इसके अलावा, 9 नवंबर से लेकर 27 नवंबर तक दिवाली, छठ पूजा, गुरु नानक जयंती और कनकदास जयंती जैसे पर्वों की वजह से अलग-अलग राज्यों में बैंक बंद रहे।

छुट्टी के दिन कैसे निपटाएं अपने जरूरी काम?

भले ही आज कर्नाटक में और कल से पूरे देश में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी, लेकिन ग्राहकों को घबराने की जरूरत नहीं है। छुट्टियों के दौरान भी बैंकों की डिजिटल सेवाएं पूरी तरह से चालू रहती हैं। ग्राहक किसी भी समय यूपीआई (UPI), मोबाइल बैंकिंग ऐप और इंटरनेट बैंकिंग का उपयोग करके पैसे ट्रांसफर कर सकते हैं और बिलों का भुगतान कर सकते हैं। इसके अलावा, ऑनलाइन माध्यम से एनईएफटी (NEFT) और आरटीजीएस (RTGS) के जरिए भी फंड ट्रांसफर किया जा सकता है। नकदी की जरूरत पड़ने पर एटीएम सेवाएं 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी। वहीं, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या चेक बुक से जुड़े सामान्य अनुरोध भी बैंक के ऐप या वेबसाइट के जरिए घर बैठे आसानी से किए जा सकते हैं।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article