बिजनेस

किस शहर के लोग शेयर बाजार में लगाते हैं सबसे ज्यादा पैसा? NSE की रिपोर्ट से हुआ खुलासा

शेयर मार्केट की जब भी बात सामने आती है, सबसे पहले गुजरातियों का नाम सामने आता है। लेकिन आप जानकर चौंक जाएंगे कि शेयर मार्केट में निवेश करने वालों की संख्या गुजरात से नहीं है। आइए आपको बताते हैं किस शहर के लोग शेयर बाजार में सबसे ज्यादा पैसा लगा रहे हैं?

Demat Account Holders

शेयर बाजार में निवेशकों की दिलचस्पी तेजी से बढ़ रही है, और इसकी वजह सिर्फ बढ़ते रिटर्न्स नहीं हैं। पिछले कुछ महीनों में मार्केट में जिस तरह नई ऊर्जा देखने को मिली है, उसने छोटे से लेकर बड़े निवेशकों तक सभी को आकर्षित किया है। रिकॉर्ड-हाई इंडेक्स, लगातार आने वाले मजबूत IPOs, और कंपनियों के बेहतर नतीजों ने बाजार को फिर से चर्चा के केंद्र में ला दिया है। यही वजह है कि लोग अब इसे केवल निवेश का साधन नहीं, बल्कि अपनी फाइनेंशियल ग्रोथ का सबसे बड़ा मौका मानने लगे हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं शेयर बाजार में किस शहर के लोग सबसे ज्यादा पैसा लगा रहे हैं? अगर नहीं तो आइए बताते हैं?

24 करोड़ लोग शेयर बाजार में लगा रहे पैसा

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने एक बड़ा रिकॉर्ड बनाया है। एक्सचेंज के मुताबिक, देश में ट्रेडिंग अकाउंट्स की संख्या इस महीने 24 करोड़ के पार चली गई है, जबकि पिछले साल अक्टूबर में ये संख्या 20 करोड़ थी। यानी सिर्फ एक साल में ही 4 करोड़ नए लोग शेयर बाजार से जुड़े हैं। यह दिखाता है कि भारत में रिटेल निवेश बहुत तेजी से बढ़ रहा है और आम लोग भी अब मार्केट में सक्रिय रूप से निवेश कर रहे हैं।

सिर्फ ट्रेडिंग अकाउंट ही नहीं, बल्कि यूनिक रजिस्टर्ड निवेशकों की संख्या भी बढ़कर 12.2 करोड़ हो गई है। सितंबर में यह आंकड़ा 12 करोड़ था। आसान डिजिटल एक्सेस, कम शुल्क वाले ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स और फिनटेक ऐप्स की वजह से खासकर युवा पीढ़ी बड़ी संख्या में निवेश शुरू कर रही है।

NSE के मुताबिक, ट्रेडिंग अकाउंट्स 24 करोड़ पार कर चुके हैं, जो यह बताता है कि शेयर बाजार अब सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित नहीं है। डिजिटल ब्रोकर्स की तेजी से बढ़ती संख्या, आसान KYC, ऑनलाइन अकाउंट ओपनिंग और सोशल मीडिया पर इन्वेस्टमेंट कंटेंट की लोकप्रियता ने मार्केट को देशभर में फैलाया है।

इंडिविजुअल इन्वेस्टर्स की हिस्सेदारी भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। 30 सितंबर 2025 तक व्यक्तिगत निवेशकों ने डायरेक्ट निवेश और म्यूचुअल फंड के जरिए NSE लिस्टेड कंपनियों में 18.75% हिस्सेदारी बनाई हुई है, जो पिछले 22 साल में सबसे ज्यादा है। SIP का तेजी से बढ़ना, लो-कॉस्ट ब्रोकर्स और बैंक FD से कम रिटर्न जैसे कारणों ने लोगों को बाजार की ओर आकर्षित किया है।

ये भी पढ़ें: बिहार रिजल्ट के दिन कैसी रहती है शेयर बाजार की चाल? पिछले 3 चुनावों में ये था हाल

इस शहर के लोग सबसे ज्यादा लगा रहे पैसा

NSE के आंकड़े बताते हैं कि निवेशक अब हर राज्य से आ रहे हैं। महाराष्ट्र 17% हिस्सेदारी के साथ सबसे आगे है, जबकि उत्तर प्रदेश, गुजरात, पश्चिम बंगाल और राजस्थान भी तेजी से बढ़ रहे हैं। यह साफ दिखाता है कि वित्तीय जागरूकता पूरे देश में फैल रही है। हालांकि, कुल निवेशक अकाउंट्स का लगभग 49% अभी भी टॉप-5 शहरों से आता है, क्योंकि यहां इंटरनेट, फिनटेक सेवाएँ और वित्तीय शिक्षा की पहुंच ज्यादा है।

निवेशकों को जागरूक बनाने के लिए NSE लगातार बड़े पैमाने पर कार्यक्रम कर रहा है। इस वित्त वर्ष की पहली छमाही में NSE ने 11,875 इन्वेस्टर अवेयरनेस प्रोग्राम आयोजित किए, जिनमें 6.2 लाख लोगों ने हिस्सा लिया। इन कार्यक्रमों ने नए निवेशकों को सही जानकारी दी, वित्तीय धोखाधड़ी से बचाया और निवेश को सुरक्षित बनाया।

NSE का इन्वेस्टर प्रोटेक्शन फंड भी 19% बढ़कर 2,719 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। यह फंड किसी गड़बड़ी या विवाद की स्थिति में निवेशकों को सुरक्षा प्रदान करता है, जिससे उनका भरोसा बढ़ता है। पिछले 5 सालों में निफ्टी 50 और निफ्टी 500 इंडेक्स ने शानदार रिटर्न दिया है। निफ्टी 50 ने सालाना औसत 15% और निफ्टी 500 ने लगभग 18% रिटर्न दिया है। ऐसे मजबूत रिटर्न ने नए निवेशकों को मार्केट की ओर और अधिक आकर्षित किया है। आसान KYC, डिजिटल पेमेंट्स, फिनटेक ऐप्स, यूट्यूब और सोशल मीडिया पर बढ़ती फाइनेंस शिक्षा की वजह से भारत दुनिया का सबसे तेजी से बढ़ता रिटेल निवेशक देश बन चुका है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिजनेस (Business News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

लेटेस्ट न्यूज

रिचा त्रिपाठी
रिचा त्रिपाठी Author

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिच... और देखें

End of Article