बिजनेस

Credit Card खो जाए तो घबराएं नहीं! बिना देरी के तुरंत करें ये काम

आज के समय में हर दूसरा व्यक्ति हर दूसरे काम में क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर रहा है। ऐसे में क्या हो अगर क्रेडिट कार्ड ही खो जाए।

Image

क्रेडिट कार्ड खो जाए तो क्या करें (Photo: iStock)

आज के समय में क्रेडिट कार्ड (Credit Card) हर दूसरे व्यक्ति की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। शॉपिंग से लेकर बिल पेमेंट और ऑनलाइन सब्सक्रिप्शन तक, कई काम क्रेडिट कार्ड के जरिेए किए जा रहे हैं। आसानी से हो जाते हैं। लेकिन जरा सोच कर देखिए अगर अचानक आपका क्रेडिट कार्ड ही खो जाए या चोरी हो जाए तो ऐसे में आप घबरा जाना लाजमी होगा। लेकिन ऐसी स्थिति में घबराने की बजाय तुरंत सही कदम उठाना बेहद जरूरी होता है। समय पर कार्रवाई करने से अनऑथराइज्ड ट्रांजैक्शन का जोखिम कम किया जा सकता है और वित्तीय नुकसान से बचा जा सकता है। ऐसी स्थिति में किसी भी व्यक्ति को क्या करना चाहिए, इस आर्टिकल में बताने जा रहे हैं-

सबसे पहले कार्ड करें ब्लॉक

जैसे ही आपको पता चलता है कि आपका क्रेडिट कार्ड गायब (Lost Cedit Card) है, सबसे पहले उसे ब्लॉक या हॉटलिस्ट कर देना चाहिए। आज अधिकांश बैंक अपने मोबाइल ऐप, इंटरनेट बैंकिंग और कस्टमर केयर हेल्पलाइन के जरिए यह सुविधा देते हैं। अगर आपको कार्ड के बारे में पूरी तरह से यकीन नहीं है कि वह खो गया है या कहीं रखकर भूल गए हैं तब भी पहले उसे ब्लॉक करना बेहतर होता है। कई बैंक बाद में कार्ड को दोबारा एक्टिव करने का विकल्प भी देते हैं।

ट्रांजैक्शन की करें जांच

कार्ड ब्लॉक करने के बाद अपने खाते की हालिया ट्रांजैक्शन हिस्ट्री जरूर देखें। यह जांचें कि कहीं कोई ऐसी खरीदारी या भुगतान तो नहीं हुआ जिसे आपने नहीं किया हो। कई बार धोखेबाज पहले छोटी राशि का ट्रांजैक्शन कर कार्ड की वैलिडिटी जांचते हैं और बाद में बड़ी रकम खर्च करने की कोशिश करते हैं। अगर कोई संदिग्ध लेनदेन दिखाई दे तो तुरंत बैंक से संपर्क करना चाहिए।

बैंक को कार्ड खोने की दें जानकारी

भले ही आपके खाते में कोई अनऑथराइज्ड ट्रांजैक्शन न दिखाई दे, फिर भी बैंक को यह जानकारी देना जरूरी है कि कार्ड खो गया है या चोरी हो गया है। बैंक आमतौर पर शिकायत दर्ज करता है, रिपोर्ट का समय रिकॉर्ड करता है और नया कार्ड जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर देता है। अगर किसी प्रकार की धोखाधड़ी हो चुकी है, तो बैंक से विवाद (Dispute) दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी लें।

नए कार्ड की पेमेंट डिटेल्स करें अपडेट

आजकल कई लोग अपने क्रेडिट कार्ड को फूड डिलीवरी ऐप्स, शॉपिंग प्लेटफॉर्म, ओटीटी सब्सक्रिप्शन, कैब सर्विस और यूटिलिटी बिल भुगतान जैसी सर्विस में सेव करके रखते हैं। नया कार्ड मिलने के बाद इन सभी प्लेटफॉर्म पर जाकर पेमेंट डिटेल्स अपडेट करना जरूरी होगा। ऐसा करने से भविष्य में भुगतान संबंधी दिक्कतों से बचा जा सकता है।

अगले कुछ हफ्तों तक खाते पर रखें नजर

कार्ड ब्लॉक कर देने के बाद भी काम पूरी तरह खत्म नहीं होता। अगले कुछ सप्ताह तक अपने खाते और बैंक नोटिफिकेशन पर लगातार नजर रखें। कभी-कभी विवादित ट्रांजैक्शन, रिफंड या दूसरे अपडेट बाद में दिखाई दे सकते हैं। नियमित निगरानी से किसी भी असामान्य गतिविधि का समय रहते पता लगाया जा सकता है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article