Strategic Bitcoin Reserve: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर कर ‘स्ट्रैटेजिक बिटकॉइन रिजर्व’ बनाने की घोषणा की है। यह कदम ट्रंप की चुनावी वादों में से एक था, जिसे अब अमल में लाया जा रहा है। स्ट्रैटेजिक बिटकॉइन रिजर्व समर्थकों का मानना है कि यह सरकार को क्रिप्टो की बढ़ती कीमतों से लाभान्वित कर सकता है, लेकिन अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि यह रिजर्व वास्तव में करदाताओं को कैसे फायदा पहुंचाएगा।
What is a bitcoin strategic reserve: क्या है बिटकॉइन स्ट्रैटेजिक रिजर्व?
स्ट्रैटेजिक बिटकॉइन रिजर्व किसी भी अन्य सरकारी भंडार की तरह है, जिसे विशेष परिस्थितियों में उपयोग के लिए रखा जाता है। यह सरकार द्वारा जब्त किए गए डिजिटल एसेट्स से बनाया जाएगा, ताकि जरूरत पड़ने पर इसका इस्तेमाल किया जा सके।
Why Bitcoin Strategic Reserve Made: रिजर्व बनाने की वजह
ट्रंप ने जनवरी में डिजिटल एसेट्स को लेकर एक कार्यकारी आदेश जारी किया था, जिसमें इस तरह के रिजर्व की संभावनाओं की जांच करने के लिए एक कार्य समूह गठित किया गया था। व्हाइट हाउस के क्रिप्टो प्रमुख डेविड सैक्स के अनुसार, अमेरिकी सरकार के पास अनुमानित रूप से 2,00,000 बिटकॉइन हैं, लेकिन इसका सही आंकड़ा नहीं पता। इसलिए, गुरुवार को जारी आदेश में एक ऑडिट का भी निर्देश दिया गया है।
Which cryptocurrencies added: किन क्रिप्टोकरेंसी को जोड़ा गया है?
ट्रंप ने इस सप्ताह पांच डिजिटल एसेट्स के नाम घोषित किए हैं, जिन्हें इस रिजर्व में शामिल किया जाएगा। इनमें बिटकॉइन, ईथर, एक्सआरपी, सोलाना और कार्डानो शामिल हैं। इसके अलावा, कार्यकारी आदेश के तहत एक यूएस डिजिटल एसेट स्टॉकपाइल भी बनाया जाएगा, जिसमें बिटकॉइन के अलावा अन्य डिजिटल एसेट्स शामिल होंगे, जो आपराधिक या सिविल मामलों में जब्त किए गए हैं।
क्या होगा असर?
ट्रंप के इस कदम को क्रिप्टो उद्योग के समर्थन के रूप में देखा जा रहा है, जिसने उनके चुनाव अभियान में भी योगदान दिया था। हालांकि, कुछ विशेषज्ञों को चिंता है कि यह कदम केवल अमीर वर्ग को और अधिक लाभ पहुंचा सकता है और डिजिटल करेंसी इंडस्ट्री को कानूनी वैधता देने की दिशा में एक विवादास्पद कदम हो सकता है।
