बिजनेस

LIC बीमा सखी: घर के काम के साथ हर महीने 7000 रुपए की कमाई, जानिए कौन-सी महिलाओं के लिए है सुनहरा अवसर

LIC Bima Sakhi Scheme: क्या आपको भी लगता है कि कमाई के लिए ज्यादा पढ़ा-लिखा होना बेहद जरूरी है। अगर हां तो ऐसा नहीं है। आप कम पढ़ी-लिखी होने के बावजूद एलआईसी की एक खास स्कीम का लाभ उठा कर हर महीने 7 हजार रुपए की कमाई कर सकती हैं।

Image

क्या है एलआईसी की बीमा सखी योजना (Photo: iStock)

LIC Bima Sakhi Scheme: भारत में महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और बीमा जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से Life Insurance Corporation of India की ओर से बीमा सखी योजना (एमसीए योजना) पेश की जाती है। यह एक विशेष योजना है, जिसमें महिलाओं को एलआईसी के साथ जुड़कर बीमा एजेंट के रूप में काम करने का अवसर मिलता है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करना और बीमा सेवाओं को अधिक लोगों तक पहुंचाना है।

महिलाओं को दी जाती है ट्रेनिंग

बीमा सखी योजना के तहत चुनी गई महिलाओं को एलआईसी की ओर से ट्रेनिंग दी जाती है ताकि वे बीमा से जुड़ी जानकारी समझ सकें और लोगों को सही वित्तीय सुरक्षा के बारे में जागरूक कर सकें। इस योजना में शामिल होने वाली महिलाओं को शुरुआती तीन वर्षों तक मंथली स्टाइपेंड भी दिया जाता है। पहले वर्ष में लगभग 7,000 रुपए प्रति माह, दूसरे वर्ष में 6,000 रुपए और तीसरे वर्ष में लगभग 5,000 रुपए का स्टाइपेंड दिया जाता है। इसके अलावा बीमा पॉलिसी बेचने पर एजेंट को कमीशन भी मिलता है।

10 वीं पास महिलाएं कर सकती हैं आवेदन

योजना में आवेदन करने के लिए कुछ पात्रता शर्तें भी निर्धारित की गई हैं। आवेदन करने वाली महिला की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु लगभग 70 वर्ष हो सकती है। इसके साथ ही उम्मीदवार का कम से कम 10वीं पास होना जरूरी है। आवेदन के समय आयु प्रमाण, पता प्रमाण और शैक्षणिक योग्यता से जुड़े दस्तावेज जमा करने होते हैं।

यह एक लचीला एजेंसी कार्य है

बीमा सखी योजना की खास बात यह है कि इसमें महिलाओं को केवल नौकरी ही नहीं बल्कि एक स्थायी करियर बनाने का अवसर भी मिलता है। तीन साल की ट्रेनिंग अवधि पूरी होने के बाद महिलाएं एलआईसी एजेंट के रूप में काम जारी रख सकती हैं और अपने प्रदर्शन के आधार पर अच्छी कमाई कर सकती हैं।

एलआईसी के अनुसार, यह कोई पारंपरिक वेतन वाली नौकरी नहीं है यानी इसमें तय या निश्चित ऑफिस टाइम नहीं होता है। यह एक लचीला एजेंसी कार्य है जिसमें महिलाएं अपना समय खुद ही तय कर सकती हैं।

महिलाओं को आगे बढ़ने का मिल रहा अवसर

इस योजना का एक बड़ा उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बीमा की पहुंच बढ़ाना भी है। बीमा सखी अपने क्षेत्र के लोगों को जीवन बीमा की जरूरत और उसके लाभों के बारे में समझाती हैं, जिससे अधिक लोग वित्तीय सुरक्षा की ओर कदम बढ़ा सकें। एलआईसी की बीमा सखी योजना महिलाओं के लिए रोजगार, प्रशिक्षण और आर्थिक आत्मनिर्भरता का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है। इसके माध्यम से महिलाएं न केवल खुद सशक्त बन सकती हैं बल्कि समाज में वित्तीय जागरूकता फैलाने में भी अहम भूमिका निभा सकती हैं।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article