बिजनेस

सोना महंगा हुआ तो क्या हुआ? ₹2000 से 5000 रुपये में भी इस तरह खरीदें अपनी मनपसंद ज्वैलरी

सोने की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि आप अपनी मनपसंद ज्वैलरी नहीं खरीद सकते। अब कई ज्वैलर्स मासिक किस्तों (EMI) पर सोना खरीदने का विकल्प दे रहे हैं, जिससे 2,000 से 5,000 रुपए जैसी छोटी राशि में भी धीरे-धीरे सोना इकट्ठा किया जा सकता है। आइए बताते हैं ये स्कीम कैसे काम करती है?

Image

Gold

भारत में सोना सिर्फ निवेश का जरिया नहीं बल्कि हमारी परंपरा का हिस्सा भी रहा है। शादी, सगाई, धनतेरस या दिवाली जैसे त्योहारों पर सोने की ज्वैलरी खरीदना आम रिवाज है। लेकिन आजकल सोने की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जिससे इसे खरीदना हर किसी के लिए आसान नहीं रहा। लाखों रुपए खर्च किए बिना भी अब आप डिजिटल गोल्ड के जरिए सोना खरीद सकते हैं और अपने बजट में निवेश कर सकते हैं।

सस्ते में कैसे खरीदें ज्वेलरी

सोने की बढ़ती कीमतों के बावजूद अब आप छोटे बजट में भी अपनी मनपसंद ज्वैलरी खरीद सकते हैं। कई ज्वैलर्स अब मासिक किस्तों (EMI) पर सोना खरीदने का विकल्प दे रहे हैं, जिससे महंगे सोने की ज्वैलरी आपके लिए भी सुलभ हो गई है।

जोस अलुक्कास ऑनलाइन ईजी स्कीम

जोस अलुक्कास की ऑनलाइन ईजी स्कीम में आप 1,000, 2,000, 5,000 या 10,000 रुपए की मासिक किश्तों में निवेश कर सकते हैं। योजना की अवधि 12 महीने (360 दिन) की होती है और किस्तें केवल ऑनलाइन मोड से दी जाती हैं। 12 महीने की नियमित किस्तों के बाद, आप अपनी पसंद का आभूषण खरीद सकते हैं और योजना के तहत विशेष छूट का भी लाभ उठा सकते हैं।

एक बार स्कीम शुरू करने के बाद बदलाव नहीं किया जा सकता। खाता धारक की मृत्यु की स्थिति में, नामांकित व्यक्ति ही योजना का लाभ उठा सकता है।खरीदारी ऑनलाइन शॉपिंग या जोस अलुक्कास शोरूम से की जा सकती है।

तनिष्क गोल्डन हार्वेस्ट

तनिष्क गोल्डन हार्वेस्ट योजना में आप केवल 2,000 रुपए की मासिक राशि से निवेश शुरू कर सकते हैं। हर महीने तय राशि जमा करने के बाद, मोचन के समय आपको 1 किस्त राशि का 75% तक विशेष छूट मिलती है। अगर आपकी पहली किस्त 10,000 रुपए थी और आपने 10 महीने तक जमा किया, तो आप कुल 20,000 रुपए भुगतान करेंगे। स्कीम पूरी होने के बाद आपका रिडेम्प्शन मूल्य 21,500 रुपए होगा।

इस तरह की मासिक स्कीम के जरिए आप 2,000–5,000 रुपए जैसी छोटी राशि में भी धीरे-धीरे सोना खरीदकर अपनी मनपसंद ज्वैलरी पा सकते हैं, बिना बड़ी रकम एक बार में खर्च किए।

डिजिटल गोल्ड

डिजिटल गोल्ड का मतलब है कि आप फिजिकल गोल्ड (सोनाअभूषण) खरीदने की बजाय इसे ऑनलाइन या इलेक्ट्रॉनिक रूप में खरीदते हैं। इसे आपके नाम के सुरक्षित वॉलेट में रखा जाता है। इसका फायदा यह है कि आप सोने की कीमत बढ़ने पर लाभ ले सकते हैं और फिजिकल गोल्ड रखने की झंझट और चोरी का डर नहीं होता।

डिजिटल गोल्ड में निवेश के फायदे

1. छोटे बजट में निवेश

आप 1 रुपए से भी डिजिटल गोल्ड खरीद सकते हैं। मतलब हर महीने 2,000–5,000 रुपए में भी धीरे-धीरे अच्छा खासा सोना इकट्ठा किया जा सकता है।

2. 24 कैरेट शुद्ध सोना

डिजिटल गोल्ड में आपको हमेशा 24 कैरेट शुद्ध सोना मिलता है। ज्वैलरी आम तौर पर 22 कैरेट से ज्यादा नहीं होती। इसके अलावा, डिजिटल गोल्ड को जरूरत पड़ने पर फिजिकल गोल्ड में भी बदला जा सकता है।

3. कोई मेकिंग चार्ज नहीं

ज्वैलरी खरीदते समय मेकिंग चार्ज देना पड़ता है, लेकिन डिजिटल गोल्ड में केवल सोने की कीमत ही चुकानी होती है।

4. सुरक्षित और सुविधाजनक

डिजिटल गोल्ड चोरी या खो जाने का डर नहीं रहता। इसे आसानी से कहीं भी स्टोर किया जा सकता है और जब चाहें बेचा जा सकता है।

5. लिक्विडिटी और लोन का विकल्प

डिजिटल गोल्ड को आसानी से खरीदा और बेचा जा सकता है। इसे गिरवी रखकर लोन भी लिया जा सकता है।

6. डीमैट अकाउंट की जरूरत नहीं

इसे खरीदने के लिए डीमैट अकाउंट की आवश्यकता नहीं होती। इसलिए जो लोग शेयर बाजार की झंझट से बचना चाहते हैं, उनके लिए यह आसान विकल्प है।

कहां से खरीदें?

डिजिटल गोल्ड आप आसानी से Google Pay, Paytm और PhonePe जैसे ऐप से खरीद सकते हैं। इसके अलावा, MMTC-PAMP India Pvt. Ltd, Augmont Gold Ltd और Digital Gold India Pvt Ltd जैसी कंपनियां भी डिजिटल गोल्ड ऑफर करती हैं।

कैसे खरीदें

  • Google Pay: ऐप खोलें, 'Gold Locker' सर्च करें और 'खरीदें' पर क्लिक करें।
  • Paytm: ऐप खोलें, 'Stock and Mutual Funds' में जाएं और 'Paytm Gold' विकल्प चुनें।
  • PhonePe: ऐप खोलें, 'Wealth' सेक्शन में जाएं, 'Gold' पर क्लिक करें और अपनी जरूरत के अनुसार खरीदारी करें।
Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठी author

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिच... और देखें

End of Article