बिजनेस

Warren Buffett: वॉरेन बफेट ने Apple में घटाई हिस्सेदारी, बढ़ाया कैश रिजर्व, किसी संकट का संकेत तो नहीं ?

Warren Buffett: वॉरेन बफेट एक चीज पर फोकस करते हैं। वे हमेशा काफी मात्रा में कैश जमा करते हैं। बर्कशायर हैथवे, वह ग्रुप जिसके प्रमुख बफेट हैं, अपने बड़े कैश भंडार के लिए जाना जाता है। इसका कैश भंडार बढ़कर 189 बिलियन डॉलर (15.75 लाख करोड़ रु) तक पहुंच गया है।

Image

वॉरेन बफेट ने Apple में घटाई हिस्सेदारी

Photo : Times Now Digital
KEY HIGHLIGHTS
  • वॉरेन बफेट ने घटाई एप्पल में हिस्सेदारी
  • बढ़ाया कैश का भंडार
  • रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा कैश रिजर्व

Warren Buffett: निवेश जगत में इस खबर से हलचल मची हुई है कि दिग्गज निवेशक वॉरेन बफेट टेक दिग्गज कंपनी एप्पल में अपनी हिस्सेदारी कम कर रहे हैं। इस कदम ने कई निवेशकों और विश्लेषकों को हैरान कर दिया है। जानकार सोच रहे हैं कि बफेट को ऐसा क्या दिख रहा है जो हम बाकी लोगों को नहीं दिख रहा। असल में एप्पल एक ऐसी कंपनी है जिसने लगातार शानदार फाइनेंशियल रिजल्ट पेश किए हैं और इसकी मार्केट कैपिटल 3 ट्रिलियन डॉलर से अधिक है। वहीं सालाना बिक्री 380 बिलियन डॉलर से अधिक है। तो, बफेट के एप्पल के शेयर बेचने के फैसले के पीछे क्या कारण हो सकता है?

ये भी पढ़ें -

कैश जमा कर रहे बफेट

माना जाता है कि वॉरेन बफेट एक चीज पर फोकस करते हैं। वे हमेशा काफी मात्रा में कैश जमा करते हैं। बर्कशायर हैथवे, वह ग्रुप जिसके प्रमुख बफेट हैं, अपने बड़े कैश भंडार के लिए जाना जाता है। इसका कैश भंडार बढ़कर 189 बिलियन डॉलर (15.75 लाख करोड़ रु) तक पहुंच गया है। ये कंपनी के इतिहास में सबसे अधिक कैश भंडार का लेवल है।

यह कैश भंडार अकसर बफेट के लिए एक कुशन के रूप में काम करता है, जिससे उन्हें बाजार में उथल-पुथल के समय निवेश के अवसरों का लाभ उठाने में मदद मिलती है।

मार्केट क्रैश से पहले बढ़ाते हैं कैश

दिलचस्प बात यह है कि बफेट के पास शेयर बाजार में बड़ी गिरावट से ठीक पहले कैश पॉजिशन बनाने का ट्रैक रिकॉर्ड है। 1990 के दशक के अंत में डॉट-कॉम बुलबुले के दौरान, बर्कशायर हैथवे की कैश होल्डिंग्स में वृद्धि हुई और 2008 के वित्तीय संकट से पहले भी यही पैटर्न सामने आया।

इससे कुछ लोगों का मानना है कि अब बफेट को किसी संकट का आभास हो रहा है, जिसके कारण उन्होंने अपनी एप्पल में हिस्सेदारी घटाई है और बर्कशायर कैश बढ़ा रही है।

अनिश्चितता से बचाव की तैयारी

ऐसे माहौल में जब शेयर बाजार वैल्यूएशन के हिसाब से बढ़ा हुआ माना जाता है, तो बफेट का कैश बढ़ाना किसी अचानक आने वाले संकट या अनिश्चितता से बचाव (हेजिंग) वाला कदम हो सकता है। Apple में अपने निवेश को कम करके, वह प्रभावी रूप से अपनी होल्डिंग्स में डायवर्सिफिकेशन ला सकते हैं और एक सिंगल स्टॉक पर अपनी निर्भरता को कम कर सकते हैं।

Kashid Hussain
काशिद हुसैन author

<p>काशिद हुसैन अप्रैल 2023 से Timesnowhindi.Com (टाइम्स नाउ नवभारत) के साथ काम कर रहे हैं। यहां पर वे सीनियर कॉरेस्पोंडेंट हैं। टाइम्स नाउ नवभारत की बिजनेस टीम में वह शेयर मार्केट, म्यूचुअल फंड और आर्थिक जगत से जुड़ी सभी तरह की स्टोरी और वेब स्टोरी करते हैं। रिसर्च आधारित स्टोरी के लिए नए एंगल तलाश करना और रीडर्स की रुचि के अनुसार कॉपी लिखने पर फोकस रहता है। शेयर बाजार में खास रुचि है और इससे जुड़ी रियल टाइम खबरें कम समय में लगाने में विशेषज्ञता है। मीडिया में काम करने का 8 वर्षों का अनुभव है, जिसमें गुडरिटर्न्स और शेयर मंथन वेबसाइटों के अलावा निवेश मंथन पत्रिका में भी काम किया है। दिल्ली यूनिवर्सिटी से हिंदी पत्रकारिता में ग्रेजुएशन के बाद आईआईएमसी, नई दिल्ली से रेडियो एंव टेलीविजन में पोस्ट ग्रेजुएशन की है। ग्रेजुएशन के दौरान सहारा समय और सिटी न्यूज में इंटर्नशिप के साथ-साथ अखबार और वेबसाइट के लिए लिखना शुरू कर दिया था। काशिद को किताबें पढ़ना, फिल्में देखना और क्रिकेट में रुचि है। बिजनेस के अलावा खेल जगत और इंटरनेशनल खबरों में भी रुचि है।<br></p>

और पढ़ें
End of Article