त्योहारों के दौरान क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल काफी बढ़ जाता है। इसके पीछे ई-कॉमर्स की स्पेशल स्कीम, कार्ड पर मिलने वाले एक्स्ट्रा डिस्काउंट और त्योहारों का उत्साह होता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक त्योहारों में लोग ऑनलाइन शॉपिंग में डेबिट कार्ड के मुकाबले क्रेडिट कार्ड का छह गुना ज्यादा इस्तेमाल करते हैं। इसका मतलब यह है कि कई लोग त्योहारों की खरीदारी कर्ज के पैसे से कर देते हैं। कई बार यह खरीदारी इतनी भारी हो जाती है कि कर्ज से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है।
ऐसे में अगर आप भी दिवाली की शॉपिंग क्रेडिट कार्ड से करने जा रहे हैं तो आइए आपको बताते हैं कि आप कैसे कर्ज जाल में फंसे से बच सकते हैं।
कर्ज जाल से ऐसे बचें
1. बजट बनाएं
त्योहारों से पहले एक सटीक बजट तैयार करें। इसमें उपहार, सजावट, यात्रा, और अन्य खर्चों का अनुमानित खर्च शामिल करें। बजट बनाकर आप अपनी खर्चों पर नियंत्रण रख सकते हैं और अनावश्यक खर्चों से बच सकते हैं।
2. क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल ऐसे करें
क्रेडिट कार्ड का उपयोग करते समय यह सुनिश्चित करें कि आप जो खर्च कर रहे हैं, वह आपकी आय के भीतर हो। यदि आप क्रेडिट कार्ड का उपयोग कर रहे हैं, तो यह सुनिश्चित करें कि आप समय पर पूरा भुगतान कर सकें, ताकि ब्याज से बच सकें।
3. जाल में न फंसे
क्रेडिट कार्ड के बिल का केवल न्यूनतम भुगतान करने से कर्ज का बोझ बढ़ता है। अगर आप ₹50,000 का कर्ज लेकर केवल न्यूनतम भुगतान करते हैं, तो उसे चुकता करने में लगभग 9 साल लग सकते हैं।
4. स्टोर क्रेडिट कार्ड से बचें
स्टोर क्रेडिट कार्ड अक्सर आकर्षक ऑफ़र देते हैं, लेकिन इनमें ज्यादा ब्याज दरें और छिपे हुए शुल्क हो सकते हैं। इनसे बचना बेहतर होता है, क्योंकि यदि आप समय पर भुगतान नहीं करते, तो ब्याज दरें 30% से अधिक हो सकती हैं।
5. खर्चों का ट्रैक रखें
हर खरीदारी की रसीद रखें और अपने खर्चों का रिकॉर्ड बनाएं। इससे आपको यह समझने में मदद मिलेगी कि आपने कहां और कितना खर्च किया है, और आप अपने बजट के भीतर रह सकते हैं।
