बिजनेस

वोडाफोन-आइडिया पर बढ़ा कुमार मंगलम बिड़ला का भरोसा, खुले बाजार से खरीदे 4 करोड़ से ज्यादा शेयर

लंबे समय से कर्ज के जाल में फंसी वोडाफोन-आइडिया पर प्रमोटर्स का भरोसा बढ़ा है। कुमार मंगलम बिड़ला ने पिछले एक सप्ताह में कंपनी के 4 करोड़ से ज्यादा शेयर खुले बाजार से खरीदे हैं। कंपनी को हाल में ही केंद्र सरकार से AGR बकाया को लेकर बड़ी राहत मिली है।

Image

कंपनी पर बढ़ा प्रमोटर्स का भरोसा

Vodafone Idea में प्रमोटर समूह की ओर से भरोसा बढ़ाने वाला कदम सामने आया है। ET की रिपोर्ट के मुताबिक उद्योगपति कुमार मंगलम बिड़ला ने हाल के दिनों में खुले बाजार से कंपनी के शेयर खरीदकर अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है। यह कदम ऐसे समय आया है जब कंपनी के तिमाही नतीजों में ऑपरेशनल स्तर पर कुछ सुधार दिखाई दे रहा है और निवेशक कंपनी के टर्नअराउंड संकेतों पर नजर बनाए हुए हैं।

4 करोड़ से ज्यादा शेयर खरीदे

रिपोर्ट में बताया गया है कि बिड़ला ने 30 जनवरी से 1 फरवरी के बीच खुले बाजार से कुल 4.09 करोड़ शेयर खरीदे। 30 जनवरी को करीब 2.21 करोड़ शेयर औसतन 10.95 रुपये प्रति शेयर के भाव पर खरीदे गए, जबकि 1 फरवरी को अतिरिक्त 1.88 करोड़ शेयर लगभग 11.13 रुपये के औसत दाम पर खरीदे गए। यह खरीद पिछले क्लोजिंग प्राइस से डिस्काउंट पर हुई। इन ट्रांजैक्शन के बाद प्रमोटर ग्रुप की हिस्सेदारी में मामूली बढ़ोतरी हुई है, जिससे बाजार में प्रमोटर के भरोसे का संकेत मिला है। 30 जनवरी को खरीदे गए 2.21 करोड़ शेयर की कुल कीमत ₹24.20 करोड़ और 1 फरवरी को खरीदे गए 1.88 करोड़ शेयर की कीमत ₹20.92 करोड़ रही। इस तरह दोनों ट्रांजैक्शन मिलाकर कुल खरीद लागत लगभग ₹45.12 करोड़ रही। इस आधार पर पूरी खरीद की वेटेड एवरेज प्राइस करीब ₹11.03 प्रति शेयर निकलती है।

Q3 में घाटा घटा

कंपनी के तीसरी तिमाही के नतीजों में घाटे में कमी दर्ज की गई। Vodafone Idea को तिमाही में 5,286 करोड़ रुपये का नेट लॉस हुआ, जो पिछली तिमाही के 5,524 करोड़ रुपये के घाटे से कम है। कंपनी का रेवेन्यू तिमाही आधार पर बढ़कर 11,323 करोड़ रुपये रहा, जबकि EBITDA 4,817 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। EBITDA मार्जिन भी बढ़कर 42.5 प्रतिशत हो गया, जो ऑपरेशनल एफिशिएंसी में सुधार का संकेत देता है।

ARPU और यूजर बेस में सुधार के संकेत

कंपनी का एवरेज रेवेन्यू पर यूजर यानी ARPU बढ़कर 186 रुपये पर पहुंच गया, जो पिछले साल इसी अवधि में 173 रुपये था। यह बढ़ोतरी मुख्य रूप से बेहतर प्लान अपग्रेड और हाई-वैल्यू ग्राहकों के जुड़ने से आई है। कंपनी का कुल सब्सक्राइबर बेस 19.29 करोड़ रहा, जिसमें 4G और 5G ग्राहकों की संख्या बढ़कर 12.85 करोड़ हो गई है।

कर्ज और AGR देनदारी पर स्थिति

दिसंबर तिमाही के अंत तक कंपनी का बैंक कर्ज 1,126 करोड़ रुपये रहा। कंपनी ने तिमाही के दौरान 3,300 करोड़ रुपये नॉन-कन्वर्टिबल डिबेंचर के जरिये जुटाए, जिससे नकदी स्थिति बेहतर हुई है। कंपनी की AGR देनदारी फिलहाल 87,695 करोड़ रुपये पर स्थिर है, जिसका भुगतान आने वाले वर्षों में चरणबद्ध तरीके से किया जाना है।

शेयर का प्रदर्शन और आगे की नजर

दोपहर के कारोबार में Vodafone Idea का शेयर लगभग 11.5 रुपये के आसपास कारोबार करता दिखा और दिन में हल्की कमजोरी दर्ज की गई। हालांकि पिछले छह महीनों में शेयर में जोरदार तेजी देखी गई है। प्रमोटर की खरीद और ऑपरेशनल सुधार ने निवेशकों का ध्यान फिर इस शेयर की ओर खींचा है, हालांकि कर्ज और प्रतिस्पर्धा अब भी कंपनी के सामने बड़ी चुनौतियां बनी हुई हैं।

Vi Share Price

शेयर प्राइस

डिस्क्लेमर: TIMES NOW नवभारत किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ या कमोडिटी में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article