जब 5जी नेटवर्क से टेलीकॉम मिनिस्टर ने लगाया वीडियो कॉल, 5G कॉल का सफल परीक्षण

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 20, 2022, 11:47 AM IST

देश में 5G कॉल का सफल परीक्षण किया गया जब केंद्रीय दूरसंचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को आईआईटी मद्रास में स्थापित एक परीक्षण नेटवर्क से पहली 5जी कॉल की। 

नई दिल्ली: देश में 5G कॉल का सफल परीक्षण किया गया । केंद्रीय दूरसंचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस संबंध में जानकारी दी। अश्विनी वैष्णव ने आईआईटी-मद्रास में परीक्षण नेटवर्क से पहली 5जी कॉल की। केंद्रीय दूरसंचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को देश में विकसित दूरसंचार उपकरणों का इस्तेमाल करते हुए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्था-मद्रास (आईआईटी मद्रास) में स्थापित एक परीक्षण नेटवर्क से पहली 5जी कॉल की। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को देश के पहले 5जी टेस्ट-बेड का उद्घाटन किया था, जिसे आईआईटी मद्रास के नेतृत्व में कुल आठ संस्थानों द्वारा बहु-संस्थान सहयोगी परियोजना के रूप में विकसित किया गया है।वैष्णव ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘‘आत्मनिर्भर 5जी। आईआईटी मद्रास में 5जी कॉल का सफलतापूर्वक परीक्षण किया गया। संपूर्ण नेटवर्क भारत में डिजाइन और विकसित किया गया है।

दूरसंचार मंत्री ने स्वदेश में विकसित 5जी तकनीक के उपकरणों पर वीडियो कॉल करने के बाद कहा कि प्रधानमंत्री का दृष्टिकोण साकार हुआ।वैष्णव ने कॉल करने के बाद कहा, ‘‘उनका (प्रधानमंत्री का) दृष्टिकोण भारत में विकसित, भारत में निर्मित और दुनिया के लिए बना हमारा अपना 4जी, 5जी प्रौद्योगिकी ढांचा है। हमें इस संपूर्ण प्रौद्योगिकी के साथ दुनिया को जीतना है।’’
सरकार को उम्मीद है कि इस साल अगस्त-सितंबर तक देश में 5जी सेवाएं शुरू हो जाएंगी।  (एजेंसी इनपुट के साथ)
 

End of Article