UPI Transaction Record March 2026: डिजिटल पेमेंट के क्षेत्र में भारत लगातार नए आयाम स्थापित कर रहा है और National Payments Corporation of India द्वारा जारी ताजा आंकड़े इस बात का प्रमाण बने हैं। UPI (Unified Payments Interface) के मासिक आंकड़ों के अनुसार, मार्च 2026 में ट्रांजैक्शन की संख्या और कुल राशि में शानदार उछाल दर्ज किया गया है।
यूपीआई ने बनाया इस साल का नया रिकॉर्ड
एनपीसीआई की ओर से दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मार्च 2026 में UPI के जरिए कुल 22.64 अरब ट्रांजैक्शन किए गए। यह सालाना आधार पर लगभग 24% की वृद्धि को दर्शाता है। वहीं, ट्रांजैक्शन की कुल राशि भी बढ़कर 29.53 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच गई, जो पिछले साल की तुलना में करीब 19% अधिक है। इसके अलावा, दैनिक औसत के हिसाब से भी UPI का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। मार्च 2026 में हर दिन औसतन 730 मिलियन ट्रांजैक्शन हुए, जबकि दैनिक औसत राशि लगभग 95,243 करोड़ रुपये रही। मार्च में दर्ज किए गए यूपीआई ट्रांजैक्शन और ट्रांजैक्शन अमाउंट इस वर्ष के जनवरी और फरवरी आंकड़ो से अधिक रहे।
फरवरी में हुए थे 20.39 अरब ट्रांजैक्शन
इस वर्ष फरवरी की बात करें इस महीने 20.39 अरब ट्रांजैक्शन हुए थे और कुल ट्रांजैक्शन वैल्यू 26.84 लाख करोड़ रुपये रही थी। यह भी अपने आप में एक मजबूत प्रदर्शन था, जिसमें ट्रांजैक्शन काउंट में 27% और राशि में 22% की सालाना वृद्धि देखी गई थी।
जनवरी में हुए थे 21.70 अरब ट्रांजैक्शन
इस वर्ष जनवरी 2026 के आंकड़े भी काफी मजबूत रहे, जिसमें कुल 21.70 अरब ट्रांजैक्शन और 28.33 लाख करोड़ रुपये की वैल्यू दर्ज की गई थी। इससे साफ है कि UPI लगातार ग्रोथ ट्रैक पर बना हुआ है।
कैशलेस इकोनॉमी की ओर भारत के कदम
UPI की इस तेजी से बढ़ती लोकप्रियता का मुख्य कारण इसकी आसान, तेज और सुरक्षित पेमेंट सिस्टम है। BHIM App जैसे प्लेटफॉर्म्स ने डिजिटल लेन-देन को आम लोगों तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई है। यूपीआई के आंकड़े बताते हैं कि भारत तेजी से कैशलेस इकोनॉमी की ओर बढ़ रहा है। UPI न केवल देश के भीतर भुगतान को सरल बना रहा है, बल्कि भविष्य में वैश्विक स्तर पर भी भारत की डिजिटल ताकत को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
