Twitter Ad Revenue Drops: ट्विटर के ऐड रेवेन्यू (विज्ञापन आय) में लगभग 50% की गिरावट और भारी कर्ज बना हुआ है, जिसकी वजह से ट्विटर का कैश फ्लो निगेटिव हो गया है। इस बात की पुष्टि खुद ट्विटर के मालिक एलन मस्क ने की है। मस्क रीकैपिटलाइजेशन पर सुझावों का जवाब देते हुए एक ट्वीट में कहा कि किसी भी चीज का आनंद लेने से पहले हमें पॉजिटिव कैश फ्लो तक पहुंचना होगा।
इससे पता चलता है कि अक्टूबर में मस्क के ट्विटर के अधिग्रहण करने के बाद से लागत में कटौती के जो भी तिकड़म किए गए वह ट्विटर के कैश फ्लो को पॉजिटिव बनाने के लिए पर्याप्त नहीं हैं। ट्विटर का विज्ञापन रेवेन्यू उतनी तेजी से नहीं बढ़ पाया है जितना मस्क ने सोचा था।
ट्विटर ने गैर ऋण व्यय घटाया
बता दें कि हाल ही में कर्मचारियों की छंटनी और क्लाउड सर्विस बिलों में कटौती के बाद मस्क ने कहा था कि कंपनी ने अपने गैर-ऋण व्यय (Non Debt Expenditure) को 2023 में अनुमानित 4.5 बिलियन डॉलर से घटाकर 1.5 बिलियन डॉलर कर दिया है। गौरतलब है कि ट्विटर को कर्ज के कारण लगभग 1.5 बिलियन डॉलर का वार्षिक ब्याज का भुगतान करना पड़ता है।
2023 के अंत तक 3 बिलियन डॉलर का रेवेन्यू करने का दावा
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मस्क द्वारा विज्ञापन आय में 50% की गिरावट का जो दावा किया जा रहा है, उसकी समय-सीमा क्या है? उन्होंने कहा है कि ट्विटर 2023 में 3 बिलियन डॉलर का राजस्व अर्जित करने की राह पर है। यह 2021 में 5.1 बिलियन डॉलर से कम है।
कंटेंट मॉडरेशन से विज्ञापन देने वालों को दिक्कत
कंटेंट मॉडरेशन को लेकर ट्विटर की आलोचना हो चुकी है। इसके बाद कई विज्ञापनदाता प्लेटफॉर्म से हट गए हैं। वह नहीं चाहते थे कि उनके विज्ञापन अनुचित कंटेंट के बगल में दिखाए जाएं।
ट्विटर के लिए विज्ञापन बिक्री खास
ऐसे में मस्क ने एनबीसी यूनिवर्सल की पूर्व विज्ञापन प्रमुख लिंडा याकारिनो को CEO के रूप में नियुक्त करना यह संकेत देता है कि ट्विटर के लिए विज्ञापन बिक्री को प्राथमिकता देना अहम है।
कॉमर्शियल पार्टनरशिप पर ध्यान केंद्रित कर रही ट्विटर
याकारिनो ने जून की शुरुआत में ट्विटर के लिए काम करना शुरू किया और निवेशकों को बताया कि ट्विटर वीडियो, निर्माता और कमर्शियल पार्टनरशिप पर ध्यान केंद्रित करने की योजना बना रहा है। इसके लिए प्लेटफॉर्म राजनीतिक और मनोरंजन हस्तियों, पेमेंट सर्विस, समाचार और मीडिया पब्लिशर्स के साथ बातचीत कर रहा है।
बीते गुरुवार को ट्विटर ने कहा था कि चुनिंदा कंटेंट क्रिएटर साइट पर अधिक कंटेंट क्रिएटर्स को आकर्षित करने के लिए कंपनी को मिले विज्ञापन रेवेन्यू का कुछ हिस्सा दिया जाएगा।
