Credit Card Balance Transfer: अगर आपके क्रेडिट कार्ड में बकाया राशि (जिसका भुगतान किया जाना है) है और आप इसका पूरा भुगतान नहीं कर पा रहे तो तो आप किसी अन्य बैंक के क्रेडिट कार्ड पर इस बैलेंस को ट्रांसफर करा सकते हैं। बैलेंस ट्रांसफर के जरिए बैंक/एनबीएफसी आपको किसी दूसरे बैंक के क्रेडिट कार्ड से बकाया बैलेंस को ट्रांसफर करने और फाइनेंस चार्जेस समेत अन्य जुर्माने से बचा सकते हैं। आपको सीमित अवधि के लिए 0% ब्याज दर या क्रेडिट कार्ड बैलेंस ट्रांसफर पर अन्य डील्स की पेशकश भी जा सकती है। मगर इस पर नया बैंक कुछ चार्ज लेगा। आगे जानिए तरीका, फायदे और चार्जेस।
कैसे करें बैलेंस ट्रांसफर के लिए अप्लाई
कार्डहोल्डर नेटबैंकिंग के जरिए, कस्टमर केयर से संपर्क करके, एसएमएस के माध्यम से क्रेडिट कार्ड बैलेंस ट्रांसफर के लिए आवेदन कर सकते हैं। नए क्रेडिट कार्ड (जिसमें बैलेंस ट्रांसफर होगा) आवेदन के समय आई़डी, एडरेस और आय का प्रमाण भी देना हो सकता है।
क्या हैं फायदे
फाइनेंशियल तनाव होगा कम
बैलेंस ट्रांसफर करने पर क्रेडिट कार्ड पर फाइनेंस चार्ज की तुलना में काफी कम ब्याज लगेगा। क्रेडिट कार्ड फाइनेंस चार्जेस (ब्याज दरें) लगभग 3.5% प्रति माह हैं। जबकि बैलेंस ट्रांसफर पर ब्याज दर आमतौर पर लगभग 1.8% प्रति माह है। कुछ बैंक 0% ब्याज दर की पेशकश भी कर सकते हैं।
क्रेडिट स्कोर होगा बेहतर
कम ब्याज दरों से कार्डधारकों के लिए भुगतान करना आसान हो जाएगा और इससे क्रेडिट स्कोर स्थिर हो जाएगा। वे समय पर भुगतान के साथ इसमें सुधार भी कर सकते हैं।
इंटेरेस्ट-फ्री पीरियड
क्रेडिट कार्ड प्रोवाइडर बैलेंस ट्रांसफर के बाद नई शॉपिंग पर भी इंटेरेस्ट-फ्री पीरियड ऑफर करते हैं। इस तरह ग्राहक उस पर ब्याज के बिना नई खरीदारी कर सकता है।
बाकी बेनेफिट
क्रेडिट कार्ड प्रोवाइडर कभी-कभी ग्राहकों को टीज़र रेट या अन्य ऑफ़र देते हैं। इन फायदों में लंबा इंटेरेस्ट-फ्री पीरियड, कम ब्याज दरें आदि शामिल हो सकती हैं।
कितना लगेगा चार्ज
प्रोसेसिंग फीस
ग्राहकों से बैलेंस ट्रांसफर के लिए प्रोसेसिंग शुल्क लिया जाएगा जो 1% से 3% के बीच हो सकता है। कुछ बैंक एक तय चार्ज भी ले सकते हैं।
ब्याज दर
बैलेंस ट्रांसफर पर लगने वाला ब्याज एक निश्चित अवधि के लिए 0% हो सकता है। लेकिन, ब्याज दर आमतौर पर 0.75% के आसपास होती है और कुछ क्रेडिट कार्ड के फाइनेंस चार्ज तक हो सकती है।
