Train Accident: ओडिशा के बालासोर जिले में शुक्रवार शाम हुए भीषण रेल हादसे ने पूरी देश को झकझोर कर रख दिया है। 3 ट्रेनों के बीच हुए इस भयानक टक्कर में अभी तक 238 लोगों की मौत हो चुकी है और 650 से ज्यादा लोग घायल हैं, जिनका अलग-अलग अस्पताल में इलाज चल रहा है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने हादसे के बाद शुक्रवार की रात को ही मुआवजे का ऐलान कर दिया था। अश्विनी वैष्णव ने बताया कि हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को 10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायल लोगों को 2 लाख रुपये और मामूली रूप से घायल लोगों को 50 हजार रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।
35 पैसे में मिलता है 10 लाख रुपये का कवर
मौजूदा समय में ज्यादातर लोग अब ऑनलाइन ट्रेन टिकट बुक करते हैं। ऑनलाइन टिकट बुक करते समय IRCTC यात्रियों को सिर्फ 35 पैसे में ट्रैवल इंश्योरेंस ऑफर करता है, जिसमें यात्री को 10 लाख रुपये का कवर मिलता है। हालांकि, ऑनलाइन टिकट बुकिंग में ट्रैवल इंश्योरेंस लेने के लिए यात्रियों को ऑप्शन चुनना होता है। अगर आप ऑप्शन नहीं चुनते हैं तो आपको इंश्योरेंस नहीं मिलेगा। लेकिन यहां हैरानी की बात ये है कि लोग दिन में यूं ही खाने-पीने में सैकड़ों रुपये खर्च कर देते हैं लेकिन 35 पैसे में मिलने वाला 10 लाख रुपये का इंश्योरेंस नहीं लेते हैं।
ऑनलाइन टिकट बुक करते समय कभी न करें ये गलती
बताते चलें कि IRCTC से टिकट बुक करने पर 35 पैसे में मिलने वाला इंश्योरेंस रेल हादसे में मृत्यु होने पर 10 लाख रुपये, स्थायी आंशिक विकलांगता होने पर 7.5 लाख रुपये का कवर मिलता है। इसके अलावा घायल होने पर हॉस्पिटलाइजेशन की स्थिति में 2 लाख रुपये और शव के परिवहन के लिए 10 हजार रुपये का अलग से कवर मिलता है। इसलिए, अगर आप जब कभी भी ट्रेन में टिकट बुक कराएं तो 35 पैसे वाला 10 लाख रुपये का इंश्योरेंस लेना बिल्कुल न भूलें। भगवान न करे कि आपको कभी इस इंश्योरेंस की जरूरत पड़े लेकिन सतर्क रहना भी बहुत जरूरी है।
