TIME 100 Philanthropy List: प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय टाइम पत्रिका ने मंगलवार को परमार्थ (दान और सामाजिक सेवा) के क्षेत्र में 2025 के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों की अपनी पहली लिस्ट जारी की, जिसमें भारत से चार प्रमुख नाम शामिल हैं। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani), रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक चेयरपर्सन नीता अंबानी(Nita Ambani), विप्रो के पूर्व चेयरमैन अजीम प्रेमजी (Azim Premji) और जीरोधा के सह-संस्थापक निखिल कामत (Nikhil Kamat)। टाइम ने कहा कि यह लिस्ट उन व्यक्तियों की पहचान करती है, जो दुनिया भर में जरूरतमंदों तक मदद पहुंचा रहे हैं और सामाजिक बदलाव में योगदान दे रहे हैं।
अंबानी दंपति: सामाजिक सेवा में अग्रणी
मुकेश (Mukesh Ambani) और नीता अंबानी (Nita Ambani) के योगदान की प्रशंसा करते हुए पत्रिका ने उल्लेख किया कि उन्होंने 2024 में परमार्थ कार्यों के लिए 407 करोड़ रुपये (करीब 4.8 करोड़ डॉलर) का दान दिया। इस दंपति ने शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, कृषि सुधार, जल संरक्षण और दृष्टिहीनों के लिए सहायता सहित कई सामाजिक पहलों का समर्थन किया है। रिलायंस फाउंडेशन के माध्यम से लाखों विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी गई, महिलाओं को स्वरोजगार और कौशल विकास में मदद दी गई, ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि सुधार कार्यक्रम चलाए गए, अस्पताल और स्कूलों का निर्माण कराया गया।
अजीम प्रेमजी: शिक्षा सुधार के लिए समर्पित
टाइम पत्रिका ने अजीम प्रेमजी (Azim Premji) को भारत के सबसे उदार परमार्थकर्ताओं में से एक बताया। वे 'गिविंग प्लेज' पर हस्ताक्षर करने वाले पहले भारतीय हैं। एक वैश्विक पहल जिसके तहत अमीर लोग अपनी संपत्ति का बड़ा हिस्सा दान करने का संकल्प लेते हैं। 2013 में प्रेमजी ने विप्रो के 29 अरब डॉलर से अधिक मूल्य के शेयर अपने द्वारा स्थापित फाउंडेशन को दान कर दिए, जो पिछले दो दशकों से भारत में सार्वजनिक शिक्षा प्रणाली को बेहतर बनाने पर काम कर रहा है।
निखिल कामत: युवा परमार्थ के प्रतीक
जीरोधा के सह-संस्थापक निखिल कामत (Nikhil Kamat) को टाइम ने सबसे कम उम्र के भारतीय 'गिविंग प्लेज' साइन करने वाले व्यक्ति के रूप में शामिल किया। उन्होंने 36 वर्ष की उम्र में यह संकल्प लिया था। कामत ने शिक्षा और पर्यावरणीय परियोजनाओं के लिए लाखों डॉलर दान किए हैं। उन्होंने 'यंग इंडिया फिलैंथ्रोपिक प्लेज' (YIPP) नामक एक पहल भी शुरू की, जिसमें 45 वर्ष से कम आयु के उन भारतीयों से संपत्ति का कम से कम 25% दान करने की अपील की गई है, जिनके पास 100 मिलियन डॉलर से अधिक की संपत्ति है।
अन्य वैश्विक हस्तियां भी सूची में
इस वैश्विक सूची में अन्य नामचीन हस्तियों में फुटबॉलर डेविड बेकहम, मीडिया टायकून माइकल ब्लूमबर्ग, टेलीविजन स्टार ओप्रा विन्फ्रे, निवेशक वारेन बफे, परमार्थ कार्यकर्ता मेलिंडा गेट्स, ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन, और अलीबाबा के संस्थापक जैक मा शामिल हैं। टाइम की यह पहल इस बात को रेखांकित करती है कि कैसे विश्व के प्रभावशाली व्यक्ति समाज में सार्थक बदलाव के लिए अपने संसाधनों का उपयोग कर रहे हैं। (एजेंसी इनपुट के साथ)
