बिजनेस

TCS Q1 Results 2025: पहली तिमाही में टीसीएस का शानदार प्रदर्शन, डिविडेंड का किया ऐलान, जानिए रिकॉर्ड और पेमेंट डेट

TCS Q1 Results 2025: टीसीएस ने पहली तिमाही (Q1 FY25) में 5.98% सालाना वृद्धि के साथ ₹12,760 करोड़ का शुद्ध लाभ दर्ज किया। यह पिछले वर्ष ₹12,040 करोड़ और पिछले तिमाही में ₹12,224 करोड़ था। तिमाही दर तिमाही मुनाफा 4.38% बढ़ा। टीसीएस भारत की सबसे बड़ी आईटी सेवा कंपनी है।

Image

TCS Q1 Results 2025 (तस्वीर-istock)

TCS Q1 Results 2025: भारत की सबसे बड़ी आईटी सेवा कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने गुरुवार, 10 जुलाई 2025 को जून तिमाही (Q1 FY25) के लिए अपने वित्तीय नतीजे जारी किए। कंपनी ने सालाना आधार पर 5.98% की वृद्धि के साथ ₹12,760 करोड़ का नेट प्रॉफिट दर्ज किया। पिछली तिमाही की तुलना में मुनाफे में 4.38% की बढ़ोतरी हुई है। तिमाही के दौरान कंपनी का राजस्व सालाना आधार पर 62,613 करोड़ रुपये से 1.3 प्रतिशत बढ़कर 63,437 करोड़ रुपये हो गया। हालांकि स्थिर मुद्रा मूल्य में इसमें तीन प्रतिशत की गिरावट आई।

टीसीएस के बयान के अनुसार, अप्रैल-जून की अवधि में इसका परिचालन लाभ मार्जिन तिमाही आधार पर 0.30 प्रतिशत बढ़कर 24.5 प्रतिशत हो गया। कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी के कृतिवासन ने कहा कि निरंतर वैश्विक वृहद आर्थिक और भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के कारण मांग में कमी आई है। समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी ने 9.4 अरब अमेरिकी डॉलर के नए सौदों पर हस्ताक्षर किए। समीक्षाधीन तिमाही के अंत में कंपनी के कुल कर्मचारियों की संख्या 6,13,069 थी जो पिछले वर्ष की तुलना में 6,000 अधिक है। बीएसई में कंपनी का शेयर 0.06 प्रतिशत की गिरावट के साथ 3,382.30 रुपये पर बंद हुआ।

शेयरधारकों के लिए खुशखबरी: ₹11 प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड घोषित

टीसीएस ने जानकारी दी कि बोर्ड की बैठक में ₹1 के फेस वैल्यू वाले प्रति इक्विटी शेयर पर ₹11 का अंतरिम डिविडेंड घोषित किया गया है। यह डिविडेंड उन शेयरधारकों को मिलेगा जिनके नाम कंपनी के रजिस्टर या डिपॉजिटरी रिकॉर्ड में 16 जुलाई 2025 (रिकॉर्ड डेट) तक दर्ज होंगे।

डिविडेंड भुगतान तारीख: 4 अगस्त 2025

घोषित अंतरिम डिविडेंड सोमवार, 4 अगस्त 2025 को पात्र शेयरधारकों को भुगतान किया जाएगा।

टीसीएस डिविडेंड इतिहास: भरोसेमंद रिटर्न देने वाली कंपनी

टीसीएस ने पिछले तीन वित्तीय वर्षों में ₹314 प्रति शेयर का कुल डिविडेंड दिया है। हालांकि शेयर प्राइस में केवल 5% की वृद्धि हुई है, लेकिन डिविडेंड के जरिए कुल रिटर्न 14% तक पहुंचा है।

  • FY 2022–23: ₹115 प्रति शेयर (₹67 स्पेशल + ₹24 फाइनल)
  • FY 2023–24: ₹73 प्रति शेयर
  • FY 2024–25: ₹126 प्रति शेयर (₹66 स्पेशल + ₹30 फाइनल)

टीसीएस टाटा ग्रुप के लिए एक मजबूत नकद प्रवाह वाली कंपनी है और दलाल स्ट्रीट पर शीर्ष डिविडेंड देने वालों में से एक मानी जाती है।

(Disclaimer: यह लेख केवल सूचना देने के उद्देश्य से प्रस्तुत किया गया है और इसे किसी प्रकार की निवेश सलाह के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल अपने पाठकों/दर्शकों को सलाह देता है कि किसी भी वित्तीय निर्णय से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर करें।)

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article