TCS Dividend 2026: आईटी सेक्टर की दिग्गज कंपनी Tata Consultancy Services Ltd (TCS) एक बार फिर डिविडेंड को लेकर निवेशकों के रडार पर है। कंपनी ने दिसंबर तिमाही के लिए तीसरे अंतरिम डिविडेंड का ऐलान तो कर दिया है, लेकिन डिविडेंड की रकम फिलहाल घोषित नहीं की गई है। रिकॉर्ड डेट और बोर्ड मीटिंग की तारीख सामने आने के बाद अब निवेशक Q3 नतीजों और संभावित डिविडेंड पर नजर बनाए हुए हैं।
TCS Dividend 2026: तीसरा अंतरिम डिविडेंड घोषित
TCS ने 23 दिसंबर को एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि वह 31 दिसंबर, 2025 को खत्म हो रही तिमाही और नौ महीने की अवधि के लिए तीसरा अंतरिम डिविडेंड घोषित करने जा रही है। हालांकि, कंपनी ने अभी यह साफ नहीं किया है कि प्रति शेयर कितना डिविडेंड दिया जाएगा। बाजार में आमतौर पर माना जा रहा है कि TCS अपने मजबूत कैश फ्लो और डिविडेंड ट्रैक रिकॉर्ड को देखते हुए इस बार भी आकर्षक भुगतान कर सकती है।
Q3 रिजल्ट और बोर्ड मीटिंग
कंपनी ने बताया है कि बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक सोमवार, 12 जनवरी, 2026 को होगी। इसी बैठक में कंपनी के मौजूदा वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही (Q3) और नौ महीने के ऑडिटेड स्टैंडअलोन नतीजों को मंजूरी दी जाएगी। इसी मीटिंग में अंतरिम डिविडेंड की राशि पर भी फैसला लिया जा सकता है। यानी 12 जनवरी को निवेशकों को एक साथ नतीजों और डिविडेंड पर बड़ी अपडेट मिलने की उम्मीद है।
डिविडेंड के लिए रिकॉर्ड डेट कब
TCS ने अंतरिम डिविडेंड के लिए 17 जनवरी, 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की है। इसका मतलब यह है कि जिन निवेशकों के नाम इस तारीख तक कंपनी के रजिस्टर या डिपॉजिटरी रिकॉर्ड में दर्ज होंगे, वही इस डिविडेंड के हकदार होंगे। रिकॉर्ड डेट के आसपास शेयर में आमतौर पर ज्यादा हलचल देखने को मिलती है।
निवेशकों को हमेशा मिला है भरोसा
TCS का डिविडेंड ट्रैक रिकॉर्ड काफी मजबूत रहा है। साल 2025 में कंपनी ने जून में 30 रुपये का फाइनल डिविडेंड दिया था। इसके अलावा जनवरी 2025 में 10 रुपये का अंतरिम डिविडेंड और 66 रुपये का स्पेशल डिविडेंड भी दिया गया। जुलाई और अक्टूबर 2025 में कंपनी ने 11-11 रुपये के दो और अंतरिम डिविडेंड दिए। यही वजह है कि डिविडेंड पसंद करने वाले निवेशकों के पोर्टफोलियो में TCS की खास जगह बनी हुई है।
फिलहाल कैसा परफॉर्म कर रहा शेयर
सोमवार को BSE TCS का शेयर 0.78 फीसदी की गिरावट के साथ 3,254 रुपये के आसपास ट्रेड करता दिखा। मौजूदा स्तरों पर कंपनी का मार्केट कैप करीब Rs 11.77 लाख करोड़ रुपये के करीब है। डिविडेंड और तिमाही नतीजों से पहले शेयर में वोलैटिलिटी बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। क्योंंकि, 12 जनवरी की बोर्ड मीटिंग TCS के निवेशकों के लिए बेहद अहम रहने वाली है। Q3 नतीजों के साथ-साथ तीसरे अंतरिम डिविडेंड की राशि पर भी तस्वीर साफ हो जाएगी। डिविडेंड-फोकस्ड निवेशकों के लिए यह स्टॉक फिलहाल हाई अलर्ट मोड पर है।
