Stock Market Closing: सोमवार को भारी गिरावट के बाद मंगलवार को शेयर बाजार ने अच्छी वापसी की। मंगलवार को सेंसेक्स 1,089.18 अंक या 1.49 प्रतिशत बढ़कर 74,227.08 पर और निफ्टी 374.25 अंक या 1.69 प्रतिशत बढ़कर 22,535.85 पर बंद हुआ। आज करीब 2968 शेयरों में तेजी, 843 शेयरों में गिरावट और 115 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। निफ्टी पर जियो फाइनेंशियल, श्रीराम फाइनेंस, टाइटन कंपनी, सिप्ला, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स में सबसे अधिक तेजी आई, जबकि एकमात्र नुकसान में रहने वाला शेयर है पावर ग्रिड।
ये भी पढ़ें -
एक दिन में बरसे लाखों करोड़
आज आई तेजी से निवेशकों को 7 लाख करोड़ रु से अधिक का लाभ हुआ। कल सोमवार को बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों की मार्केट कैपिटल 3,89,25,660.75 करोड़ रु थी, जो आज 3,96,68,282.95 करोड़ रु हो गयी। यानी निवेशकों को 7.38 लाख करोड़ रु का लाभ हुआ।
किन सेक्टरों में आई तेजी
सभी सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए, जिनमें कैपिटल गुड्स, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, एफएमसीजी, तेल एवं गैस, पीएसयू, रियल्टी, दूरसंचार, मीडिया 2-4 प्रतिशत तक बढ़े। बीएसई मिडकैप सूचकांक में 1.8 प्रतिशत और स्मॉलकैप सूचकांक में 2 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
एशियाई बाजारों से मिला सहारा
भारतीय शेयर बाजार को एशिया बाजारों से सहारा मिला। जापान का निक्की, हांगकांग का हैंगसेंग, चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट और दक्षिण कोरिया का कॉस्पी सकारात्मक दायरे में रहे। निक्की 225, सूचकांक में छह प्रतिशत की तेजी आई।
घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने की खरीदारी
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 9,040.01 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 12,122.45 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।
डिस्क्लेमर : यहां मुख्य तौर पर शेयर बाजार की जानकारी दी गयी है, निवेश की सलाह नहीं। इक्विटी मार्केट में जोखिम होता है, इसलिए निवेश अपने जोखिम पर करें। निवेश करने से पहले एक्सपर्ट की राय जरूर लें।
