बिजनेस

Stock Market Closing: शेयर बाजार में तेजी जारी, सेंसेक्स फिर 80,000 के पार, SBI-RIL में शानदार मजबूती

Stock Market Closing: सेंसेक्स की कंपनियों में लार्सन एंड टुब्रो, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई), अडानी पोर्ट्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज, पावर ग्रिड, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), कोटक महिंद्रा बैंक और एक्सिस बैंक के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे।

Image

शेयर बाजार में तेजी

Photo : iStock
KEY HIGHLIGHTS
  • शेयर बाजार में तेजी
  • सेंसेक्स फिर 80000 के पार
  • SBI-RIL उछले

Stock Market Closing: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भाजपा की अगुवाई वाले गठबंधन को मिली धमाकेदार जीत और दिग्गज कंपनियों के शेयरों में खरीदारी के दम पर सोमवार को घरेलू शेयर बाजारों में जोरदार उछाल दर्ज की गयी। सेंसेक्स ने करीब 993 अंक की छलांग लगाई और निफ्टी भी 315 अंक चढ़ गया। बीएसई का 30 शेयरों वाला सूचकांक सेंसेक्स पिछले सत्र की तेजी को जारी रखते हुए 992.74 अंक यानी 1.25 प्रतिशत चढ़कर 80,109.85 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,355.97 अंक बढ़कर 80,473.08 अंक पर पहुंच गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 314.65 अंक यानी 1.32 प्रतिशत बढ़कर 24,221.90 अंक पर पहुंच गया।

ये भी पढ़ें -

किन शेयरों में आई तेजी

सेंसेक्स की कंपनियों में लार्सन एंड टुब्रो, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई), अडानी पोर्ट्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज, पावर ग्रिड, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), कोटक महिंद्रा बैंक और एक्सिस बैंक के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे।

दूसरी तरफ जेएसडब्ल्यू स्टील, टेक महिंद्रा, इन्फोसिस, मारुति सुजुकी, एशियन पेंट्स और एचसीएल टेक के शेयरों में गिरावट का रुख रहा।

जोमैटो पर बड़ा ऐलान

इस बीच, ऑनलाइन खानपान आपूर्तिकर्ता जोमैटो को 23 दिसंबर से जेएसडब्ल्यू स्टील की जगह बीएसई सेंसेक्स के समूह में शामिल करने का फैसला किया गया है। यह बीएसई की सब्सिडियरी कंपनी एशिया इंडेक्स प्राइवेट लिमिटेड के लेटेस्ट सेंसेक्स रिस्ट्रक्चरिंग का हिस्सा है।

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी के विजयकुमार ने कहा, ‘‘बाजार ने सबको अचंभे में डालने की अपनी क्षमता शुक्रवार को निफ्टी में 557 अंक के उछाल के साथ दिखाई थी और यह सिलसिला महाराष्ट्र में भाजपा की अगुवाई वाले गठबंधन के शानदार प्रदर्शन के दम पर जारी रहा। इस चुनाव का व्यापक राजनीतिक संदेश है और बाजार के नजरिये से यह बेहद सकारात्मक है।’’

विदेशी बाजारों का हाल

भाजपा ने शनिवार को घोषित महाराष्ट्र के चुनावी नतीजों में शानदार प्रदर्शन किया है। भाजपा की अगुवाई वाले महायुति गठबंधन ने रिकॉर्ड संख्या में सीटें जीतकर सत्ता में वापसी की है।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की बढ़त के साथ बंद हुए जबकि चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट पर रहा।

यूरोप के बाजार दोपहर के कारोबार में लाभ में थे। शुक्रवार को अमेरिकी बाजार सकारात्मक दायरे में बंद हुए थे।

ब्रेंट क्रूड के दाम घटे

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.40 प्रतिशत गिरकर 74.87 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 1,278.37 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की।

बीएसई सेंसेक्स शुक्रवार को 1,961.32 अंक बढ़कर 79,117.11 अंक पर और निफ्टी 557.35 अंक चढ़कर 23,907.25 अंक पर बंद हुआ था। (इनपुट - भाषा)

Kashid Hussain
काशिद हुसैन author

<p>काशिद हुसैन अप्रैल 2023 से Timesnowhindi.Com (टाइम्स नाउ नवभारत) के साथ काम कर रहे हैं। यहां पर वे सीनियर कॉरेस्पोंडेंट हैं। टाइम्स नाउ नवभारत की बिजनेस टीम में वह शेयर मार्केट, म्यूचुअल फंड और आर्थिक जगत से जुड़ी सभी तरह की स्टोरी और वेब स्टोरी करते हैं। रिसर्च आधारित स्टोरी के लिए नए एंगल तलाश करना और रीडर्स की रुचि के अनुसार कॉपी लिखने पर फोकस रहता है। शेयर बाजार में खास रुचि है और इससे जुड़ी रियल टाइम खबरें कम समय में लगाने में विशेषज्ञता है। मीडिया में काम करने का 8 वर्षों का अनुभव है, जिसमें गुडरिटर्न्स और शेयर मंथन वेबसाइटों के अलावा निवेश मंथन पत्रिका में भी काम किया है। दिल्ली यूनिवर्सिटी से हिंदी पत्रकारिता में ग्रेजुएशन के बाद आईआईएमसी, नई दिल्ली से रेडियो एंव टेलीविजन में पोस्ट ग्रेजुएशन की है। ग्रेजुएशन के दौरान सहारा समय और सिटी न्यूज में इंटर्नशिप के साथ-साथ अखबार और वेबसाइट के लिए लिखना शुरू कर दिया था। काशिद को किताबें पढ़ना, फिल्में देखना और क्रिकेट में रुचि है। बिजनेस के अलावा खेल जगत और इंटरनेशनल खबरों में भी रुचि है।<br></p>

और पढ़ें
End of Article