Gold And Silver Price Today In India (सोना का भाव आज का) 20 October 2025 : भारत में सोने और चांदी की कीमतों में लगातार तेजी देखी जा रही है, कुछ दिनों को छोड़ दें तो ये दोनों धातुएं नए रिकॉर्ड बना रही हैं। इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट के मुताबिक सोमवार को बाजार बंद होने तक 24 कैरेट सोने का दाम 1,951 रुपये घटकर 1,27,633 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया है। वहीं चांदी की कीमत 6180 रुपये घटकर 163050 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। उधर आज घरेलू वायदा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में तेजी लौट आई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर दिसंबर डिलीवरी वाले सोने का वायदा भाव 982 रुपये यानी 0.77 प्रतिशत बढ़कर 1,27,990 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। चांदी वायदा भी रिकवरी में शामिल हो गया। दिसंबर डिलीवरी के लिए सफेद धातु 1,522 रुपये या 0.97 प्रतिशत बढ़कर 1,58,126 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। एमसीएक्स पर इसने 1,70,415 रुपये प्रति किलोग्राम का सर्वकालिक उच्च स्तर छुआ था। अब IBJA के अनुसार 24 कैरेट, 23 कैरेट, 22 कैरेट, 18 कैरेट और 14 कैरेट सोने के ताजा भाव जानिए।
आज का सोने-चांदी का भाव इस प्रकार है :- (Gold, Silver Rate Today in Hindi)
| शुद्धता | सुबह के रेट | दोपहर के रेट | शाम के रेट |
| सोना 24 कैरेट | 129584 रुपये प्रति 10 ग्राम | 126730 रुपये प्रति 10 ग्राम | 127633 रुपये प्रति 10 ग्राम |
| सोना 23 कैरेट | 129065 रुपये प्रति 10 ग्राम | 126223 रुपये प्रति 10 ग्राम | 127122 रुपये प्रति 10 ग्राम |
| सोना 22 कैरेट | 118699 रुपये प्रति 10 ग्राम | 116085 रुपये प्रति 10 ग्राम | 116912 रुपये प्रति 10 ग्राम |
| सोना 18 कैरेट | 97188 रुपये प्रति 10 ग्राम | 95048 रुपये प्रति 10 ग्राम | 95725 रुपये प्रति 10 ग्राम |
| सोना 14 कैरेट | 75807 रुपये प्रति 10 ग्राम | 74137 रुपये प्रति 10 ग्राम | 74665 रुपये प्रति 10 ग्राम |
| चांदी 999 | 169230 रुपये प्रति किलोग्राम | 160100 रुपये प्रति किलोग्राम | 163050 रुपये प्रति किलोग्राम |
पिछले दिन क्या थी सोने की कीमत
दिवाली त्योहार की शुरुआत के साथ धनतेरस पर देशभर में आभूषण दुकानों पर खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार देश की राजधानी दिल्ली में शनिवार को सोने की कीमतें रिकॉर्ड स्तर से नीचे गिरकर 2,400 रुपये की गिरावट के साथ 1,32,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गयीं। 99.9 प्रतिशत शुद्धता (24 कैरेट) वाले यह बहुमूल्य धातु शुक्रवार को 3,200 रुपये की तेजी के साथ 1,34,800 रुपये प्रति 10 ग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई थी। स्थानीय सर्राफा बाजार में 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले (23 कैरेट) सोने की कीमत में भी भारी गिरावट देखी गई और यह 2,400 रुपये की गिरावट के साथ 1,31,800 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) पर आ गया। पिछले सत्र में यह 1,34,200 रुपये प्रति 10 ग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर को छू गया था। गौर हो कि पिछले साल 29 अक्टूबर 2024 को मनाए गए धनतेरस पर 24 कैरेट सोने की कीमत 81,400 रुपये प्रति 10 ग्राम थी, जो इस बार बढ़कर 1,32,400 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है। यानी एक साल में इसकी कीमत में 51,000 रुपये अथवा 62.65 प्रतिशत की जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
पिछले दिन क्या थी चांदी की कीमत
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार लगातार दूसरे दिन गिरावट जारी रखते हुए चांदी की कीमतें शनिवार को 7,000 रुपये गिरकर 1,70,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स सहित) पर आ गईं। शुक्रवार को चांदी 1,77,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। चांदी की कीमतें पिछले धनतेरस पर दर्ज 99,700 रुपये प्रति किलोग्राम से 70,300 रुपये या 70.51 प्रतिशत बढ़ गई हैं।
सोने से ज्यादा चांदी की डिमांड
उच्च कीमतों के बावजूद धनतेरस के शुभ अवसर पर उपभोक्ताओं की चांदी में मांग ने सोने को पीछे छोड़ दिया। चांदी के सिक्कों की बिक्री में सालाना आधार 35 से 40 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि कुल मूल्य दोगुना से अधिक रहा। वहीं, ज्वेलरी संगठन को सोने की बिक्री में मात्रा के लिहाज से करीब 15 प्रतिशत की गिरावट की आशंका है।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स
अखिल भारतीय रत्न एवं आभूषण घरेलू परिषद (जीजेसी) के अध्यक्ष राजेश रोकड़े के मुताबिक धनतेरस 2025 में पिछले वर्ष की तुलना में कुल बिक्री में 10-15 प्रतिशत की गिरावट देखी गई है, लेकिन मूल्य में तेजी से वृद्धि हुई है। हमें उम्मीद है कि त्योहारी बिक्री 50,000 करोड़ रुपये को पार कर जाएगी। उन्होंने पीटीआई-भाषा को बताया कि उच्च कीमतों के बावजूद, रणनीतिक खरीदारी के कारण माहौल उत्साहजनक बना हुआ है। चांदी के सिक्कों और पूजा सामग्री की कीमतों में सालाना आधार पर 40 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
व्यापारियों ने कहा कि सर्राफा कीमतों में गिरावट का कारण कमजोर वैश्विक संकेत हैं, क्योंकि निवेशकों ने भारी तेजी के बाद मुनाफावसूली की। न्यूज एजेंसी पीटीआई भाषा के मुताबिक कामा ज्वेलरी के प्रबंध निदेशक कोलिन शाह ने कहा कि धनतेरस के त्योहार ने अपनी पारंपरिक चमक इस बार भी बरकरार रखी। सोने की रिकॉर्ड ऊंची कीमतों, अनुकूल आर्थिक माहौल और जीएसटी सुधारों के बावजूद उपभोक्ताओं ने निवेश में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और बाजार से जोरदार प्रतिक्रिया देखने को मिली।
