बिजनेस

छोटी बचत योजनाओं पर मिलेगा कितना ब्याज? PPF, POMIS, NSC, SCSS, SSY, KVP में कौन देगा सबसे ज्यादा रिटर्न

Small Savings Scheme Rates: जुलाई-सितंबर 2026 में छोटी बचत योजनाओं की ब्याज दरों में बदलाव नहीं हुआ। SCSS और SSY 8.20% ब्याज के साथ सबसे ज्यादा रिटर्न दे रही हैं, जबकि PPF पर 7.10% ब्याज मिलेगा।

Image

छोटी बचत योजनाओं पर ब्याज दरें कितनी है?

Photo : iStock

Small Savings Scheme Rates : सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 की जुलाई-सितंबर तिमाही के लिए छोटी बचत योजनाओं (Small Savings Schemes) की ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया है। वित्त मंत्रालय की घोषणा के बाद पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF), नेशनल सेविंग्स सर्टिफिकेट (NSC), सीनियर सिटीजन सेविंग्स स्कीम (SCSS), सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) समेत सभी प्रमुख योजनाओं पर पुरानी ब्याज दरें ही लागू रहेंगी। इस तिमाही में सबसे ज्यादा ब्याज देने वाली योजनाओं में सीनियर सिटीजन सेविंग्स स्कीम (SCSS) और सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) शामिल हैं। दोनों योजनाओं में निवेशकों को 8.20% सालाना ब्याज मिलेगा। वहीं, लंबी अवधि के सुरक्षित निवेश के लिए PPF भी एक लोकप्रिय विकल्प बना हुआ है।

PPF पर मिलेगा 7.10% ब्याज, टैक्स बचाने का भी मौका

पब्लिक प्रोविडेंट फंड यानी PPF पर जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही के लिए 7.10% सालाना ब्याज मिलेगा। यह योजना लंबी अवधि के निवेशकों के लिए बेहतर विकल्प मानी जाती है क्योंकि इसमें निवेश पूरी तरह सुरक्षित रहता है। PPF की मैच्योरिटी अवधि 15 साल होती है। इसमें निवेश करने पर इनकम टैक्स एक्ट के सेक्शन 80C के तहत एक वित्त वर्ष में 1.5 लाख रुपये तक टैक्स छूट का लाभ मिलता है। इसके अलावा PPF से मिलने वाला ब्याज (PPF Interest Rate) भी टैक्स फ्री होता है।

NSC में 7.70% ब्याज, टैक्स छूट का फायदा

नेशनल सेविंग्स सर्टिफिकेट (NSC) पर जुलाई-सितंबर 2026 के लिए 7.70% ब्याज दर तय की गई है। यह पोस्ट ऑफिस की सुरक्षित बचत योजनाओं में शामिल है। NSC में निवेश करने वाले लोगों को सेक्शन 80C के तहत 1.5 लाख रुपये तक टैक्स छूट मिल सकती है। खास बात यह है कि NSC से मिलने वाले ब्याज पर टीडीएस (TDS) नहीं काटा जाता है। हालांकि, ब्याज को टैक्स योग्य आय में शामिल किया जाता है।

पोस्ट ऑफिस MIS में हर महीने मिलेगी कमाई

पोस्ट ऑफिस मंथली इनकम स्कीम (POMIS) में जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही के लिए 7.40% ब्याज मिलेगा। यह योजना उन लोगों के लिए बेहतर है जो नियमित मासिक आय चाहते हैं। इस योजना में न्यूनतम निवेश 1,000 रुपये से शुरू किया जा सकता है। सिंगल अकाउंट में अधिकतम 9 लाख रुपये और ज्वाइंट अकाउंट में 15 लाख रुपये तक निवेश किया जा सकता है। हालांकि, इस योजना में टैक्स छूट का लाभ नहीं मिलता और मिलने वाला ब्याज पूरी तरह टैक्स के दायरे में आता है।

SCSS में सबसे ज्यादा 8.20% ब्याज, वरिष्ठ नागरिकों के लिए खास योजना

सीनियर सिटीजन सेविंग्स स्कीम (SCSS) वरिष्ठ नागरिकों के लिए सबसे आकर्षक बचत योजनाओं में से एक है। इसमें जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में 8.20% सालाना ब्याज मिलेगा। यह योजना 60 साल या उससे अधिक उम्र के लोगों के लिए उपलब्ध है। इसमें न्यूनतम निवेश 1,000 रुपये से किया जा सकता है, जबकि अधिकतम 30 लाख रुपये तक निवेश की अनुमति है। योजना की अवधि 5 साल होती है। इसमें निवेश पर सेक्शन 80C के तहत 1.5 लाख रुपये तक टैक्स छूट भी मिलती है।

सुकन्या समृद्धि योजना में बेटियों के लिए 8.20% रिटर्न

सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) पर भी 8.20% सालाना ब्याज मिलेगा। यह योजना खासतौर पर बेटियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए शुरू की गई है। इसमें न्यूनतम 250 रुपये सालाना निवेश किया जा सकता है, जबकि अधिकतम निवेश सीमा 1.5 लाख रुपये प्रति वित्त वर्ष है। SSY में मिलने वाला ब्याज पूरी तरह टैक्स फ्री होता है और निवेश पर सेक्शन 80C के तहत टैक्स छूट भी मिलती है।

KVP में 7.50% ब्याज, लेकिन टैक्स लाभ नहीं

किसान विकास पत्र (KVP) में जुलाई-सितंबर 2026 के लिए 7.50% ब्याज मिलेगा। इसमें न्यूनतम निवेश 1,000 रुपये से शुरू किया जा सकता है और अधिकतम निवेश की कोई सीमा नहीं है। हालांकि, KVP में निवेश करने पर टैक्स छूट नहीं मिलती है और मिलने वाला ब्याज टैक्स योग्य होता है।

पोस्ट ऑफिस TD और RD पर कितना मिलेगा ब्याज

पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट (POTD) में अवधि के अनुसार 6.90% से 7.50% तक ब्याज मिलेगा। इसमें 1 साल, 2 साल, 3 साल और 5 साल की अवधि के विकल्प उपलब्ध हैं। केवल 5 साल की टाइम डिपॉजिट पर ही धारा 80C के तहत टैक्स छूट मिलती है। वहीं, पोस्ट ऑफिस रिकरिंग डिपॉजिट (RD) पर जुलाई-सितंबर 2026 के लिए 6.70% ब्याज मिलेगा। इस योजना में टैक्स छूट का लाभ उपलब्ध नहीं है।

कौन सी योजना सबसे बेहतर?

अगर ब्याज दर के हिसाब से देखा जाए तो SCSS और SSY सबसे ज्यादा 8.20% रिटर्न दे रही हैं। वरिष्ठ नागरिकों के लिए SCSS बेहतर विकल्प है, जबकि बेटियों के भविष्य के लिए SSY फायदेमंद योजना है। लंबी अवधि और टैक्स फ्री रिटर्न चाहने वाले निवेशकों के लिए PPF एक मजबूत विकल्प बना हुआ है। वहीं, नियमित मासिक आय के लिए पोस्ट ऑफिस MIS उपयोगी हो सकती है।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंह author

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल ... और देखें

End of Article