भारतीय शेयर बाजार में 03 नवंबर को पूरे दिन भरी सुस्ती देखने को मिली। ट्रेडिंग के दौरान कभी गिरावट दिखी तो कभी मार्केट ने संभलने की कोशिश की। आखिर में BSE सेंसेक्स 39.78 अंक चढ़कर 83,978.49 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 50 भी 41.25 अंक की बढ़त के साथ 25,763.35 के स्तर पर बंद हुआ।
एक समय ऐसा भी आया जब सेंसेक्स करीब 330 अंक तक टूट गया था, लेकिन कुछ प्रमुख सेक्टर्स में खरीदारी लौटने से बाजार ने रिकवरी कर ली। इसके अलावा ग्लोबल मार्केट्स से मिले सकारात्मक संकेतों ने भी भारतीय बाजार को सपोर्ट दिया। नतीजतन, शुरुआती कमजोरी के बाद मार्केट मजबूत होकर बंद हुआ।
एशियाई बाजारों में तेजी देखने को मिली, जिससे भारतीय शेयर बाजार को भी सहारा मिला। साउथ कोरिया का कोस्पी, चीन का शंघाई इंडेक्स और हांगकांग का हैंगसेंग—तीनों इंडेक्स ऊपर थे। साथ ही अमेरिकी बाजार भी शुक्रवार को हरे निशान पर बंद हुए थे। इन पॉजिटिव ग्लोबल संकेतों ने घरेलू निवेशकों का भरोसा बढ़ाया।
गिरावट के बाद हुई खरीदारी
पिछले कुछ दिनों की लगातार गिरावट के बाद निवेशकों ने बैंकिंग, रियल एस्टेट और फार्मा सेक्टर के शेयरों में खरीदारी शुरू की। इससे बाजार को रिकवरी में मदद मिली। मिड-कैप और स्मॉल-कैप शेयरों में भी खरीद बढ़ने से सेंटीमेंट और बेहतर हुआ।
जीएसटी के आंकड़ों से बाजार में भरोसा
सरकार ने अक्टूबर 2025 का GST डेटा जारी किया, जिसमें लगभग ₹1.96 लाख करोड़ की वसूली दर्ज हुई। यह पिछले साल अक्टूबर की तुलना में 4.6% ज्यादा है। हालांकि, यह इस वित्त वर्ष की सबसे धीमी वृद्धि है, लेकिन त्योहारों के सीजन में खर्च बढ़ने की उम्मीद है। रेट कट के कारण खरीद में कुछ देरी हुई, लेकिन आगे डिमांड सुधरने की संभावना है।
ग्लोबल बाजार का हाल
एशियाई बाजारों की बात करें तो शुरुआती कारोबार में मिश्रित रुझान देखने को मिले। गिफ्ट निफ्टी 48 अंकों की बढ़त में रहा, जबकि जापान का निक्केई इंडेक्स 1052 अंकों की जबरदस्त तेजी के साथ ट्रेड कर रहा था। सिंगापुर का स्ट्रेट टाइम्स 0.20% टूट गया, जबकि हैंग सेंग में 124 अंकों की बढ़त दर्ज हुई। ताइवान बाजार में 21 अंकों की कमजोरी दिखी और कोरिया के कॉस्पी इंडेक्स में करीब ढाई फीसदी की बड़ी तेजी देखने को मिली।
शुक्रवार को कैसा था बाजार का हाल
बीते सत्र की बात करें तो शुक्रवार, 31 अक्टूबर को बाजार में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला था। बाजार दिनभर में लगभग 800 अंकों तक झूला और आखिर में भारी गिरावट के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स 465 अंक टूटकर 83,938 पर बंद हुआ, वहीं निफ्टी 155 अंक फिसलकर 25,722 पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 में से 25 शेयर लाल निशान पर बंद हुए। इस दौरान भारत इलेक्ट्रॉनिक्स का शेयर करीब 4% चढ़ा, जबकि जोमैटो, NTPC और कोटक बैंक में 3.5% तक की गिरावट दर्ज की गई।
(Disclaimer: यह लेख केवल सूचना देने के उद्देश्य से प्रस्तुत किया गया है और इसे किसी प्रकार की निवेश सलाह के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल अपने पाठकों/दर्शकों को सलाह देता है कि किसी भी वित्तीय निर्णय से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर करें।)
