बिजनेस

मार्केट क्रैश! Sensex 1456, Nifty 436 अंक नीचे बंद, दो दिन में 16 लाख करोड़ साफ

Share Market Today : शेयर बाजार में लगातार दूसरे बड़ी गिरावट हुई है। सेंसेक्स 1456 और निफ्टी 436 अंक तक लुढ़क गए। खासतौर पर आईटी और बैंकिंग स्टॉक्स में भारी बिकवाली हो रही है।

Image

शेयर बाजार में गिरावट जारी

Share Market Today : घरेलू शेयर बाजार में मंगलवार को जोरदार बिकवाली देखने को मिली। कारोबार खत्म होने तक Sensex 1,456 अंक टूटकर 74,559 पर बंद हुआ, जबकि Nifty 50 भी 436 अंक लुढ़ककर 23,379 के स्तर पर बंद हुआ। दिनभर बाजार पर दबाव बना रहा और निफ्टी ने इंट्राडे में 23,348 तक का निचला स्तर छू लिया। IT, बैंकिंग और फाइनेंशियल शेयरों में भारी बिकवाली ने बाजार को गहरे लाल निशान में धकेल दिया। ग्लोबल संकेतों की कमजोरी, विदेशी निवेशकों की बिकवाली और जोखिम से दूरी बनाने की रणनीति का असर भारतीय बाजार पर साफ दिखाई दिया।

शेयर बाजार में दो दिन से ज्यादा व्यापक बिकवाली के चलते दो दिन में निवेशकों को करीब 16 लाख करोड़ रुपये का झटका लगा है। शुक्रवार को जब बाजार बंद हुआ, तो भारतीय बाजार में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 4,73,10,919.395 करोड़ रुपये था, जो मंगलवार 12 मई को घटकर 4,56,99,945.78 करोड़ तक फिसल गया। इस तरह निवेशकों के पोर्टफोलियो में 16,10,973.615 करोड़ की कमी हुई है।

IT और रियल्टी शेयरों में सबसे ज्यादा तबाही

आज की गिरावट में सबसे ज्यादा मार IT और रियल्टी सेक्टर पर पड़ी। Nifty IT इंडेक्स 3.73 फीसदी टूट गया, जबकि Realty इंडेक्स में 4 फीसदी से ज्यादा की गिरावट दर्ज हुई। अमेरिकी टेक बाजारों से मिले कमजोर संकेतों और ग्लोबल ग्रोथ को लेकर बढ़ती चिंता ने IT शेयरों में बिकवाली बढ़ा दी। वहीं ऊंचे ब्याज दरों के डर ने रियल्टी शेयरों का मूड बिगाड़ दिया।

बैंकिंग और फाइनेंशियल शेयरों ने बढ़ाया दबाव

बैंकिंग शेयरों में भी भारी बिकवाली देखने को मिली। Nifty Bank 1.63 फीसदी और Financial Services इंडेक्स 2 फीसदी से ज्यादा टूट गया। निजी बैंकों के साथ PSU बैंक शेयर भी दबाव में रहे। विदेशी निवेशकों की बिकवाली और जोखिम से दूरी बनाने की रणनीति का असर बैंकिंग सेक्टर पर साफ दिखाई दिया।

छोटे शेयरों में बड़ी गिरावट

आज सिर्फ बड़े शेयर ही नहीं, बल्कि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी भारी कमजोरी देखने को मिली। Nifty Smallcap 100 इंडेक्स 3.17 फीसदी टूट गया, जबकि Midcap 100 में 2.54 फीसदी की गिरावट दर्ज हुई। इससे साफ संकेत मिला कि बाजार में बिकवाली सिर्फ चुनिंदा सेक्टर्स तक सीमित नहीं रही।

बढ़ा डर, उछला India VIX

बाजार में डर का संकेत देने वाला India VIX करीब 4 फीसदी उछलकर 19.28 पर पहुंच गया। इससे साफ है कि निवेशकों में आने वाले दिनों को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्लोबल अनिश्चितता, विदेशी फंडों की बिकवाली और कमजोर सेंटीमेंट फिलहाल बाजार पर भारी पड़ते नजर आ रहे हैं।

डिस्क्लेमर: TimesNow Navbharat किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article