Share Market Today : ग्लोबल बाजारों से मिले मजबूत संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार ने सोमवार को शानदार शुरुआत की। Sensex शुरुआती कारोबार में करीब 1197 अंक चढ़ गया, जबकि Nifty 24,000 के स्तर के करीब पहुंच गया। खास बात यह रही कि सिर्फ बड़े शेयर ही नहीं, बल्कि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी जोरदार खरीदारी देखने को मिली। वहीं, India VIX में गिरावट ने निवेशकों का भरोसा और मजबूत किया।
Nifty 361.95 अंक यानी 1.53 फीसदी की तेजी के साथ 23,984.85 तक उछल गया है। वहीं Sensex 1,197.32 अंक यानी 1.59 फीसदी उछलकर 76,725.27 के स्तर पर पहुंच गया है। बाजार की शुरुआत इतनी मजबूत रही कि शुरुआती मिनटों में Nifty और Sensex दोनों अपने दिन के उच्चतम स्तर पर ही कारोबार करते दिखे। इस दौरान निफ्टी जहां 24,011.40 अंक तक उछल गया। वहीं, सेंसेक्स 76,821.07 अंक तक पहुंच गया।
मार्केट कैप में बड़ा उछाल
बाजार में चौतरफा तेजी के चलते मार्केट कैप में बड़ा उछाल देखने को मिला है। शुक्रवार को जब शेयर बाजार बंद हुआ, तो भारतीय बाजार में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप करीब 4,61,45,088.728 करोड़ रुपये था, जो सोमवार 15 जून को बाजार खुलते ही 4,68,91,632.97 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया। इस तरह बाजार खुलते ही निवेशकों को करीब 8 लाख करोड़ रुपये का फायदा हुआ है।
चौतरफा खरीदारी
बाजार की तेजी सिर्फ चुनिंदा शेयरों तक सीमित नहीं रही। ब्रॉडर मार्केट में भी शानदार मजबूती देखने को मिली। खासतौर पर Nifty Midcap 100 में 1.59 फीसदी की तेजी देखने को मिली है। इसके अलावा Nifty Smallcap 100 में 1.58 फीसदी की बढ़त है। वहीं, Nifty MidSmallCap 400 में 1.63 फीसदी का उछाल और
Nifty Microcap 250 में 1.78 फीसदी की तेजी आई है। यह संकेत देता है कि निवेशकों का भरोसा पूरे बाजार पर बना हुआ है और जोखिम लेने की क्षमता बढ़ी है।
VIX में गिरावट ने बढ़ाया भरोसा
बाजार में तेजी के बीच India VIX 5.73 फीसदी गिरकर 14.72 पर आ गया। VIX को बाजार का डर सूचकांक माना जाता है। इसमें गिरावट यह संकेत देती है कि निवेशकों की घबराहट कम हुई है और बाजार में स्थिरता की उम्मीद बढ़ी है।
किन सेक्टरों ने दिखाई सबसे ज्यादा ताकत
सोमवार को लगभग सभी सेक्टर हरे निशान में कारोबार करते दिखे। सबसे ज्यादा तेजी रियल्टी, ऑयल एंड गैस और फाइनेंशियल सेक्टर में तेजी देखने को मिली है।Nifty Realty में 2.17 फीसदी, Nifty Oil & Gas 2.16 फीसदी तेजी देखने को मिली। वहीं, Nifty Financial Services Ex-Bank 2.14 फीसदी, Nifty Financial Services 1.85 फीसदी, Nifty MidSmall IT & Telecom 1.85 फीसदी, Nifty PSU Bank 1.58 फीसदी और Nifty Auto 1.51 फीसदी तेजी में कारोबार कर रहा है। रियल्टी, वित्तीय सेवाओं और तेल-गैस शेयरों में मजबूत खरीदारी ने बाजार को ऊंचाई पर पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
आगे किन स्तरों पर रहेगी नजर
तकनीकी विश्लेषकों के अनुसार Nifty के लिए 24,000 का स्तर मनोवैज्ञानिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण है। यदि यह स्तर मजबूती से पार होता है तो इंडेक्स 24,150 से 24,200 की ओर बढ़ सकता है। वहीं नीचे की तरफ 23,900 और 23,820 के स्तर अहम सपोर्ट माने जा रहे हैं।
क्यों आई बाजार में यह तेजी?
- वैश्विक बाजारों से सकारात्मक संकेत
- जोखिम लेने की बढ़ी निवेशक क्षमता
- India VIX में तेज गिरावट
- बैंकिंग और वित्तीय शेयरों में मजबूत खरीदारी
- मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में बढ़ती भागीदारी
