Share Market News Today, 31 Oct 2022: ग्लोबल बाजारों में मिले- जुले एक्शन के बीच आज महीने के आखिरी कारोबारी दिन शेयर बाजार में जोरदार उछाल आया। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 511.45 अंक यानी 0.85 फीसदी बढ़कर 60471.30 के स्तर पर खुला। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी में 147.80 अंक यानी 0.83 फीसदी की तेजी आई और यह 17934.60 के स्तर पर पहुंच गया। शुरुआती कारोबार में 1573 शेयरों में तेजी आई, 597 शेयरों में गिरावट आई और 130 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ।
सोमवार को शुरुआती कारोबार में सभी सेक्टर्स हरे निशान पर थे। निफ्टी ऑटो, आईटी और फार्मा के शेयरों में तेजी थी। इनके अलावा बैंक, फाइनेंस सर्विस, एफएमसीजी, मीडिया, मेट, पीएसयू बैंक, प्राइवेट बैंक और रियल्टी के शेयर भी बढ़त पर थे।
इस हफ्ते इन कारकों से प्रभावित होगा बाजार
उल्लेखनीय है कि इस हफ्ते भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक, कंपनियों के तिमाही नतीजे और अमेरिकी केंद्रीय बैंक की ओर से ब्याज दरों पर निर्णय जैसे कारकों से स्थानीय शेयर बाजार प्रभावित होगा। विश्लेषकों के मुताबिक वाहन कंपनियों के मासिक बिक्री आंकड़े और वृहद आर्थिक आंकड़ों से भी बाजार की दिशा मिलेगी। इसके अलावा मंगलवार को मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के लिए खरीद प्रबंधक सूचकांक (PMI) के आंकड़े जारी होंगे और गुरुवार को सर्विस सेक्टर के आंकड़े आएंगे।

sensex
मालूम हो कि इस महीने विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) की भारतीय शेयर बाजारों से निकासी की रफ्तार कुछ कम हुई है। सितंबर में एफपीआई ने शेयरों से 7,600 करोड़ रुपये की निकासी की थी, जबकि इस महीने अब तक एफपीआई ने पूंजी बाजारों से 1,586 करोड़ रुपये निकाले हैं। वहीं अगस्त के महीने में एफपीआई ने शुद्ध रूप से 51,200 करोड़ रुपये की लिवाली की थी।
पिछले हफ्ते सेंसेक्स की टॉप 10 में से 9 कंपनियों के मार्केट कैप में कुल 90,318.74 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई थी। सबसे ज्यादा फायदे में रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड रही। समीक्षाधीन अवधि में बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 652.7 अंक चढ़ा था।
