Share Market News Today, 13 Dec 2022: मंगलवार को दिनभर के उतार- चढ़ाव के बाद स्टॉक मार्केट तेजी के साथ बंद हुई। आज बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज के प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स में 400 अंकों से भी ज्यादा का उछाल आया और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 100 अंक से भी ज्यादा बढ़ा। सेंसेक्स 402.73 अंक (0.65 फीसदी) ऊपर 62,533.30 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी 110.85 अंक उछलकर 18,608.00 पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान यह 18,617.25 पर पहुंच गया था। अब बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 2,89,93,096.10 करोड़ रुपये हो गया।
सेक्टोरल फ्रंट पर देखें, तो एफएमसीजी, मीडिया और रियल्टी के अलावा सभी सेक्टर्स में बढ़त है। इनमें बैंक, ऑटो, फाइनेंस सर्विस, आईटी, मेटल, फार्मा, पीएसयू बैंक और प्राइवेट बैंक शामिल हैं।
इन कंपनियों का बढ़ा शेयर प्राइस
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज अधिकतम कंपनियों के शेयरों में तेजी आई। इनमें इंडसइंड बैंक, बजाज फाइनेंस, इंफोसिस, एचसीएल टेक, एम एंड एम, टीसीएस, टेक महिंद्रा, भारती एयरटेल, बजाज फिनसर्व, अल्ट्राटेक सीमेंट, सन फार्मा, आईटीसी, एक्सिस बैंक, एचडीएफसी, एसबीआई, रिलायंस, विप्रो, एशियन पेंट्स, एल एंड टी, पावर ग्रिड, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एनटीपीसी और कोटक बैंक शामिल हैं।
ये कंपनियां रहीं लूजर्स
कारोबार के अंत में डॉक्टर रेड्डी, हिंदुस्तान यूनिलीवर, टाइटन, मारुति, टाटा स्टील और नेस्ले इंडिया के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
148 दिन में जुड़े 1 करोड़ निवेशक
मालूम हो कि प्रमुख स्टॉक एक्सचेंज BSE ने 148 दिन की अवधि में अपने मंच पर एक करोड़ रजिस्टर्ड निवेशक अकाउंड जोड़े हैं। इसके साथ ही इसके पास ऐसे कुल अकाउंट की संख्या 12 करोड़ हो गई है। इस संदर्भ में बीएसई ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि उसने इस साल 18 जुलाई से 13 दिसंबर के बीच 1 करोड़ निवेशकों के अकाउंट जोड़े हैं।
