Share Market Today 17 June, 2026 : घरेलू शेयर बाजार ने बुधवार को पॉजिटिव शुरुआत की है। वैश्विक बाजारों से मिले मिले-जुले संकेतों के बीच निवेशकों ने चुनिंदा सेक्टरों में खरीदारी जारी रखी, जिससे शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं।Sensex शुरुआती कारोबार में 285 अंक उछलकर 77,093.17 अंक तक पहुंच गया। वहीं, Nifty 75 अंक तेजी के साथ 24,064.65 तक पहुंच गया।
IT और कंज्यूमर शेयरों ने संभाला बाजार
आज के कारोबार में IT और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर निवेशकों की पहली पसंद बने रहे। Nifty IT इंडेक्स 1.32% की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा था, जो सेक्टोरल इंडेक्स में सबसे मजबूत प्रदर्शन रहा। इसके अलावा Nifty Consumer Durables में 1.48% की तेजी दर्ज की गई।
बाजार के रेंज बाउंड रहने की उम्मीद
विश्लेषकों का कहना है कि अमेरिकी ब्याज दरों को लेकर अनिश्चितता कम होने और वैश्विक टेक कंपनियों के बेहतर प्रदर्शन से भारतीय IT कंपनियों के शेयरों में खरीदारी देखने को मिल रही है। इसी तरह उपभोक्ता मांग में सुधार की उम्मीद से कंज्यूमर ड्यूरेबल्स कंपनियों के शेयरों में भी मजबूती बनी हुई है। FMCG, मीडिया और ऑयल एंड गैस सेक्टर भी हरे निशान में कारोबार करते दिखे। Nifty FMCG में 0.27%, Nifty Media में 0.55% और Nifty Oil & Gas में 0.31% की बढ़त दर्ज की गई।
बैंकिंग और मेटल शेयरों में दबाव
जहां एक ओर IT शेयरों ने बाजार को सहारा दिया, वहीं दूसरी ओर बैंकिंग और मेटल शेयरों में कमजोरी देखने को मिली। Nifty Metal इंडेक्स 0.64% की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा था, जबकि Nifty Realty में 0.76% की सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई। Bank Nifty 0.06% फिसलकर 57,262 के स्तर पर पहुंच गया। इसके अलावा Nifty PSU Bank और Nifty Private Bank इंडेक्स भी मामूली कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि हालिया तेजी के बाद बैंकिंग शेयरों में मुनाफावसूली देखने को मिल रही है।
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में जोश
बाजार की चौड़ाई सकारात्मक बनी हुई है। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में निवेशकों की मजबूत भागीदारी देखने को मिली। Nifty Midcap 100 इंडेक्स 0.25% और Nifty Smallcap 100 इंडेक्स 0.54% की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। इसके अलावा Nifty Smallcap 250 में 0.54% और Nifty Microcap 250 में 0.80% की तेजी दर्ज की गई। इससे संकेत मिलता है कि निवेशकों का भरोसा केवल बड़े शेयरों तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यापक बाजार में भी खरीदारी जारी है।
इंडिया VIX में नरमी, निवेशकों का भरोसा कायम
बाजार में उतार-चढ़ाव का संकेत देने वाला India VIX 13.35 के स्तर पर कारोबार कर रहा था और इसमें हल्की गिरावट दर्ज की गई। VIX का 15 से नीचे बने रहना आमतौर पर बाजार में कम घबराहट और स्थिर निवेशक धारणा का संकेत माना जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार, यदि वैश्विक मोर्चे पर कोई बड़ा नकारात्मक घटनाक्रम नहीं होता है तो भारतीय बाजारों में सकारात्मक रुझान जारी रह सकता है।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें : क्रूड ऑयल धड़ाम! 3 महीने के निचले स्तर पर दाम, Hormuz से निकले ईरान के दो सुपर टैंकर
