बिजनेस

Share Market Closing : सपाट बंद हुए Sensex-Nifty, आगे बढ़ने से क्यों झिझक रहा बाजार?

शेयर बाजार सोमवार को मिलाजुला रहा। खासतौर पर बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी लगभग सपाट स्तरों पर बंद हुए। निफ्टी जहां 13 अंक ऊपर बंद हुआ। वहीं, सेंसेक्स 43 अंक चढ़कर बंद हुआ।

Image

शेयर बाजार सपाट बंद

Share Market Today : भारतीय शेयर बाजार ने सोमवार को कारोबारी हफ्ते की शुरुआत सपाट क्लोजिंग के साथ की है। Nifty जहां करीब 13 अंक की तेजी के साथ 24,583.80 पर बंद हुआ है। वहीं, Sensex 43.27 अंक चढ़कर 78,542.44 पर बंद हुआ। पूरे दिन बाजार में उतार-चढ़ाव देखने को मिला, लेकिन मिडकैप शेयरों में खरीदारी ने बाजार को संभाले रखा।

निफ्टी दिन के हाई से फिसला

निफ्टी ने 24,581.25 पर कारोबार की शुरुआत की थी। दिन के दौरान यह 24,620.95 के ऊपरी स्तर तक पहुंचा, जबकि 24,511.10 का निचला स्तर भी देखा। आखिर में इंडेक्स 24,583.80 पर बंद हुआ, जो पिछले बंद 24,570.65 से 13.15 अंक यानी 0.05 फीसदी ऊपर है। सेंसेक्स भी 78,501.59 पर खुला और कारोबार के दौरान 78,676.98 तक पहुंचा। दिन का निचला स्तर 78,298.92 रहा। अंत में सेंसेक्स 78,542.44 पर बंद हुआ, जो पिछले बंद के मुकाबले 43.27 अंक यानी 0.06 फीसदी की बढ़त है।

मिडकैप ने मारी बाजी

सोमवार के कारोबार में बड़े इंडेक्स की तुलना में मिडकैप शेयरों का प्रदर्शन ज्यादा मजबूत रहा। निफ्टी मिडकैप 50 में 0.70 फीसदी और निफ्टी मिडकैप 100 में 0.62 फीसदी की तेजी रही। मिडकैप सेलेक्ट भी 0.58 फीसदी चढ़ा। वहीं, स्मॉलकैप में दबाव दिखा। निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 0.27 फीसदी, स्मॉलकैप 50 में 0.31 फीसदी और स्मॉलकैप 500 में 0.07 फीसदी की गिरावट रही। निफ्टी में 25 शेयरों में तेजी, 23 में गिरावट और 2 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ।

रियल्टी और फाइनेंशियल शेयरों में खरीदारी

सेक्टोरल मोर्चे पर रियल्टी इंडेक्स सबसे मजबूत सेक्टरों में रहा और 1.35 फीसदी चढ़ा। निफ्टी मिडस्मॉल फाइनेंशियल सर्विसेज में 1.57 फीसदी और फाइनेंशियल सर्विसेज एक्स-बैंक में 1.25 फीसदी की तेजी रही। प्राइवेट बैंक इंडेक्स भी 0.52 फीसदी ऊपर बंद हुआ। IT Index 0.27 फीसदी, मीडिया 0.29 फीसदी, मेटल 0.28 फीसदी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 0.38 फीसदी चढ़े। केमिकल्स में भी 0.28 फीसदी की तेजी रही।

PSU बैंक ने बढ़ाई बाजार की चिंता

दूसरी तरफ पीएसयू बैंक इंडेक्स में 1.67 फीसदी की बड़ी गिरावट रही। फार्मा 0.23 फीसदी, हेल्थकेयर 0.35 फीसदी और ऑयल एंड गैस 0.37 फीसदी नीचे रहे। एफएमसीजी में भी 0.14 फीसदी की गिरावट दर्ज हुई। ऑटो इंडेक्स भी 0.09 फीसदी फिसला। यानी बाजार में तेजी के बावजूद सभी सेक्टरों में खरीदारी नहीं रही और कई प्रमुख सेक्टर दबाव में रहे।

आगे क्यों नहीं बढ़ रहा बाजार?

बाजार में हल्की तेजी के बावजूद वोलैटिलिटी इंडेक्स India Vix 1.41 फीसदी बढ़कर 12.33 पर पहुंच गया। दिन के दौरान Vix 12.92 तक गया और निचला स्तर 10.82 रहा। इससे संकेत मिलता है कि बाजार में उतार-चढ़ाव की चिंता अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। विक्स बता रहा है कि निवेशक फिलहाल, पश्चिम एशिया के तनाव को गंभीरता से ले रहे हैं। निवेशकों की झिझक के पीछे ग्लोबल बाजारों का मिलाजुला रुख भी है।

क्रूड 84 डॉलर के ऊपर

कमोडिटी बाजार में ब्रेंट क्रूड 0.94 फीसदी चढ़कर 84.34 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। क्रूड ऑयल 0.86 फीसदी ऊपर 78.85 डॉलर पर रहा। सोना मामूली 0.07 फीसदी गिरकर 4,340.51 डॉलर पर कारोबार करता दिखा। सोमवार को बाजार ने मामूली बढ़त के साथ शुरुआत की और उसी दायरे में कारोबार करते हुए हरे निशान में बंद हुआ। निफ्टी और सेंसेक्स की तेजी सीमित रही, लेकिन मिडकैप और चुनिंदा फाइनेंशियल तथा रियल्टी शेयरों में खरीदारी मजबूत रही। दूसरी तरफ पीएसयू बैंक, फार्मा और ऑयल एंड गैस में दबाव देखने को मिला।

    Yateendra Lawaniya
    यतींद्र लवानियाauthor

    प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

    और पढ़ें
    End of Article