बिजनेस

Share Market: सेंसेक्स 351 अंक चढ़कर ऑलटाइम हाई पर,निफ्टी का भी नया रिकॉर्ड. जानें क्यों आई तेजी

Share Market: सेंसेक्स के समूह में शामिल 20 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। इनमें एचडीएफसी बैंक, टाइटन, टेक महिंद्रा, एशियन पेंट्स, टीसीएस, मारुति, कोटक महिंद्रा बैंक और बजाज फिनसर्व भी शामिल हैं।

Image

शेयर बाजार में फिर तेजी

Share Market:नीतिगत ब्याज दर में स्थिरता और कंपनियों के मजबूत तिमाही प्रदर्शन की उम्मीदों के बीच सेंसेक्स और निफ्टी बृहस्पतिवार को आधा प्रतिशत की बढ़त के साथ नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए।शेयर बाजारों में इस तेजी के पीछे सूचना प्रौद्योगिकी, टिकाऊ उपभोक्ता सामान और बैंकिंग शेयरों में खरीदारी की अहम भूमिका रही।

बीएसई का 30 शेयरों वाला सूचकांक सेंसेक्स 350.81 अंक यानी 0.47 प्रतिशत बढ़कर 74,227.63 के अपने अबतक के उच्चतम स्तर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 74,501.73 से 73,485.12 अंक के दायरे में रहा।नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का सूचकांक निफ्टी भी 80 अंक यानी 0.36 प्रतिशत की बढ़त के साथ 22,514.65 के अपने नए शिखर पर पहुंच गया। निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 31 बढ़त के साथ बंद हुए।इस तेजी के साथ बाजार पिछले दो सत्र की गिरावट से उबरने में सफल रहा।

किन शेयरों में रही तेजी

सेंसेक्स के समूह में शामिल 20 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। इनमें एचडीएफसी बैंक, टाइटन, टेक महिंद्रा, एशियन पेंट्स, टीसीएस, मारुति, कोटक महिंद्रा बैंक और बजाज फिनसर्व भी शामिल हैं।इसके उलट एसबीआई, भारती एयरटेल, जेएसडब्ल्यू स्टील, पावरग्रिड, आईटीसी और रिलायंस के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।

सेक्टोरल इंडेक्स के मामले में आईटी इंडेक्स में सर्वाधिक 0.93 प्रतिशत और टिकाऊ उपभोक्ता इंडेक्स में 0.85 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। वित्तीय सेवा इंडेक्स में भी 0.69 प्रतिशत की बढ़त रही। वहीं तेल एवं गैस इंडेक्स में 1.64 प्रतिशत और ऊर्जा इंडेक्स में 1.01 प्रतिशत की गिरावट देखी गई। जबकि बीएसई लार्जकैप सूचकांक में 0.34 प्रतिशत और स्मॉलकैप में 0.54 प्रतिशत की बढ़त रही जबकि मिडकैप 0.11 प्रतिशत के नुकसान में रहा।

क्यों आई तेजी

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के रिसर्च हेड विनोद नायर ने कहा कि व्यापक बाजार ने मजबूत व्यावसायिक स्थितियों को दर्शाते हुए समग्र पीएमआई आंकड़ों के आधार पर अच्छे तिमाही नतीजों और निर्यात की उम्मीद में बैंक जैसे चुनिंदा क्षेत्रों में बेहतर परफॉर्म किया है।

शेयरखान बाय बीएनपी पारिबा में तकनीकी शोध विश्लेषक जतिन गेडिया ने कहा कि निफ्टी इस समय नए शिखर की तरफ अग्रसर है और इसके 22,700 अंक तक जाने का अनुमान है। वहीं निचले स्तर पर निफ्टी को 22,300 अंक के स्तर पर समर्थन मिलता हुआ दिख रहा है।

इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.36 प्रतिशत चढ़कर 88.67 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 2,213.56 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की।

TNN Business Desk
TNN बिजनेस डेस्क author

TNN बिजनेस डेस्क

और पढ़ें
End of Article