बिजनेस

Share Bazar Today: शेयर मार्केट 798 अंकों की गिरावट के बाद संभला, 111 अंक की तेजी के साथ बंद, जानें कैसे बदला मूड

Share Bazar, Stock Market Today: सेंसेक्स के शेयरों में एशियन पेंट्स, सन फार्मा, एचडीएफसी बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एक्सिस बैंक, टाटा स्टील, जेएसडब्ल्यू स्टील, लार्सन एंड टुब्रो, आईसीआईसीआई बैंक और पावरग्रिड प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ टाटा मोटर्स में सबसे ज्यादा आठ प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई।

Image

शेयर बाजार गिरावट के बंद संभला

Share Bazar, Stock Market Today:शेयर बाजारों में सोमवार को भारी उतार-चढ़ाव के बीच बीएसई सेंसक्स 111 अंक से अधिक की बढ़त में रहा। एनएसई निफ्टी में भी तेजी रही। मुख्य रूप से एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) में अंतिम दौर की लिवाली आने से बाजार में तेजी रही।शुरुआती गिरावट से उबरते हुए तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 111.66 अंक यानी 0.15 प्रतिशत की बढ़त के साथ 72,776.13 अंक पर बंद हुआ। कमजोरी के साथ खुला सूचकांक कारोबार के दौरान एक समय 798.46 अंक यानी 1.09 प्रतिशत की बड़ी गिरावट के साथ 71,866.01 अंक पर आ गया था। लेकिन बाद में निचले स्तर पर लिवाली आने से यह नुकसान से उबरने में सफल रहा।नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का सूचकांक निफ्टी भी 48.85 अंक यानी 0.22 प्रतिशत की बढ़त के साथ 22,104.05 अंक पर बंद हुआ। सूचकांक एक समय 21,821.05 अंक के निचले स्तर तक आ गया था।

किन शेयरों में तेजी

सेंसेक्स के शेयरों में एशियन पेंट्स, सन फार्मा, एचडीएफसी बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एक्सिस बैंक, टाटा स्टील, जेएसडब्ल्यू स्टील, लार्सन एंड टुब्रो, आईसीआईसीआई बैंक और पावरग्रिड प्रमुख रूप से लाभ में रहे।

कहां आई बढ़ी गिरावट

दूसरी तरफ टाटा मोटर्स में सबसे ज्यादा आठ प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई। कंपनी का 31 मार्च, 2024 को समाप्त चौथी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ तीन गुना उछलकर 17,528.59 करोड़ रुपये होने की सूचना के बाद भी इसका शेयर नुकसान में रहाइसके अलावा एनटीपीसी, भारती एयरटेल, टाइटन, भारतीय स्टेट बैंक और नेस्ले में प्रमुख रूप से गिरावट रही।

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि भले ही बाजार दिन के निचले स्तर से उबरा और हल्की बढ़त के साथ बंद हुआ लेकिन निवेशक लोकसभा चुनावों से जुड़ी आशंकाओं और ऊंचे मूल्यांकन की वजह से फिक्रमंद हैं।नायर ने कहा कि किसी बड़े सकारात्मक कारक के अभाव और विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की पूंजी निकासी जारी रहने से घरेलू बाजार अल्पावधि में कमजोर बना रह सकता है।

कम वोटिंग का भी असर

रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजित मिश्रा ने कहा कि कारोबारी सप्ताह की शुरुआत उतार-चढ़ाव के साथ हुई लेकिन अंत में यह हल्की बढ़त लेने में सफल रहा। खासकर दिग्गज कंपनियों में खरीदारी ने सूचकांकों को दिन के ऊपरी स्तर के करीब बंद होने में मदद की।व्यापक बाजार में बीएसई मिडकैप सूचकांक 0.36 प्रतिशत की बढ़त में रहा जबकि स्मॉलकैप में 0.23 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।विशेषज्ञों का मानना है कि बाजार में इस अनिश्चितता का संबंध लोकसभा चुनावों के चौथे चरण में हुए मतदान से भी है।

।एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और चीन का शंघाई कम्पोजिट नुकसान में जबकि हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त में रहा।यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में ज्यादातर में गिरावट का रुख रहा। अमेरिकी बाजार वॉल स्ट्रीट शुक्रवार को बढ़त में रहा था।शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को 2,117.50 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

Prashant Srivastav
प्रशांत श्रीवास्तवauthor

करीब 17 साल से पत्रकारिता जगत से जुड़ा हुआ हूं। और इस दौरान मीडिया की सभी विधाओं यानी टेलीविजन, प्रिंट, मैगजीन, डिजिटल और बिजनेस पत्रकारिता में काम करने का मौका मिला। इस समय Timesnowhindi.com में टीम लीड के रुप में बिजनेस, ऑटो, यूटीलिटी, टेक सेक्शन में अपना योगदान दे रहा हूं। करियर का पहला ब्रेक हैदराबाद स्थित मीडिया संस्थान ईटीवी से टेलीविजन के जरिए हुआ। यहां पर टेलीविजन पत्रकारिता की बारीकियों को समझने का मौका मिला। और उसके बाद अगला पड़ाव दिल्ली स्थित दैनिक भास्कर समूह का बिजनेस भास्कर रहा। यहां से बिजनेस पत्रकारिता में कदम रखा। और यह सफर वित्त मंत्रालय की रिपोर्टिंग से लेकर बैंकिंग, इंश्योरेंस, ऑटो, एफएमसीजी, एमएमएमई, टेलीकॉम सेक्टर की ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर कॉरपोरेट जगत की खबरें और इकोनॉमी से जुड़ी खबरों से गुजरते हुए अमर उजाला, मनी भास्कर वेबसाइट से होकर आउटलुक मैगजीन पहुंचा। यहां पर पॉलिटिकल खबरों को करने का मौका मिला। आउटलुक में रहते हुए भाजपा और कांग्रेस पार्टी को भी कवर किया। इस दौरान दिल्ली दंगों पर ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर सीएए आंदोलन, किसान आंदोलन और कृषि जगत, वाइल्ड लाइफ से जुड़ी ग्राउंड रिपोर्ट भी करने का मौका मिला। करियर के इस सफर में 2014 लोक सभा चुनाव, 2019 लोक सभा चुनाव, इसके अलावा उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव, राजस्थान विधान सभा, मध्य प्रदेश विधान सभा चुनाव की ग्राउंड रिपोर्ट भी की। पिछले 16 साल से केंद्रीय बजट की बारीकियों को समझकर उसे आम भाषा में लोगों तक पहुंचाने का भी प्रयास किया है। 17 साल के करियर में करीब 10 साल डिजिटल मीडिया का अनुभव रहा है। पिछले 3 साल से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। पत्रकारिता का ककहरा माखन लाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से सीखा है।

और पढ़ें
End of Article