बिजनेस

Samsung ने रचा इतिहास, 1 ट्रिलियन डॉलर क्लब में हुई शामिल, 5 दिन में 17% भागा शेयर

दक्षिण कोरियाई कंपनी सैमसंग ने इतिहास रचते हुए 1 ट्रिलियन डॉलर का मार्केट कैप हासिल किया है। कंपनी का शेयर पिछले 5 दिन में 17% भाग चुका है। आज भी शेयर में 13% चढ़ा है।

Image

सैमसंग के मार्केट कैप में तगड़ा उछाल

Samsung $1 Trillion Milestone: दक्षिण कोरियाई कंपनी सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स (Samsung Electronics) ने 1 ट्रिलियन डॉलर यानी करीब 95 लाख करोड़ रुपये का मार्केट कैप हासिल किया है। सैमसंग यह उपलब्धि हासिल करने वाली तीसरी कंपनी है। सैमसंग से पहले यह उपलब्धि सऊदी अरामको और TSMC हैं।

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चिप्स की बढ़ती मांग के बीच कंपनी के शेयरों में बुधवार को 1% तक का तूफानी उछाल दर्ज किया गया। इसके साथ ही सैमसंग की कुल बाजार पूंजी (Market Capitalization) 1.03 ट्रिलियन डॉलर ($1 ट्रिलियन) के स्तर को पार कर गई है।

AI बूम और सेमीकंडक्टर डिवीजन का कमाल

सैमसंग के मार्केट कैप में आई इस ऐतिहासिक तेजी के पीछे कंपनी के सेमीकंडक्टर बिजनेस को अहम माना गया है। मार्च तिमाही के दौरान कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट 48 गुना उछलकर रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। कंपनी के बिजनेस को लेकर एनालिस्टों का मानना है कि AI के लिए जरूरी हाई-बैंडविड्थ मेमोरी (HBM) और अन्य आधुनिक चिप्स की आपूर्ति में कमी के कारण आने वाले महीनों में भी कीमतों में तेजी बनी रहेगी। इसका पूरा फायदा कंपनी को होगा।

दक्षिण कोरियाई बाजार में नया रिकॉर्ड

सैमसंग की इस शानदार रैली का असर दक्षिण कोरिया के पूरे शेयर बाजार पर भी दिखा है। इस उछाल के दम पर दक्षिण कोरियाई बाजार का बेंचमार्क इंडेक्स Kospi 7,000 अंक के स्तर को पार कर गया, जो एक नया कीर्तिमान है। इसके अलावा, Apple के साथ कंपनी की डील ने भी शेयरों में खरीदारी को पुश किया है।

भविष्य की संभावनाएं और चुनौतियां

Samsung को फिलहाल कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। खासतौर पर मोबाइल और डिस्प्ले डिवीजन को बढ़ती लागत का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा कर्मचारियों के वेतन संबंधी विरोध का भी दबाव बना हुआ है। हालांकि, इन तमाम फैक्टर को नजरंदाज करते हुए निवेशकों ने कंपनी में निवेश को लेकर भरोसा जताया है, जो बाजार के जानकारों के मुताबिक कंपनी के लिए एक 'सुपर-साइकिल' है। जानकारों का अनुमान है कि आने वाले 12 महीनों में कंपनी के शेयर में 30% तक की और बढ़त देखने को मिल सकती है, जो इसे लॉन्ग टर्म के बेहद आकर्षक निवेश का अवसर बनाती है।

आप कैसे कर सकते हैं निवेश?

भारतीय निवेशकों के लिए दक्षिण कोरियाई बाजार में लिस्टेड सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स में सीधे निवेश करना तकनीकी रूप से जटिल काम है। लिहाजा, रिटेल निवेशक INDmoney या Vested Finance, Groww, HDFC Sky, ICICI Direct या HDFC Bank Global Investing जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए दक्षिण कोरियाई ईटीएफ जैसे iShares MSCI South Korea ETF के जरिये इसे अपने पोर्टफोलियो में शामिल कर सकते हैं।

डिस्क्लेमर: TimesNow Navbharat किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article