बिजनेस

Sahara Refund Update: सहारा के जमाकर्ताओं को फरवरी तक मिले इतने करोड़ रुपये, लोकसभा में बोले अमित शाह

Sahara Refund Update: सहकारिता मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने संसद में बताया कि सहारा ग्रुप ऑफ कोऑपरेटिव सोसाइटीज के 40 लाख से अधिक जमाकर्ताओं को राहत मिली है। उन्होंने कहा कि पिछले महीने तक करीब 8,800 करोड़ रुपये की राशि योग्य निवेशकों को वापस की जा चुकी है, जो रिफंड प्रक्रिया के तहत जारी की जा रही है।

Image

सहारा निवेशकों को बड़ी राहत, गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा में दी ये जानकारी (तस्वीर-X)

Sahara Refund Update: केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने मंगलवार (17 मार्च 2026) को संसद में जानकारी दी कि सहारा ग्रुप की सहकारी समितियों में पैसा जमा करने वाले लाखों लोगों को राहत मिल रही है। उन्होंने बताया कि फरवरी 2026 तक 40 लाख से ज्यादा जमाकर्ताओं को कुल करीब 8,800 करोड़ रुपये वापस किए जा चुके हैं। यह रिफंड प्रक्रिया सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत चलाई जा रही है, ताकि निवेशकों का पैसा सुरक्षित तरीके से उन्हें लौटाया जा सके।

रिफंड पोर्टल पर भारी संख्या में आवेदन

न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा के मुताबिक सरकार द्वारा बनाए गए ‘सीआरसीएस-सहारा रिफंड पोर्टल’ पर निवेशकों की बड़ी भागीदारी देखी गई है। मंत्री के अनुसार, अब तक इस पोर्टल पर करीब 1.45 करोड़ आवेदन और 4.06 करोड़ दावे दर्ज किए जा चुके हैं। इससे यह साफ है कि बड़ी संख्या में लोग अपने पैसे की वापसी के लिए सक्रिय हैं।

सीधे बैंक खाते में हो रहा भुगतान

अमित शाह ने बताया कि रिफंड की राशि सीधे जमाकर्ताओं के आधार से जुड़े बैंक खातों में भेजी जा रही है। इससे पारदर्शिता बनी रहती है और फर्जी दावों की संभावना कम हो जाती है। फिलहाल, सत्यापित दावों के आधार पर प्रत्येक जमाकर्ता को अधिकतम 50,000 रुपये तक का भुगतान किया जा रहा है।

आवेदन में गलती होने पर दोबारा मौका

सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन लोगों के आवेदन में कोई कमी या गलती पाई जाती है, उन्हें अपना आवेदन दोबारा जमा करने का मौका दिया जा रहा है। इससे यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति रिफंड से वंचित न रहे।

अदालत का नया निर्देश और समय सीमा

सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में एक और महत्वपूर्ण आदेश दिया है। अदालत ने ‘सहारा-सेबी रिफंड खाते’ से 5,000 करोड़ रुपये अतिरिक्त राशि केंद्रीय रजिस्ट्रार को ट्रांसफर करने का निर्देश दिया है। साथ ही, निवेशकों को रिफंड देने की अंतिम समय सीमा 31 दिसंबर 2026 तय की गई है। इसका मतलब है कि इस अवधि के भीतर अधिक से अधिक लोगों को उनका पैसा लौटाने का लक्ष्य रखा गया है।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article