बिजनेस

5000% से ज्यादा रिटर्न! 5 साल से नॉन स्टॉप भाग रहा ये मल्टीबैगर, अब दे रहा 5:9 का बोनस

कुछ स्टॉक्स खामोशी से निवेशकों की दौलत बढ़ाते रहते हैं। इनके बार में अक्सर आम निवेशकों को तब पता चलता है, जब ये कई गुना रिटर्न दे चुके होते हैं। ऐसा ही एक स्टॉक अब बोनस शेयर दे रहा है।

Image

इंडस फाइनेंस के शेयर में तेजी

Multibagger Bonus Stock Issue : शेयर बाजार में कुछ शेयर ऐसे होते हैं, जिन्होंने लंबी अवधि में निवेशकों की छोटी-सी रकम को लाखों में बदल दिया है। ऐसा ही एक नाम Indus Finance Ltd का है। इस छोटे कैप वाले NBFC स्टॉक ने पिछले पांच साल में 5,000% से ज्यादा का रिटर्न देकर निवेशकों का ध्यान खींचा है।

अब कंपनी ने अपने शेयरधारकों के लिए 5:9 बोनस शेयर का ऐलान किया है। कंपनी ने बोनस शेयर के लिए रिकॉर्ड डेट भी तय कर दी है। खास बात यह है कि बोनस शेयर का ऐलान ऐसे समय हुआ है, जब कंपनी का शेयर अपने 52 हफ्ते के हाई के करीब कारोबार कर रहा है। हालांकि, शेयर में जबरदस्त तेजी के साथ इसकी वैल्यूएशन और कम लिक्विडिटी भी निवेशकों के लिए ध्यान देने वाले पहलू हैं।

5 साल में 5,101% की छलांग

Indus Finance के शेयर ने पिछले पांच साल में शानदार प्रदर्शन किया है। 26 नवंबर 2021 को BSE पर कंपनी का शेयर करीब ₹8.94 पर था। 26 नवंबर 2026 को दोपहर 12:15 बजे यह बढ़कर ₹465 पर पहुंच गया। इस हिसाब से पांच साल में शेयर ने करीब 5,101.34% का रिटर्न दिया है। यानी पांच साल पहले किसी निवेशक ने इसमें ₹10,000 लगाए होते और इस दौरान शेयर नहीं बेचे होते, तो उन शेयरों की मौजूदा बाजार वैल्यू करीब ₹5.21 लाख होती। शेयर की तेजी केवल पांच साल तक सीमित नहीं है। एक साल में इसने करीब 855% और छह महीने में लगभग 310% का रिटर्न दिया है। पिछले एक महीने में भी शेयर करीब 28.84% चढ़ चुका है।

5:9 बोनस शेयर के लिए रिकॉर्ड डेट तय

शेयर में इस तेजी के बीच कंपनी ने निवेशकों को बोनस शेयर देने का फैसला किया है। Indus Finance ने 5:9 के अनुपात में बोनस इश्यू की रिकॉर्ड डेट 1 दिसंबर 2026 तय की है। इसका मतलब है कि रिकॉर्ड डेट पर कंपनी के हर 9 शेयर रखने वाले निवेशक को 5 अतिरिक्त शेयर मुफ्त मिलेंगे।

कंपनी के तय कार्यक्रम के मुताबिक, बोनस शेयरों का डीम्ड अलॉटमेंट 2 दिसंबर को होगा और 3 दिसंबर 2026 से ये शेयर एक्सचेंज पर ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध होंगे।

शेयरधारकों ने दी बोनस इश्यू को मंजूरी

कंपनी ने इस बोनस इश्यू के प्रस्ताव को शेयरधारकों के बीच पोस्टल बैलेट के जरिए रखा था। इसके लिए ई-वोटिंग 22 अक्टूबर से 20 नवंबर 2026 तक हुई। कंपनी के प्रस्ताव को वोटिंग में हिस्सा लेने वाले शेयरधारकों का 100% समर्थन मिला। कुल 74,41,822 शेयरों के लिए वोट डाले गए, जो कंपनी की कुल शेयर पूंजी का 80.38% है। प्रमोटर और पब्लिक नॉन-इंस्टीट्यूशनल शेयरधारकों ने प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया।

Q2 में कैसा रहा कंपनी का प्रदर्शन?

तेजी से भागते शेयर के बीच कंपनी के वित्तीय नतीजों पर भी नजर डालना जरूरी है। Indus Finance ने सितंबर 2026 में समाप्त दूसरी तिमाही में सालाना आधार पर रेवेन्यू और मुनाफे में बढ़ोतरी दर्ज की।

वित्तीय प्रदर्शनQ2 FY27Q2 FY26सालाना बदलाव
रेवेन्यू₹1.28 करोड़₹1.05 करोड़0.219
फाइनेंसिंग प्रॉफिट₹0.22 करोड़₹0.21 करोड़0.0476
नेट प्रॉफिट (PAT)₹0.09 करोड़₹0.08 करोड़0.125
कंपनी का रेवेन्यू और मुनाफा दोनों बढ़े हैं, लेकिन इनकी कुल रकम अभी काफी छोटी है। ऐसे में केवल शेयर की तेजी को कारोबार की मजबूत ग्रोथ का संकेत मानना ठीक नहीं होगा।

प्रमोटर्स के पास करीब 75% हिस्सेदारी

Indus Finance में प्रमोटर्स की हिस्सेदारी काफी ज्यादा है। सितंबर 2026 के शेयरहोल्डिंग पैटर्न के मुताबिक कंपनी में प्रमोटर्स की हिस्सेदारी 74.79% है। वहीं पब्लिक शेयरहोल्डिंग करीब 25.18% और घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) की हिस्सेदारी महज 0.02% है। सितंबर 2026 में कंपनी के शेयरधारकों की संख्या 2,413 थी। कम पब्लिक फ्लोट और कम लिक्विडिटी की स्थिति में शेयर में तेज उतार-चढ़ाव का जोखिम भी बढ़ सकता है।

TIMESNOW नवभारत पर यह भी पढ़ें : Multibagger Stock: एक महीने में 136% भागा शेयर

    कई बड़े जोखिम भी मौजूद

    पांच साल में 5,000% से ज्यादा रिटर्न देने वाला यह शेयर अब काफी महंगे वैल्यूएशन पर कारोबार कर रहा है। इसका P/E रेशियो करीब 167 गुना और प्राइस-टू-बुक वैल्यू लगभग 18.5 गुना है। कंपनी का ROCE करीब 15% और ROE करीब 10.5% है। वहीं पिछले तीन वर्षों का औसत ROE 7.39% बताया गया है। कंपनी ने कर्ज घटाया है और डिविडेंड भी दिया है, लेकिन महंगी वैल्यूएशन निवेशकों के लिए चिंता का विषय हो सकती है। 26 नवंबर, 2026 के उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक शेयर का 52 सप्ताह का हाई ₹485.95 और लो ₹37.66 रहा है। कंपनी का मार्केट कैप करीब ₹430.51 करोड़ है।

    डिस्क्लेमर: TIMES NOW नवभारत किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ या कमोडिटी में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।

    Yateendra Lawaniya
    यतींद्र लवानियाauthor

    प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

    और पढ़ें
    End of Article