Times Now Navbharat
live-tv
Premium

अमेरिका के नए टैरिफ प्लान भारत के लिए अवसर, समझें चीन समेत आसियान देशों से कैसे आगे हम?

अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट द्वारा ट्रंप टैरिफ पर फैसला सुनाए जाने के करीब 9 महीने बाद एक बार फिर वैश्विक व्यापार पर टैरिफ का साया मंडराने लगा है।

Image
भारत पर अमेरिकी टैरिफ
Authored by: आलोक कुमार
Updated Nov 26, 2026, 13:38 IST
Follow on Google News

अमेरिका एक बार फिर दुनियाभर के देशों पर टैरिफ बम फोड़ने की तैयारी कर रहा है। इसकी सुगबुगाहट तेज हो गई है। यूनाइटेड स्टेट्स ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव (USTR) ने भारत समेत 14 देशों जिनमें चीन, यूरोपीय संघ, वियतनाम, जापान और दक्षिण कोरिया शामिल हैं को निशाने पर लेते हुए नए टैरिफ का प्रस्ताव पेश किया है।

इस कार्रवाई का आधार अमेरिका की वह जांच है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि ये देश सरकारी सब्सिडी और नीतियों के जरिए जरूरत से ज्यादा औद्योगिक उत्पादन कर रहे हैं, जिससे अमेरिकी घरेलू उद्योगों को नुकसान पहुंच रहा है। प्रस्ताव के मुताबिक, भारतीय सामानों पर 25% तक टैरिफ लगाया जा सकता है, लेकिन भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते पर सहमति बनने की स्थिति में यह दर घटकर 17% रह सकती है। वहीं, चीन और वियतनाम के लिए 40% तक, जबकि बांग्लादेश, कंबोडिया, इंडोनेशिया, मलेशिया और थाईलैंड के लिए 18% टैरिफ दर प्रस्तावित की गई है।

ऐसे में अमेरिका की इस नई टैरिफ रणनीति का भारतीय कारोबार और निर्यात पर क्या असर पड़ सकता है? क्या दूसरे प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में भारत को इसका फायदा मिल सकता है? और वैश्विक बाजार में भारत की स्थिति कहां मजबूत है? आइए समझते हैं अमेरिका के नए टैरिफ प्लान से भारत के लिए पैदा होने वाले अवसरों और चुनौतियों का पूरा गणित।

भारत को कैसे मिल सकता है फायदा

पहली नजर में 17% या 25% टैरिफ किसी भी देश के लिए बोझ जैसा लग सकता है, लेकिन वैश्विक व्यापार सापेक्षता (Relative Advantage) के सिद्धांत पर चलता है। USTR की प्रस्तावित टैरिफ दरें दुनिया के दूसरे देशों के मुकाबले थोड़ी बेहतर हैं। बता दें कि अमेरिका ने पिछले साल अगस्त से फरवरी 2026 के बीच भारतीय सामानों पर 50% टैरिफ लगाए गए थे।

ताजा प्रस्ताव पर नजर डालें तो भारत की स्थिति आसियान देशों के मुकाबले टैरिफ के मामले में बेहतर है, क्योंकि भारत का इन देशों के साथ टेक्सटाइल, केमिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, सोलर उत्पाद, ऑटोमोबाइल और इलेक्ट्रिकल उपकरण जैसे क्षेत्रों में सीधा मुकाबला है। आसियान देशों में वियतनाम सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक रहा है, लेकिन चीन के बाद अमेरिका ने वियतनाम पर ही सबसे ज्यादा टैरिफ लगाया है।

भारत के लिए अवसर क्यों?

चीन पर सबसे बड़ी मार और 'चाइना प्लस वन' का लाभ: अमेरिकी रिपोर्ट में सबसे कड़ा रुख चीन के खिलाफ अपनाया गया है, जहां 20% के नए अतिरिक्त शुल्क के साथ कुल टैरिफ बोझ 40% से 45% तक पहुंच रहा है। इससे अमेरिकी आयातकों के लिए चीन से सामान मंगाना महंगा हो जाएगा और 'चाइना प्लस वन' नीति के तहत भारत (17% संभावित दर बनाम चीन पर 40%+) के लिए अवसर बन सकता है।

आसियान देशों के मुकाबले बढ़त: वियतनाम पर 35% (डील के बाद 20%) और इंडोनेशिया, मलेशिया, कंबोडिया व थाईलैंड पर 18% से 25% तक का टैरिफ प्रस्तावित है। अगर भारत ट्रेड डील के जरिए 17% की दर सुनिश्चित कर लेता है, तो वह पूरे दक्षिण-पूर्व एशिया के मुकाबले अमेरिकी बाजार में सबसे सस्ता और आकर्षक आपूर्तिकर्ता बन सकता है।

दो सबसे बड़े निर्यात क्षेत्रों को पूरी छूट: अमेरिका ने भारत से आयात होने वाले जेनेरिक दवाओं और स्मार्टफोन को इस नए टैरिफ से बाहर रखा है। सस्ती जेनेरिक दवाओं पर शुल्क लगने से अमेरिका में स्वास्थ्य सेवाएं महंगी हो सकती थीं, वहीं एप्पल जैसी कंपनियों के जरिए होने वाले स्मार्टफोन निर्यात को छूट मिलने से भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग हब बनने की रफ्तार पर कोई ब्रेक नहीं लगेगा।

मजबूत घरेलू बाजार और नीतिगत लचीलापन: वियतनाम या बांग्लादेश की तरह पूरी तरह निर्यात पर निर्भर होने के बजाय भारत के पास विशाल घरेलू बाजार है। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि भारत में किसी भी सेक्टर में 'अतिरिक्त उत्पादन क्षमता' नहीं है और अधिकांश उत्पादन घरेलू मांग को पूरा करता है, जिससे बातचीत की मेज पर भारत को मोलभाव की ताकत मिलती है।

किन भारतीय सेक्टरों की खुलेगी किस्मत और कहां चुनौती?

कपड़ा और परिधान: चीन पर 40% और वियतनाम पर 20-35% शुल्क लगने से भारतीय गारमेंट्स निर्यातकों के लिए अमेरिकी स्टोर्स के ऑर्डर हासिल करना आसान हो सकता है।

इंजीनियरिंग गुड्स और ऑटो कंपोनेंट्स: चीन से आने वाले मशीनरी पार्ट्स और इंडस्ट्रियल उपकरण महंगे होने के कारण अमेरिकी कंपनियां भारत के इंजीनियरिंग सेक्टर की ओर देख सकती हैं।

रसायन और स्पेशलिटी केमिकल्स: वैश्विक सप्लाई चेन में चीन की हिस्सेदारी कम होने से भारतीय केमिकल कंपनियों को नए दीर्घकालिक अनुबंध मिलने की उम्मीद है।

चुनौती वाले क्षेत्र: यदि ट्रेड डील में देरी होती है और 25% टैरिफ लागू हो जाता है, तो रत्न एवं आभूषण, समुद्री उत्पाद और सोलर पैनल जैसे श्रम-प्रधान क्षेत्रों पर दबाव बढ़ सकता है।

टैरिफ के खेल में भारत कैसे आगे

टैरिफ के खेल में भारत कैसे आगे

क्या भारत चीन और वियतनाम की जगह ले सकता है?

अमेरिका के नए टैरिफ प्रस्ताव से भारत को कुछ प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले कीमत संबंधी बढ़त जरूर मिल सकती है, लेकिन चीन और वियतनाम जैसे देशों की जगह लेना इतना आसान नहीं होगा। इन देशों ने पिछले कई दशकों में बड़े औद्योगिक नेटवर्क, मजबूत सप्लाई चेन और निर्यात आधारित मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम तैयार किया है।

भारत के पास बड़ा घरेलू बाजार, कुशल श्रमबल, बढ़ता मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर और अंग्रेजी जानने वाला पेशेवर कार्यबल जैसी खूबियां हैं, और वह दवा, टेक्सटाइल, इंजीनियरिंग सामान, ऑटो कंपोनेंट्स व आईटी जैसे क्षेत्रों में पहले से मौजूद है। हालांकि, भारत को लॉजिस्टिक्स लागत घटाने, बंदरगाहों की क्षमता बढ़ाने, बिजली व कच्चे माल की उपलब्धता सुनिश्चित करने, उत्पादन में तेजी लाने तथा निवेश के लिए स्थिर नीतिगत माहौल और बेहतर कारोबारी सुविधाएं देने की जरूरत है।

End of Article