Reliance Share Price Target: रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर पर वैश्विक ब्रोकरेज Morgan Stanley बुलिश नजर आ रहा है। ब्रोकरेज ने ‘Overweight’ रेटिंग बरकरार रखते हुए ₹1,803 का टारगेट दिया है। बढ़ती कच्चे तेल की कीमतें, मजबूत रिफाइनिंग मार्जिन और केमिकल कारोबार में रिकवरी को कंपनी की कमाई के लिए सकारात्मक माना गया है। वहीं, दूसरी तरफ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टेक्सास में नई ऑयल रिफाइनरी बनाने की घोषणा की है, जिसमें भारत की रिलायंस इंडस्ट्रीज के निवेश का जिक्र किया गया है। ट्रंप ने इसे अमेरिकी इतिहास की सबसे बड़ी $300 अरब की ऊर्जा डील बताया और कहा कि इससे ऊर्जा उत्पादन और रोजगार को बड़ा बढ़ावा मिलेगा।
यूएस में 50 साल बाद नई रिफाइनरी
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि टेक्सास के ब्राउनस्विल पोर्ट पर नई ऑयल रिफाइनरी बनाई जाएगी। उनका दावा है कि यह अमेरिका में पिछले करीब 50 साल में बनने वाली पहली नई रिफाइनरी होगी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा कि यह प्रोजेक्ट अमेरिकी ऊर्जा उत्पादन को मजबूत करेगा और देश की ऊर्जा सुरक्षा को नई ताकत देगा।

Trump On Reliance TS
रिलायंस के निवेश का जिक्र
ट्रंप ने इस प्रोजेक्ट के लिए भारत की सबसे बड़ी निजी ऊर्जा कंपनी रिलायंस को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि रिलायंस इस बड़े निवेश में साझेदार होगी। हालांकि इस घोषणा पर अभी तक रिलायंस इंडस्ट्रीज की तरफ से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
28% अपसाइड का अनुमान
ET Now की रिपोर्ट के मुताबिक वैश्विक ब्रोकरेज Morgan Stanley ने रिलायंस इंडस्ट्रीज पर अपना सकारात्मक रुख बरकरार रखा है। ब्रोकरेज ने स्टॉक को ‘Overweight’ रेटिंग दी है और ₹1,803 का टारगेट प्राइस तय किया है। मौजूदा बाजार भाव के मुकाबले यह करीब 28% की संभावित तेजी का संकेत देता है।
मजबूत रिफाइनिंग मार्जिन से मिलेगा सहारा
ब्रोकरेज के मुताबिक वैश्विक तेल बाजार में सप्लाई टाइट बनी हुई है, जिससे रिफाइनिंग मार्जिन ऊंचे स्तर पर टिके हुए हैं। इससे रिलायंस के ऑयल-टू-केमिकल कारोबार को मजबूत सपोर्ट मिल सकता है। कंपनी की भारी और सल्फरयुक्त कच्चे तेल को प्रोसेस करने की क्षमता उसे वैश्विक रिफाइनर्स के मुकाबले प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त देती है।
केमिकल कारोबार में रिकवरी के संकेत
Morgan Stanley का मानना है कि केमिकल सेक्टर में भी रिकवरी शुरू हो रही है। रिलायंस को अमेरिकी एथेन और आंतरिक नैफ्था की उपलब्धता का फायदा मिलता है, जिससे उत्पादन लागत पर नियंत्रण रहता है। इससे आने वाले समय में कंपनी की मार्जिन और कमाई बेहतर हो सकती है।
FY27 तक कमाई में 6–8% बढ़ोतरी का अनुमान
ब्रोकरेज के अनुसार वित्त वर्ष 2027 तक रिलायंस इंडस्ट्रीज की कमाई में 6% से 8% तक की अतिरिक्त बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। इसके अलावा स्टॉक अभी अपने कई घरेलू प्रतिस्पर्धियों की तुलना में डिस्काउंट पर ट्रेड कर रहा है, जो निवेशकों के लिए आकर्षक अवसर माना जा रहा है।
बाजार में कैसा रहा शेयर का प्रदर्शन
रिलायंस इंडस्ट्रीज बीएसई सेंसेक्स का हिस्सा है और कंपनी का मार्केट कैप करीब ₹19 लाख करोड़ से ज्यादा है। 6 मार्च को बीएसई पर कंपनी का शेयर ₹1,405.20 पर बंद हुआ, जो दिन में ₹15.40 यानी करीब 1.11% की बढ़त दर्शाता है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर ने लंबी अवधि में निवेशकों को मजबूत रिटर्न दिया है। पिछले एक साल में स्टॉक करीब 16% चढ़ा है। तीन साल में यह करीब 26% और पिछले दस साल में 500% से ज्यादा का रिटर्न दे चुका है। हालांकि चालू साल में अब तक स्टॉक करीब 10% नीचे है।
डिस्क्लेमर: TIMES NOW नवभारत किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ या कमोडिटी में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
