Reliance AGM : भारत में कॉपोरेट सेक्टर के लिए आज इस साल का सबसे बड़ा दिन है। देश की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) की 49वीं एनुअल जनरल मीटिंग (AGM) होने जा रही है। वैश्विक निवेशकों, बाजार के दिग्गजों और रिलायंस के लाखों शेयरधारकों की नजरें चेयरमैन मुकेश अंबानी के भाषण पर टिकी हैं। आज रिलायंस इंडस्ट्रीज अपने पारंपरिक तेल-गैस (O2C) कारोबार से हटकर न्यू-एज टेक और कंज्यूमर बिजनेस से जुड़ी बड़ी घोषणाएं कर सकती है। यह बात भी नोट करने वाली है कि अक्सर रिलायंस की AGM सितंबर में होती है। लेकिन, इस बार यह जल्दी हो रही है।
Jio IPO की टाइमलाइन का ऐलान
बाजार को सबसे ज्यादा इंतजार जियो प्लेटफॉर्म्स (Jio Platforms IPO की टाइमलाइन का है। पिछले साल मुकेश अंबानी ने संकेत दिया था कि 2026 की पहली छमाही तक जियो की लिस्टिंग हो सकती है। फाइनेंशियल टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक रिलायंस इस AGM से ठीक पहले या तुरंत बाद सेबी (SEBI) के पास करीब $4 बिलियन (लगभग ₹33,000+ करोड़) के IPO के लिए ड्राफ्ट पेपर्स (DRHP) दाखिल कर सकती है।
$110 बिलियन का 'AI' मास्टरप्लान और डेटा सेंटर्स
इस साल रिलायंस की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर रणनीति सबसे बड़ा आकर्षण होने वाली है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक रिलायंस अगले 7 वर्षों में AI इंफ्रास्ट्रक्चर, क्लाउड कंप्यूटिंग और सुपर-स्केल डेटा सेंटर्स के निर्माण के लिए $110 बिलियन (करीब ₹9.1 लाख करोड़) का भारी-भरकम खर्च (Capex) प्लान पेश कर सकती है। इसी सिलसिले में मेटा (Meta) के साथ डील भी हुई है। जामनगर में मेटा के साथ मिलकर बनाए जा रहे 168 मेगावाट (MW) के डेटा सेंटर प्रोजेक्ट और एआई टूल्स के डेवलपमेंट पर AGM में प्रगति रिपोर्ट सामने आ सकती है।
Reliance Retail IPO का ऐलान संभव
जियो के साथ-साथ रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड (RRVL IPO को लेकर भी निवेशक गाइडेंस की उम्मीद कर रहे हैं। पिछले AGM में मैनेजमेंट ने कहा था कि रिटेल और जियो का बिजनेस अगले 5 साल में दोगुना हो जाएगा। एक साल बीतने के बाद बाकी बचे 4 सालों का रोडमैप आज पेश होगा। इसके साथ ही रिलायंस रिटेल का फोकस इस समय डिजिटल चैनल्स, नए स्टोर खोलने और तेजी से बढ़ते क्विक-कॉमर्स (Instamart/Blinkit को टक्कर) सेगमेंट में अपनी धाक जमाने पर है।
न्यू एनर्जी प्रोजेक्ट्स की ग्राउंड रिपोर्ट
रिलायंस का पारंपरिक तेल का साम्राज्य अब तेजी से ग्रीन एनर्जी की तरफ शिफ्ट हो रहा है। इसके गीगा-कॉम्प्लेक्स प्रोजेक्ट्स अब एग्जीक्यूशन फेज में आ चुके हैं। कंपनी ने हाई-इफेक्टिव सोलर मॉड्यूल्स का पहला 200 मेगावाट का बैच तैयार कर लिया है। इसके अलावा कच्छ में बन रही 40 GWh (गीगावाट-ऑवर) की उन्नत बैटरी गीगाफैक्ट्री अब चालू होने के कगार पर है, जिसे भविष्य में 100 GWh तक बढ़ाया जाएगा। साल 2026 के अंत तक इलेक्ट्रोलाइजर मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी चालू करने का लक्ष्य है, ताकि 2032 तक 3 मिलियन टन ग्रीन हाइड्रोजन का उत्पादन किया जा सके। AGM में इन सभी प्रोजेक्ट्स की रिपोर्ट और आगे के गाइडेंस देखने को मिल सकते हैं।
ओ2सी बिजनेस का आउटलुक
भले ही वित्त वर्ष 2026 में रिलायंस के कोर ऑयल-टू-केमिकल्स (O2C) और पेट्रोकेमिकल बिजनेस पर रिफाइनिंग मार्जिन के दबाव के कारण असर पड़ा हो, लेकिन कंपनी की वित्तीय सेहत मजबूत है। रिलायंस के कुल कोर मुनाफे (EBITDA) में कंज्यूमर और टेक बिजनेस (रिटेल + जियो) का हिस्सा 55% से ज्यादा हो चुका है।
₹6 के डिविडेंड का तोहफा
इस AGM में शेयरधारकों के लिए ₹6 प्रति शेयर के डिविडेंड को मंजूरी दी जाएगी। इसके साथ ही, आकाश अंबानी और अनंत अंबानी को रोटेशन के तहत दोबारा डायरेक्टर पद पर नियुक्त करने के प्रस्ताव पर भी वोटिंग होगी। रिलायंस इंडस्ट्रीज का कुल सालाना रेवेन्यू वित्तीय वर्ष 2026 में ₹11.76 लाख करोड़ ($124 बिलियन) रहा है, जबकि नेट प्रॉफिट 17.8% बढ़कर ₹95,754 करोड़ तक पहुंच चुका है। रिलायंस की यह AGM कंपनी के साथ ही भाारत के कॉरपोरेट सेक्टर की दिशा तय करने में अहम है।
कहां देखें लाइव?
रिलायंस इंडस्ट्रीज की 49वीं एजीएम (AGM) आज, 19 जून 2026 को दोपहर 2:00 बजे से शुरू होगी, जिसे आप लाइव देख सकते हैं। कंपनी के शेयरधारक और आम निवेशक इसे रिलायंस के आधिकारिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग पोर्टल JioEvents पर लॉग-इन करके देख सकते हैं। इसके अलावा, रिलायंस और जियो के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल्स जैसे YouTube (Reliance Updates और Jio चैनल्स), X, Facebook और Instagram पर भी लाइव स्ट्रीम किया जाएगा।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें : NSE IPO : खत्म हुआ 10 साल का इंतजार, जानें कब तक होगी लिस्टिंग, कितने शेयर बिकेंगे?
