बिजनेस

RBI का नया तोहफा! अब बच्चे भी करेंगे डिजिटल पेमेंट, लॉन्च होगा Junio UPI Wallet

डिजिटल पेमेंट को और आसान और सुरक्षित बनाने के लिए RBI ने एक बड़ा फैसला लिया है। अब जल्द ही बच्चों और युवाओं के लिए खास Junio UPI Wallet लॉन्च होने जा रहा है, जिससे बिना बैंक अकाउंट के भी पेमेंट करना संभव होगा। यह कदम बच्चों में फाइनेंशियल लिटरेसी बढ़ाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

Image

UPI Payment Record

टेक्नोलॉजी के इस दौर में आज हर काम डिजिटल हो गया है चाहे बात खाने का ऑर्डर करने की हो या बिजली का बिल भरने की। इसी डिजिटल रफ्तार को और सुरक्षित बनाने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने एक बड़ा कदम उठाया है। आरबीआई ने Junio Payments Pvt Ltd को Prepaid Payment Instruments (PPI) जारी करने की इन-प्रिंसिपल मंजूरी दे दी है। इसका मतलब है कि अब Junio जल्द ही बच्चों और युवाओं के लिए खास डिजिटल UPI वॉलेट लॉन्च करने जा रहा है।

बच्चे भी कर सकेंगे UPI पेमेंट

यह वॉलेट खास इसलिए होगा क्योंकि इससे बच्चे बिना बैंक अकाउंट के भी डिजिटल पेमेंट कर सकेंगे। जूनियो का वॉलेट UPI QR कोड स्कैन करके पेमेंट करने की सुविधा देगा। यह एनपीसीआई के UPI सर्कल इनिशिएटिव से जुड़ा है, जिससे माता-पिता अपने UPI अकाउंट को बच्चों से लिंक कर सकेंगे। इससे बच्चे न सिर्फ पेमेंट करना सीखेंगे, बल्कि फाइनेंशियल लिटरेसी यानी पैसों की समझ भी हासिल करेंगे जैसे खर्च को कंट्रोल करना और बचत की आदत डालना।

जूनियो ऐप को अंकित गेरा और शंकर नाथ ने मिलकर शुरू किया है। यह ऐप बच्चों और युवाओं को जिम्मेदारी से खर्च करने की सीख देता है। माता-पिता इस ऐप से बच्चों को पैसे भेज सकते हैं, खर्च की लिमिट तय कर सकते हैं और हर ट्रांजेक्शन पर रियल टाइम में नजर रख सकते हैं। इतना ही नहीं, ऐप में टास्क रिवॉर्ड्स और सेविंग गोल्स जैसे फीचर भी हैं, जो बच्चों को पैसों की अहमियत सिखाते हैं।

कैसे होगा इस्तेमाल?

जूनियो का RuPay-ब्रांडेड कार्ड भी काफी खास है। यह फिजिकल और वर्चुअल दोनों रूपों में उपलब्ध होगा, जिससे बच्चे ऑनलाइन, ऑफलाइन और टैप-एंड-पे ट्रांजेक्शन कर पाएंगे। कंपनी के मुताबिक, 2 मिलियन से ज्यादा युवा यूजर्स पहले से इस ऐप को इस्तेमाल कर रहे हैं, यानी यह अब लाखों परिवारों तक पहुंच चुका है।

आने वाले महीनों में जूनियो ऐप में और नए फीचर्स जोड़े जाएंगे, जैसे UPI इंटीग्रेशन, सेविंग्स पर रिवॉर्ड पॉइंट्स, ब्रांड वाउचर इंसेंटिव्स और NCMC-सपोर्टेड ट्रांजिट पेमेंट्स, जिससे बस और मेट्रो जैसी सेवाओं के लिए भी कैशलेस पेमेंट आसान हो जाएगा।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article