बिजनेस

2000 रुपये के नोटों पर RBI का बड़ा खुलासा, अगर आपके पास है तो कर लें ये काम

2000 Rupee Notes Update: भारतीय रिजर्व बैंक ने 2,000 रुपये के नोटों पर बड़ा अपडेट देते हुए बताया कि नवंबर में उसके कार्यालयों में 2,000 रुपये के कुल 74 करोड़ रुपये मूल्य के नोट वापस आए। RBI के अनुसार 29 नवंबर तक 2,000 रुपये के 5,743 करोड़ रुपये के नोट अब भी चलन में बचे हैं।

Image

अब भी चलन में 5743 करोड़ के 2000 रुपये के नोट (तस्वीर-istock)

Photo : iStock

2000 Rupee Notes Update : भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने सोमवार को जानकारी दी कि नवंबर महीने में उसके विभिन्न कार्यालयों में 2,000 रुपये के कुल 74 करोड़ रुपये मूल्य के नोट वापस आए। यह प्रक्रिया मई 2023 में नोटों को चलन से हटाने की घोषणा के बाद से लगातार जारी है। न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा के मुताबिक RBI ने बताया कि 29 नवंबर तक 2,000 रुपये के 5,743 करोड़ रुपये के नोट चलन में बचे हैं। अक्टूबर के अंत में यह आंकड़ा 5,817 करोड़ रुपये था।

कब और क्यों हटाए गए थे ये नोट

RBI ने 19 मई 2023 को 2,000 रुपये के नोटों को चलन से हटाने का निर्णय लिया था। जब यह घोषणा हुई थी, उस समय इन नोटों का कुल मूल्य 3.56 लाख करोड़ रुपये था। यह नोट 2016 में बड़ी मात्रा में जारी किए गए थे क्योंकि उस समय पुराने 500 और 1,000 रुपये के नोट बंद किए गए थे। बाद में, जब छोटे मूल्य के नोटों की पर्याप्त उपलब्धता हो गई, तो 2,000 रुपये के नोटों की जरूरत कम हो गई और उन्हें हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई।

जमा और बदलने की सुविधा

शुरुआत में लोगों को 2,000 रुपये के नोट जमा करने या बदलने की सुविधा सात अक्टूबर 2023 तक देश की सभी बैंक शाखाओं में उपलब्ध कराई गई। इसके साथ ही 19 मई 2023 से RBI के 19 निर्गम कार्यालयों में भी इन नोटों को बदलने की सुविधा दी गई। 9 अक्टूबर 2023 से RBI ने एक और सुविधा शुरू की। अब लोग अपने 2,000 रुपये के नोट सीधे RBI कार्यालयों में जमा करवाकर अपने बैंक खाते में पैसे जमा करा सकते हैं। इसके अलावा, कई लोग देश के भीतर भारतीय डाक सेवा के माध्यम से भी नोट RBI के कार्यालयों में भेज रहे हैं, जहां से राशि सीधे उनके बैंक खातों में जमा की जा रही है।

कहां जमा या बदल सकते हैं नोट

RBI के 19 कार्यालय जहां नोट बदले या जमा किए जा सकते हैं। अहमदाबाद, बेंगलुरु, बेलापुर, भोपाल, भुवनेश्वर, चंडीगढ़, चेन्नई, गुवाहाटी, हैदराबाद, जयपुर, जम्मू, कानपुर, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई, नागपुर, नई दिल्ली, पटना और तिरुवनंतपुरम।

नोट अभी भी वैध हैं

सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि 2,000 रुपये के नोट अभी भी वैध मुद्रा हैं। यानी अगर आपके पास यह नोट मौजूद हैं, तो उनके मूल्य को लेकर चिंता की कोई आवश्यकता नहीं है। आप इन्हें RBI कार्यालयों में जमा या बदल सकते हैं, और यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article