आज के डिजिटल युग में क्रेडिट कार्ड (Credit Card) का इस्तेमाल एक जरूरत बन गया है। बैंक अपने ग्राहकों को लुभाने के लिए कई तरह की सुविधाएं देते हैं, जिनमें से एक है 'ऐड-ऑन क्रेडिट कार्ड' (Add-on Credit Card)। यह सुविधा मुख्य कार्डधारक को अपने परिवार के सदस्यों, जैसे जीवनसाथी, बच्चों या माता-पिता के लिए एक एक्स्ट्रा कार्ड लेने की अनुमति देती है। हालांकि, यह सुनने में जितना सुविधाजनक लगता है, इसके पीछे कुछ ऐसी वित्तीय जिम्मेदारियां और जोखिम भी छिपे हैं, जिन्हें नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है। अगर आप भी अपने किसी प्रियजन के लिए ऐड-ऑन कार्ड लेने की सोच रहे हैं, तो इसके नफा-नुकसान को विस्तार से समझना आपके लिए बेहद जरूरी है। आइए आपको इसके फायदे नुकसान बताते हैं...
ऐड-ऑन क्रेडिट कार्ड के फायदे
ऐड-ऑन कार्ड का सबसे बड़ा फायदा यह है कि यह परिवार के उन सदस्यों को भी क्रेडिट की सुविधा देता है जिनकी अपनी कोई नियमित आय नहीं है या जिनका क्रेडिट इतिहास (Credit History) नहीं है। उदाहरण के लिए, कॉलेज जाने वाले बच्चों या घर संभालने वाले जीवनसाथी को आपातकालीन स्थिति में पैसों की कमी नहीं होती। इसके अलावा, ऐड-ऑन कार्ड पर होने वाले सभी खर्चों पर मिलने वाले रिवॉर्ड पॉइंट्स और कैशबैक मुख्य कार्डधारक के खाते में ही जमा होते हैं, जिससे तेजी से पॉइंट्स इकट्ठा करना आसान हो जाता है। एक और बड़ी सुविधा यह है कि मुख्य कार्डधारक को सभी कार्डों के लिए अलग-अलग बिल नहीं भरने पड़ते; सभी खर्चों का एक ही समेकित बिल (Consolidated Bill) आता है, जिससे खर्चों पर नजर रखना और प्रबंधन करना सरल हो जाता है।
इन नुकसानों को न करें नजरअंदाज
सुविधाओं के साथ-साथ ऐड-ऑन कार्ड के साथ कुछ गंभीर वित्तीय जोखिम भी जुड़े होते हैं। सबसे बड़ा जोखिम 'संयुक्त जिम्मेदारी' का है। ऐड-ऑन कार्ड से किया गया हर एक रुपया खर्च करने की अंतिम जिम्मेदारी मुख्य कार्डधारक की होती है। अगर ऐड-ऑन कार्ड इस्तेमाल करने वाला सदस्य बेहिसाब खर्च करता है या समय पर जानकारी नहीं देता, तो इसका सीधा बोझ आपकी जेब पर पड़ेगा। अगर बिल का भुगतान समय पर नहीं होता, तो बैंक भारी ब्याज और लेट फीस वसूलता है, जो आपके वित्तीय बजट को बिगाड़ सकता है।

credit card
क्रेडिट स्कोर पर पड़ने वाला बुरा असर
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि ऐड-ऑन कार्ड की हर गतिविधि का असर आपके 'सिबिल स्कोर' (CIBIL Score) पर पड़ता है। यदि आपका परिवार का सदस्य कार्ड का गलत इस्तेमाल करता है या क्रेडिट सीमा (Credit Limit) का अधिकतम उपयोग कर लेता है, तो आपका क्रेडिट यूटिलाइजेशन रेशियो बढ़ जाता है, जिससे आपका क्रेडिट स्कोर गिर सकता है। ध्यान रहे कि ऐड-ऑन कार्डधारक की गलती की सजा मुख्य कार्डधारक को भुगतनी पड़ती है, जिससे भविष्य में आपको लोन मिलने में कठिनाई हो सकती है। इसके अलावा, कई बैंक ऐड-ऑन कार्ड के लिए सालाना फीस या जॉइनिंग फीस भी वसूलते हैं, जो आपके खर्चों में इजाफा कर देती है।
