बिजनेस

Fed Rate Cut: फेड ने फिर घटाई 0.25% ब्याज दर, 3 साल में सबसे निचले स्तर पर फेडरल फंड्स रेट

Fed Rate Cut: अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने लगातार तीसरी बार प्रमुख ब्याज दर में 0.25 प्रतिशत की कटौती की, लेकिन संकेत दिया कि आने वाले महीनों में दरें स्थिर रह सकती हैं। चेयर जेरोम पॉवेल ने कहा कि फेड अब अर्थव्यवस्था की स्थिति का आकलन करते हुए आगे कटौती से रुकेगा। तिमाही अनुमान में अधिकारियों ने अगले वर्ष सिर्फ एक बार दर घटाने का संकेत दिया है।

Image

फेड ने की ब्याज दरों में कटौती (तस्वीर-AP)

Photo : AP

Fed Rate Cut: अमेरिका के केंद्रीय बैंक, फेडरल रिजर्व (Federal Reserve) ने अपनी बेंचमार्क ब्याज दर में 0.25 प्रतिशत की कटौती की है। इस फैसले के बाद फेडरल फंड्स रेट का नया लक्ष्य दायरा 3.5 से 3.75 प्रतिशत हो गया है, जो पिछले तीन साल से अधिक समय में सबसे निचला स्तर है। इससे पहले यह दर 3.75 से 4 प्रतिशत के बीच थी। CBS News की रिपोर्ट के अनुसार, सितंबर से लेकर अब तक यह फेड की लगातार तीसरी दर कटौती है और इस साल कुल मिलाकर ब्याज दरों में 0.75 प्रतिशत की कमी की गई है।

आर्थिक आंकड़ों में देरी पर भी फेड की नजर कमजोर होती अर्थव्यवस्था पर

हाल में हुई अमेरिकी सरकारी शटडाउन के कारण कई महत्त्वपूर्ण आर्थिक आंकड़ों के जारी होने में देरी हुई है। इसके बावजूद फेड ने रोजगार और मुद्रास्फीति (Inflation) के रुझानों पर करीबी नजर रखी। निजी क्षेत्र के आंकड़े जारी करने वाली संस्था ADP ने बताया कि नवंबर महीने में अमेरिकी कंपनियों ने 32,000 नौकरियां घटाई, जो श्रम बाजार पर दबाव बढ़ने का संकेत है। फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (FOMC) ने अपने बयान में कहा कि भविष्य में ब्याज दरों में और कटौती करने के संबंध में फैसला आने वाले आर्थिक आंकड़ों, आर्थिक संभावनाओं और जोखिमों के संतुलन को देखकर बनाया जाएगा।

2026 में सिर्फ एक दर कटौती की उम्मीद

CBS News के अनुसार, फेड द्वारा जारी नई तिमाही आर्थिक प्रोजेक्शंस में अनुमान लगाया गया है कि 2026 में केवल एक बार ही ब्याज दर में कटौती की जाएगी।

  • फेड ने 2026 के लिए महत्त्वपूर्ण आर्थिक आंकड़ों के अनुमान भी जारी किए हैं।
  • PCE मुद्रास्फीति सूचकांक: 2026 में 2.4% रहने का अनुमान (2025 के 2.9% के मुकाबले कम)
  • आर्थिक वृद्धि (GDP growth): 2026 में 2.3% होने की उम्मीद
  • बेरोजगारी दर: 4.4% पर स्थिर रहने का अनुमान
न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक ऑक्सफोर्ड इकोनॉमिक्स के मुख्य वैश्विक अर्थशास्त्री रायन स्वीट ने कहा है कि इन अनुमानों से यह संकेत मिलता है कि फेड आने वाले समय में लंबे विराम की ओर बढ़ रहा है। उनके अनुसार फेड श्रम बाजार की समस्याओं को ठीक नहीं कर सकता क्योंकि ये मौद्रिक नीति से परे की चुनौतियां हैं।

दर में कटौती से कर्ज और खर्च को बढ़ावा मिलने की उम्मीद

फेड द्वारा की गई यह ताजा कटौती नवंबर 2022 के बाद सबसे कम ब्याज दर है। उस समय फेड महामारी के बाद बढ़ती महंगाई से निपटने के लिए ब्याज दरें लगातार बढ़ा रहा था। कम ब्याज दरों का सीधा असर यह होता है कि व्यवसायों और उपभोक्ताओं के लिए कर्ज लेना सस्ता हो जाता है। कंपनियां ज्यादा भर्ती कर सकती हैं। बाजार में खर्च और निवेश बढ़ता है।

निर्णय में मतभेद: छह साल में सबसे अधिक असहमति

हालिया बैठक में लिया गया यह निर्णय सर्वसम्मति से नहीं हुआ। फेड चेयर जेरोम पॉवेल और आठ सदस्यों ने 0.25 प्रतिशत की कटौती के पक्ष में वोट किया, जबकि तीन सदस्यों ने असहमति जताई। यह पिछले छह वर्षों में सबसे अधिक असहमति वाला फैसला है। ऑस्टन गूल्सबी और जेफ्री श्मिड ब्याज दर को स्थिर रखना चाहते थे। स्टीफन मिरान आधा प्रतिशत (0.5%) की बड़ी कटौती के पक्ष में थे।

फेड में नेतृत्व परिवर्तन की आहट

यह निर्णय ऐसे समय में आया है जब फेड में जल्द ही नेतृत्व परिवर्तन होने वाला है। जेरोम पॉवेल का कार्यकाल मई 2026 में समाप्त हो रहा है और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प जल्द ही उनके उत्तराधिकारी के नाम की घोषणा कर सकते हैं। ClearBridge Investments के जेफ शुल्ज ने कहा कि आने वाली नेतृत्व बदलाव की वजह से पॉवेल के नेतृत्व में लिए गए फैसलों का प्रभाव भविष्य की नीतियों पर पहले की तुलना में कम हो सकता है।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article