बिजनेस

तैयार रखें कैश! आ रहा है एक और धाकड़ IPO, प्राइस बैंड का कल होगा ऐलान

डिजिटल पेमेंट्स का इस्तेमाल आज हर दुकान, शॉपिंग मॉल और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर तेजी से बढ़ रहा है। इसी बीच इस सेक्टर की बड़ी कंपनी Pine Labs अब शेयर बाजार में कदम रखने जा रही है। कंपनी अगले हफ्ते अपना IPO लॉन्च कर रही है। आइए आपको इस आईपीओ की पूरी डिटेल देते हैं।

Ipo Allotment

अगर आप आईपीओ से कमाई करते हैं तो अपनी जेब में पैसा तैयार रखें क्योंकि अगले हफ्ते एक धाकड़ आईपीओ बाजार में आ रहा है जिससे आपको कमाई का मौका मिलने वाला है। दरअसल, नोएडा की मशहूर फिनटेक कंपनी Pine Labs आखिरकार अपना IPO लाने जा रही है। कंपनी अगले हफ्ते यानी 7 नवंबर को अपना इनिशियल पब्लिक ऑफर (IPO) खोल रही है, जो 11 नवंबर तक खुला रहेगा। Pine Labs मुख्य रूप से व्यापारियों और ब्रांड्स को डिजिटल पेमेंट सर्विस देती है। कंपनी पॉइंट ऑफ सेल (POS) मशीन, ऑनलाइन पेमेंट सॉल्यूशन और डिजिटल ट्रांजैक्शन प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराती है। इसके ग्राहक व्यापारी और कंज्यूमर कंपनियां होती हैं। इस IPO का मकसद बाजार से पैसा जुटाकर कर्ज कम करना और नई तकनीक पर निवेश बढ़ाना है।

IPO कब खुलेगा और लिस्टिंग कब होगी

Pine Labs का IPO 7 नवंबर को खुलेगा और 11 नवंबर को बंद होगा। एंकर निवेशकों के लिए यह एक दिन पहले यानी 6 नवंबर को ही खुल जाएगा। शेयर अलॉटमेंट 12 नवंबर को होगा और कंपनी के शेयर 14 नवंबर को NSE और BSE पर लिस्ट हो जाएंगे। कंपनी ने 31 अक्टूबर को अपना रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस SEBI को सौंप दिया है।

कितना पैसा जुटाएगी Pine Labs?

Pine Labs इस IPO से कुल 2,080 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है। इसमें नई इक्विटी शेयरों के जरिए फंड जुटाया जाएगा, साथ ही लगभग 8.23 करोड़ शेयरों की बिक्री Offer For Sale (OFS) के तहत होगी। इस OFS में Peak XV Partners, Actis Pine Labs, PayPal, Mastercard और Sofina Ventures जैसे बड़े निवेशक अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे। कंपनी ने एक शेयर का फेस वैल्यू 1 रुपये तय किया है। IPO में 75% हिस्सेदारी QIB के लिए, 10% रिटेल निवेशकों के लिए और 15% NII के लिए रिज़र्व होगी।

कहां होगा पैसों का इस्तेमाल?

कंपनी जुटाए गए फंड का उपयोग कई जरूरतों में करेगी। इसमें से लगभग 532 करोड़ रुपये कर्ज चुकाने में लगाए जाएंगे। करीब 60 करोड़ रुपये इसकी सहायक कंपनियों में निवेश किए जाएंगे। वहीं 769 करोड़ रुपये आईटी सर्विसेज, क्लाउड सिस्टम और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने में लगाए जाएंगे। शेष राशि कंपनी की सामान्य जरूरतों में इस्तेमाल होगी।

कंपनी का हाल

कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन में भी सुधार देखने को मिला है। वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में Pine Labs की कुल इनकम 22% बढ़कर 653 करोड़ रुपये पहुंच गई, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में यह 535 करोड़ रुपये थी। सबसे खास बात यह है कि कंपनी ने इस बार 4.78 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया है, जबकि पिछले साल इसी अवधि में उसे 27.88 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था। यह कंपनी के बिजनेस में सुधार का मजबूत संकेत है।

लेटेस्ट न्यूज

रिचा त्रिपाठी
रिचा त्रिपाठी Author

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिच... और देखें

End of Article