Dhoni, Madhuri Dixit,Abhishek Bachchan become culprit of PAN Fraud: जालसाजों ने फ्रॉड का एक नया तरीका निकाला है। और इसके शिकार क्रिकेट खिलाड़ी और बॉलीवुड अभिनेता और अभिनेत्री बने हैं। शिकार होने होने वालों की फेहरिस्त में महेंद्र सिंह धोनी,अभिषेक बच्चन, शिल्पा शेट्टी, माधुरी दीक्षित, इमरान हाशमी जैसे सेलेब्स शामिल हैं। जालसाजों ने GSTIN के जरिए पैन कार्ड की डिटेल लेकर एक स्टार्टअप से फर्जी पैन कार्ड बनवा लिए। और फिर 21 लाख रुपये से ज्यादा की खरीदारी कर डाली। अगर ये जालसाज इन सेलेब्स के नाम पर फ्रॉड कर रहे हैं, तो आपको भी सतर्क हो जाना चाहिए, क्योंकि ऐसा आपके साथ भी हो सकता है..
बनवा दिए फर्जी क्रेडिट कार्ड
मामला दिल्ली का है, वहां के शहादरा पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) रोहित मीणा ने बताया कि धोखाधड़ी करने वालों ने अभिषेक बच्चन, शिल्पा शेट्टी, माधुरी दीक्षित, इमरान हाशमी और महेंद्र सिंह धोनी के नाम और उनके डिटेल्स का इस्तेमाल किया है। और अब इस पूरे मामले की जांच जारी है।
सूत्रों के अनुसार जालसाजों के एक गैंग ने कई बॉलीवुड अभिनेताओं और क्रिकेटरों के जीएसटी पहचान नंबर यानी जीएसटीआईएन (जो ऑनलाइन उपलब्ध हैं) से उनके पैन विवरण प्राप्त किए और पुणे आधारित फिनटेक स्टार्टअप ‘वन कार्ड’ से उनके नाम पर क्रेडिट कार्ड बनवाए। और करीब 21.32 लाख रुपये की खरीदारी कर डाली। कंपनी को जब इस फ्रॉड का पता चला तो इसकी जानकारी कंपनी ने तुरंत दिल्ली पुलिस को दी, जिसने कार्रवाई करते हुए मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया।दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने बताया कि पांचों आरोपियों की पहचान पुनीत, मोहम्मद आसिफ, सुनील कुमार, पंकज मिश्रा और विश्व भास्कर शर्मा के तौर पर हुई है।
ऐसे जुटाते थे डिटेल्स
आरोपियों ने गूगल पर मौजूद मशहूर हस्तियों के जीएसटी विवरण का इस्तेमाल किया। उन्हें यह बात पता थी जीएसटीआईएन के पहले दो अंक राज्य का कोड और उसके बाद के 10 अंक पैन नंबर हैं। इसके अलावा इन सेलेब्स की जन्मतिथि भी गूगल पर मौजूद थी। पैन नंबर और जन्मतिथि मिलने से उन्होंने पैन संबंधी जरूरी डिटेल्स हासिल कर लिए। उन्होंने धोखे से पैन कार्ड को फिर से बनवाया और उस पर अपनी तस्वीर लगा दी, ताकि वीडियो सत्यापन के दौरान उनका चेहरा पैन/आधार कार्ड पर उपलब्ध तस्वीर से मेल खा जाए। यानी अभिषेक बच्चन के पैन कार्ड में उनका पैन नंबर और जन्मतिथि थी, लेकिन आरोपियों में से एक की तस्वीर लगी थी। पुलिस को इस बात का शक है कि आरोपियों ने अन्य बैंकों और वित्तीय संस्थानों से भी इस तरह क्रेडिट कार्ड बनाकर फर्जीवाड़ा किया होगा।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
