बिजनेस

पाकिस्तान में स्वतंत्रता दिवस पर जनता को महंगाई का झटका, पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़े

पाकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस पर सरकार ने पेट्रोल और हाई-स्पीड डीजल की कीमतें बढ़ा दी हैं। OGRA की नई अधिसूचना के मुताबिक डीजल 1.16 रुपये और पेट्रोल 45 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ है।

Image

स्वतंत्रता दिवस पर पर पाकिस्तान ने बढ़ाए पेट्रोल-डीजल के दाम

Pakistan Petrol Diesel Price: पाकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस पर देश की जनता को महंगाई का झटका लगा है। सरकार ने देशभर में पेट्रोल और हाई-स्पीड डीजल (HSD) के दाम बढ़ा दिए हैं। पेट्रोलियम उत्पादों की नई कीमतों को लेकर ऑयल एंड गैस रेगुलेटरी अथॉरिटी (OGRA) ने आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। नई कीमतों के अनुसार पेट्रोल 45 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ है, जबकि हाई-स्पीड की कीमत में 1.16 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोत्तरी हुई है।

अब कितनी है पेट्रोल-डीजल की कीमत?

कीमतों में बढ़ोतरी के बाद पाकिस्तान में अब हाई-स्पीड डीजल की कीमत 383.95 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं, पेट्रोल का दाम बढ़कर 325.43 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के हवाले से पाकिस्तानी अखबार डॉन ने बताया कि नई कीमतें लागू कर दी गई हैं।

अप्रैल में 500 रुपये के करीब पहुंच गया था डीजल

मौजूदा कीमतें भले ही 300-400 रुपये प्रति लीटर के आसपास हैं, लेकिन कुछ महीने पहले पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल के दाम इससे कहीं ज्यादा आसमान छू रहे थे। 3 अप्रैल को हाई-स्पीड डीजल की कीमत 520.35 रुपये प्रति लीटर के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गई थी। इससे पहले 28 फरवरी को अमेरिका-ईरान संघर्ष शुरू होने के बाद डीजल करीब 281 रुपये प्रति लीटर था। इसी तरह पेट्रोल की कीमत भी 3 अप्रैल को 458.41 रुपये प्रति लीटर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थी। मार्च के पहले सप्ताह में पेट्रोल करीब 266 रुपये प्रति लीटर था। बाद में अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार में कीमतों में उतार-चढ़ाव के साथ पाकिस्तान में भी ईंधन की कीमतों में बदलाव जारी रहा।

रोजाना तय होती हैं पेट्रोल-डीजल की कीमत

पाकिस्तान सरकार ने तेल की कीमत तय करने के तरीके में भी बदलाव किया है। पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने पहले घोषणा की थी कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगातार उतार-चढ़ाव को देखते हुए अब ईंधन की कीमतें दैनिक आधार पर तय की जाएंगी। सरकार ने ऑयल एंड गैस रेगुलेटरी अथॉरिटी (OGRA) को अंतरराष्ट्रीय बाजार के रुझान के आधार पर रोजाना पेट्रोलियम कीमतों को तय करने की जिम्मेदारी दी है। इससे पहले पाकिस्तान में आम तौर पर हर सप्ताह पेट्रोल और डीजल के दाम की समीक्षा की जाती थी।

डीलर्स एसोसिएशन ने किया विरोध

ईंधन की कीमतें रोजाना तय करने के सरकार के फैसले का ऑल पाकिस्तान डीलर्स एसोसिएशन ने विरोध किया। संगठन ने कहा कि वह इस फैसले के खिलाफ विरोध प्रदर्शन की योजना पर विचार कर सकता है।

पाकिस्तान में फरवरी के अंत से पश्चिम एशिया में बढ़े तनाव के बीच सरकार ईंधन की उपलब्धता को लेकर भी कई कदम उठा चुकी है। तेल की सप्लाई प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए ईंधन बचाने के लिए उपाय भी किए गए थे। अप्रैल में सरकार ने लोगों को राहत देने के लिए सब्सिडी वाले ईंधन की लक्षित राहत योजना की भी घोषणा की थी।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article