बिजनेस

IPO निवेशकों के लिए मौका, अगस्त में Zepto समेत 12 कंपनियां लाएंगी अपना आईपीओ

अगर आप आईपीओ में निवेश करते हैं तो यह खबर आपके लिए है। अगले महीने करीब एक दर्जन कंपनियां अपना आईपीओ लाने जा रही है।

Image

आईपीओ

जुलाई खत्म होने में कुछ दिन शेष बचे हुए हैं। अगस्त में आईपीओ मार्केट में हलचल तेज होने वाली है। अगले महीने Zepto समेत 12 कंपनियां अपना आईपीओ लाने जा रही है। बता दें कि जेप्टो, ट्रूहॉम फाइनेंस और लॉजिस्टिक मंच शिपरॉकेट सहित एक दर्जन से अधिक कंपनियां अपना आईपीओ लाने की तैयारी में हैं। इन कंपनियों के आईपीओ से कुल मिलाकर 25,000 करोड़ रुपये से अधिक राशि जुटाए जाने की उम्मीद है।

आईपीओ में ओएफएस भी शामिल होगा

मर्चेंट बैंकरों के अनुसार, आगामी आईपीओ में नए शेयर जारी करने के साथ-साथ मौजूदा शेयरधारकों की ओर से बिक्री पेशकश (ओएफएस) भी शामिल होगी। इक्विरस कैपिटल के प्रबंध निदेशक और निवेश बैंकिंग प्रमुख भावेश शाह ने कहा कि बाजार में स्थिरता और निवेशकों की बेहतर धारणा के चलते वे कंपनियां भी अब आगे बढ़ रही हैं, जो पहले आईपीओ योजनाओं को टाल रही थीं। सबसे बड़े प्रस्तावित आईपीओ में त्वरित वाणिज्य मंच जेप्टो का नाम प्रमुख है। कंपनी नए शेयर जारी कर 8,010 करोड़ रुपये तक जुटाने की योजना बना रही है। इसके अलावा वह 11.34 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री पेशकश भी लाएगी।

आवास वित्त कंपनी ट्रूहॉम फाइनेंस 3,000 करोड़ रुपये का आईपीओ लाने की तैयारी में है। इसमें 1,500 करोड़ रुपये का नया निर्गम और इतनी ही राशि का ओएफएस शामिल होगा।

वहीं, एलिवेट कैंपसेज 2,550 करोड़ रुपये के आईपीओ के तहत पूरी तरह नए शेयर जारी करेगी। शिपरॉकेट ने 2,342.35 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए दस्तावेज दाखिल किए हैं, जिसमें 1,100 करोड़ रुपये का नया निर्गम और 1,242.35 करोड़ रुपये का ओएफएस शामिल है।

अन्य कंपनियों में इनोवेटिवव्यू इंडिया 2,000 करोड़ रुपये तक और मिल्की मिस्ट डेयरी फूड 1,553 करोड़ रुपये का आईपीओ लाने की तैयारी में हैं। इनके अतिरिक्त धूत ट्रांसमिशन, एआरसीआईएल (एसेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनी ऑफ इंडिया), अर्डी इंडस्ट्रीज, गाजा अल्टरनेटिव एसेट मैनेजमेंट, रेज ऑफ बिलीफ, हाई-टेक इंजीनियर्स, शंकेश ज्वेलर्स और लर्नफ्लूएंस एजुकेशन भी पूंजी बाजार में उतरने की योजना बना रही हैं।

अब तक 36 कंपनियां आईपीओ ला चुकी इस साल

विशेषज्ञों का मानना है कि कंपनियों की बढ़ती आईपीओ गतिविधियां निवेशकों के भरोसे और मजबूत मांग को दर्शाती हैं। इस साल अब तक 36 कंपनियां आईपीओ ला चुकी हैं, जिनमें नौ कंपनियों इसी महीने बाजार में सूचीबद्ध हुई हैं। आने वाले दिनों में मणिपाल हेल्थ एंटरप्राइजेज और जूनिपर ग्रीन एनर्जी के आईपीओ क्रमशः 29 और 30 जुलाई को खुलने वाले हैं। इसके अलावा एमवी इलेक्ट्रोसिस्टम्स भी अगले सप्ताह अपना आईपीओ लाने की तैयारी कर रही हैं।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article